return to news
  1. इंश्योरेंस सेक्टर के लिए खास होगा FY27, डिमांड बढ़ाएगी ग्रोथ, कोटक की रिपोर्ट में क्या कुछ?

बिजनेस न्यूज़

इंश्योरेंस सेक्टर के लिए खास होगा FY27, डिमांड बढ़ाएगी ग्रोथ, कोटक की रिपोर्ट में क्या कुछ?

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 14:34 IST

सारांश

भारत में इंश्योरेंस की पहुंच अभी भी कई विकसित अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले कम है। ऐसे में इस सेक्टर के विस्तार की संभावनाएं काफी व्यापक हैं। लोगों की बढ़ती आय, मेडिकल खर्च में इजाफा, परिवारों की वित्तीय सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता और निवेश के प्रति जागरूकता इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की डिमांड बढ़ा रहे हैं।

इंश्योरेंस

इंश्योरेंस मार्केट को लेकर कोटक की रिपोर्ट में क्या कुछ? (Photo: Shutterstock)

भारत का इंश्योरेंस सेक्टर फाइनेंशियल ईयर 2026-27 (FY27) में विकास की नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। देश में इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की बढ़ती डिमांड, लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार, हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस के प्रति बढ़ती जागरूकता इस सेक्टर को मजबूती दे रहे हैं। हालांकि, दूसरी ओर इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े प्रस्तावित नियामकीय बदलाव कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी कर सकते हैं। ANI की खबर के मुताबिक कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट में कहा गया है कि, निकट भविष्य में इन सुधारों का असर कारोबार पर दिखाई दे सकता है, लेकिन लॉन्ग टर्म में ये बदलाव इंश्योरेंस इंडस्ट्री के विकास को गति देने में मददगार साबित हो सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

मजबूत डिमांड बनेगी ग्रोथ का सबसे बड़ा आधार

भारत में इंश्योरेंस की पहुंच अभी भी कई विकसित अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले कम है। ऐसे में इस सेक्टर के विस्तार की संभावनाएं काफी व्यापक हैं। लोगों की बढ़ती आय, मेडिकल खर्च में इजाफा, परिवारों की वित्तीय सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता और निवेश के प्रति जागरूकता इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की डिमांड बढ़ा रहे हैं। खासतौर से टर्म इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस की लोकप्रियता में तेजी आने की संभावना है। अब ग्राहक केवल टैक्स बचाने के लिए इंश्योरेंस पॉलिसी नहीं खरीद रहे, बल्कि भविष्य की वित्तीय सुरक्षा और अचानक आने वाले खर्चों से बचाव को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। कोटक का मानना है कि इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की कीमतों में कमी आने से इनकी मांग को और बढ़ावा मिल सकता है। इससे उन लोगों तक भी इंश्योरेंस सर्विसेज पहुंच सकती हैं, जो अभी तक अधिक प्रीमियम के कारण इनसे दूरी बनाए हुए हैं।

IRDAI के प्रस्तावित सुधार बदल सकते हैं कारोबार का तरीका

इंश्योरेंस सेक्टर में सबसे बड़ा बदलाव भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) के प्रस्तावित डिस्ट्रीब्यूशन रिफॉर्म्स से जुड़ा है। इनका उद्देश्य इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और ग्राहक-केंद्रित बनाना है। प्रस्तावित बदलावों के तहत इंश्योरेंस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को दिए जाने वाले कमीशन और अन्य भुगतान की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा, डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी लागत को कंट्रोल करने और ग्राहकों के हितों को प्राथमिकता देने पर जोर है।

IRDAI ने डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को सरल बनाने के लिए मौजूदा कई कैटेगरियों को तीन व्यापक कैटेगरी में समेटने का प्रस्ताव भी रखा है। इससे बाजार में नए खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ सकते हैं और ग्राहकों को अलग-अलग इंश्योरेंस कंपनियों के प्रोडक्ट्स की तुलना करने में आसानी हो सकती है।

शुरुआत में कंपनियों पर पड़ सकता है दबाव

इन सुधारों का सबसे बड़ा असर उन बैंकों, एनबीएफसी और अन्य संस्थानों पर पड़ सकता है, जो इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की बिक्री से अच्छी-खासी कमाई करते हैं। कमीशन में संभावित बदलाव से उनके रेवेन्यू पर दबाव आने की आशंका है। इसके अलावा, इंश्योरेंस कंपनियों को अपने डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और कारोबार के मॉडल में भी बदलाव करना पड़ सकता है। इस वजह से शुरुआती दौर में बिक्री की रफ्तार प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, लंबे समय में कम डिस्ट्रीब्यूशन लागत का फायदा ग्राहकों तक पहुंच सकता है। सस्ती पॉलिसियां और बेहतर प्रोडक्ट इंश्योरेंस की पहुंच बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।

निवेशकों के लिए लॉन्ग टर्म में मौके

इंश्योरेंस सेक्टर के सामने फिलहाल दो अलग-अलग तस्वीरें हैं। एक तरफ नियामकीय अनिश्चितता और कमीशन में बदलाव की आशंका है, तो दूसरी तरफ मजबूत मांग और कम इंश्योरेंस पहुंच के कारण लंबी अवधि में विकास की बड़ी संभावना मौजूद है। कोटक का नजरिया इस सेक्टर को लेकर सकारात्मक बना हुआ है। ब्रोकरेज के अनुसार, मौजूदा चुनौतियों के बावजूद इंश्योरेंस इंडस्ट्री के बुनियादी विकास कारक मजबूत हैं। कुल मिलाकर, FY27 भारतीय इंश्योरेंस इंडस्ट्री के लिए बदलाव और विस्तार का साल साबित हो सकता है। आने वाले समय में कंपनियों की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि वे नियामकीय बदलावों के अनुरूप खुद को कितनी तेजी से ढालती हैं और ग्राहकों को कितने किफायती व बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराती हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories