return to news
  1. धनतेरस पर चांदी का सिक्का खरीदते वक्त न हों ठगी का शिकार, ये 5 आसान तरीके बचाएंगे आपका पैसा

बिजनेस न्यूज़

धनतेरस पर चांदी का सिक्का खरीदते वक्त न हों ठगी का शिकार, ये 5 आसान तरीके बचाएंगे आपका पैसा

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 03, 2026, 18:06 IST

सारांश

धनतेरस पर चांदी के सिक्के खरीदते समय मिलावट का खतरा रहता है क्योंकि इस पर हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं है। आप घर बैठे केवल बर्फ, चुंबक, आवाज और वजन की जांच करके असली चांदी की पहचान कर सकते हैं।

dhanteras-silver-coin-purity

धनतेरस पर खरीदे गए चांदी के सिक्कों की शुद्धता घर बैठे बर्फ और चुंबक के आसान टेस्ट से पहचानी जा सकती है।

धनतेरस पर सोने के साथ-साथ चांदी के सिक्के और आभूषण खरीदने की परंपरा पुरानी है। लोग समृद्धि और बरकत के लिए चांदी खरीदते हैं, लेकिन बाजार में मिलावटी सिक्कों का डर भी बना रहता है। दरअसल चांदी पर हॉलमार्किंग पूरी तरह अनिवार्य नहीं है, जिसका फायदा उठाकर मिलावटखोर इसमें तांबा, कैडमियम, निकेल, एल्यूमीनियम और जस्ता जैसी सस्ती धातुएं मिला देते हैं। ऐसे में धनतेरस की खरीदारी में आप ठगी का शिकार न बनें, इसके लिए घर पर ही चांदी की शुद्धता जांचने के कुछ आसान और वैज्ञानिक तरीके बताए गए हैं। केवल बर्फ, चुंबक और सिक्के की आवाज के सहारे आप बिना किसी लैब टेस्ट के असली और नकली चांदी की पहचान कर सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

बर्फ के टुकड़े से करें असली चांदी की पहचान

चांदी की सबसे बड़ी खूबी इसकी अत्यधिक ऊष्मा चालकता है। इस खूबी का टेस्ट आप घर में रखी बर्फ से कर सकते हैं। इसके लिए चांदी के सिक्के पर बर्फ का एक छोटा टुकड़ा रखें। अगर सिक्का शुद्ध चांदी का है, तो बर्फ इतनी तेजी से पिघलेगी जैसे उसे किसी गर्म तवे पर रख दिया गया हो। वहीं अगर सिक्का मिलावटी या नकली है, तो बर्फ सामान्य गति से धीरे-धीरे पिघलेगी। यह साधारण सा दिखने वाला टेस्ट चांदी की असली पहचान करने का सबसे सटीक घरेलू तरीका माना जाता है।

चुंबक और खनकती आवाज का आसान टेस्ट

चांदी एक गैर चुंबकीय धातु है, यानी यह चुंबक की तरफ बिल्कुल आकर्षित नहीं होती। सिक्के की शुद्धता परखने के लिए उसके पास एक शक्तिशाली चुंबक लेकर आएं। अगर सिक्का चुंबक से चिपक जाए, तो समझ लीजिए कि वह पूरी तरह नकली है और उसमें लोहा या निकल मिला है। चुंबक से न चिपकने पर उसके असली होने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा आप सिक्के की खनक से भी परख कर सकते हैं। सिक्के को उंगली पर रखकर किसी धातु से हल्के से थपथपाएं। असली चांदी का सिक्का टकराने पर तीखी और ऊंची गूंज पैदा करता है, जो लगभग 12 सेकंड तक गूंजती है, जबकि नकली सिक्का भारी और सपाट आवाज देता है।

हॉलमार्क और शुद्धता के नंबरों की बारीकी से जांच

सिक्का खरीदते समय उस पर छपे नंबरों को आवर्धक लेंस यानी मैग्निफाइंग ग्लास से ध्यान से देखना चाहिए। प्रमाणित और शुद्ध चांदी के सिक्कों पर उसकी शुद्धता के अंक खुदे होते हैं। आमतौर पर सिक्कों पर 999 यानी 99.9% शुद्धता, 925 यानी स्टर्लिंग सिल्वर या 900 लिखा होता है। इसके साथ ही सिक्के पर बीआईएस हॉलमार्क का त्रिकोण निशान भी हो सकता है। अगर सिक्के पर ऐसी कोई मार्किंग नहीं दिख रही है या वह धुंधली नजर आ रही है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।

चांदी का घनत्व काफी अधिक होता है, इसलिए वजन और आकार का तालमेल देखना जरूरी है। अगर आपने 10 या 20 ग्राम का सिक्का खरीदा है, तो उसे किसी विश्वसनीय सुनार के डिजिटल कांटे पर जरूर तौलें। अगर सिक्के का वजन उसके आकार के अनुपात में काफी हल्का लगे या वजन पूरा करने के लिए सिक्के को असामान्य रूप से मोटा बनाया गया हो, तो उसमें मिलावट हो सकती है। धनतेरस पर इन आसान सावधानियों को अपनाकर आप मिलावटखोरों से बच सकते हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories