return to news
  1. Lado Laxmi Yojana: हरियाणा की अधिक महिलाओं को योजना में लाने की तैयारी, हर महीने मिलते हैं 2100 रुपये

पर्सनल फाइनेंस

Lado Laxmi Yojana: हरियाणा की अधिक महिलाओं को योजना में लाने की तैयारी, हर महीने मिलते हैं 2100 रुपये

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 08, 2026, 16:21 IST

सारांश

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि नई आय सीमा के तहत पात्र महिलाओं के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल जल्द दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना में रजिस्ट्रेशन कराने से महिलाओं की दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता प्रभावित नहीं होगी।

Delhi Lakshmi Yojana

Delhi Lakshmi Yojana: सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट बढ़ाकर ₹6,500 करोड़ कर दिया है।

हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। सरकार ने योजना का लाभ लेने के लिए सालाना पारिवारिक आय की सीमा ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹1.8 लाख कर दी है। इससे अब ज्यादा महिलाएं योजना के लिए पात्र हो सकेंगी। पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,100 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यहां इस योजना के बारे में पूरी जानकारी दी गई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

जल्द फिर खुलेगा रजिस्ट्रेशन पोर्टल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि नई आय सीमा के तहत पात्र महिलाओं के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल जल्द दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना में रजिस्ट्रेशन कराने से महिलाओं की दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता प्रभावित नहीं होगी। सरकार ने यह स्पष्टीकरण विपक्ष की ओर से उठाई गई चिंताओं के बाद दिया है।

योजना का बजट बढ़ाकर ₹6,500 करोड़

सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट बढ़ाकर ₹6,500 करोड़ कर दिया है। इससे पहले योजना के तहत करीब 10 लाख महिलाओं को ₹2,000 करोड़ से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार में उनकी फैसले लेने की क्षमता बढ़ाना है।

संविदा कर्मचारियों के लिए भी बढ़ी समयसीमा

हरियाणा सरकार ने हरियाणा कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉइज (सिक्योरिटी ऑफ सर्विस) एक्ट, 2024 के तहत रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख भी बढ़ा दी है। अब कर्मचारी 30 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके बाद DDO स्तर पर सत्यापन 15 अक्टूबर तक और विभागाध्यक्ष यानी HOD स्तर पर सत्यापन 31 अक्टूबर तक किया जाएगा।

क्या है लाडो लक्ष्मी योजना

दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए शुरू की गई एक बेहद अहम कल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2100 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में (DBT के माध्यम से) दी जाती है।

इसके तहत एक परिवार में जितनी भी पात्र महिलाएं होंगी, उन सभी को अलग-अलग ₹2,100 प्रति माह मिलते हैं। इसके लिए महिला की उम्र 23 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। इसके अलावा महिला हरियाणा की मूल निवासी होनी चाहिए या कम से कम पिछले 15 वर्षों से राज्य में रह रही हो।

5 लाख डेटा सिम और 59 एंबुलेंस की खरीद

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली हाई-पावर्ड परचेज कमेटी ने कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। इनमें छात्रों के टैबलेट के लिए 5 लाख डेटा सिम कार्ड खरीदने का फैसला शामिल है। इसके अलावा नेशनल हेल्थ मिशन के तहत 59 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। इनमें 33 एंबुलेंस दक्षिण हरियाणा और 26 उत्तर हरियाणा के लिए होंगी।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख