return to news
  1. लोन रिकवरी पर इस तारीख से लागू होगा RBI का नया नियम, गलती करने पर लगेगा जुर्माना

पर्सनल फाइनेंस

लोन रिकवरी पर इस तारीख से लागू होगा RBI का नया नियम, गलती करने पर लगेगा जुर्माना

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 08, 2026, 16:41 IST

सारांश

लोन रिकवरी एजेंट अब ग्राहकों को परेशान या धमका नहीं पाएंगे। नए नियमों के मुताबिक सुबह 8 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद कॉल करने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा मोबाइल लोन चुकाने के बाद अगर फोन अनलॉक करने में देरी हुई तो बैंक को हर घंटे 250 रुपये का मुआवजा देना होगा।

laon-rbi-rule-new.webp

भारतीय रिजर्व बैंक ने लोन रिकवरी से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है

बैंक या फाइनेंस कंपनी से लोन लेने के बाद अगर किसी वजह से आपकी किस्त यानी EMI रुक जाती है, तो अब रिकवरी एजेंट आपके साथ बदसलूकी नहीं कर पाएंगे। लोन की वसूली करने वाले एजेंटों की मनमानी और मनमर्जी पर नकेल कसने के लिए नए नियम बनाए गए हैं। इन नियमों का मुख्य मकसद ग्राहकों को मानसिक परेशानी, धमकी और गलत तरीकों से बचाना है। अब रिकवरी एजेंटों को काम करने के लिए तय कायदे-कानूनों का पालन करना ही होगा। ऐसा न करने पर बैंक और रिकवरी एजेंटों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

रिकवरी कॉल का समय हुआ तय

नए नियमों के तहत अब रिकवरी एजेंट किसी भी ग्राहक को बार-बार फोन करके या मैसेज भेजकर परेशान नहीं कर सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सुबह 8 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद कोई भी रिकवरी एजेंट ग्राहक को कॉल नहीं कर सकता है। इतना ही नहीं, एजेंट ग्राहक के परिवार के लोगों, रिश्तेदारों या उसके दोस्तों को भी फोन करके परेशान नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा ग्राहक की निजता यानी प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखना अनिवार्य कर दिया गया है। एजेंट ग्राहक की फोटो, वीडियो या कोई भी व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर डालकर उसे बदनाम करने की कोशिश बिल्कुल नहीं कर सकते हैं।

मोबाइल लोन को लेकर बने कड़े नियम

अगर आपने ईएमआई पर कोई नया मोबाइल फोन खरीदा है और उसकी किस्त बकाया है, तो उसके लिए भी बहुत साफ नियम तय किए गए हैं। अब बैंक या फाइनेंस कंपनी सिर्फ उसी मोबाइल को लॉक कर सकती है, जिसके लिए लोन लिया गया है। किसी दूसरे लोन का बकाया वसूलने के लिए ग्राहक का मोबाइल लॉक नहीं किया जा सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि अगर फोन लॉक भी हो जाता है, तो भी उसमें इनकमिंग कॉल और मैसेज जैसी जरूरी सुविधाएं चालू रहेंगी और उन्हें बंद नहीं किया जा सकता है।

देरी होने पर बैंक देगा मुआवजा

नए नियमों में ग्राहकों के फायदे के लिए मुआवजे का भी प्रावधान रखा गया है। अगर किसी ग्राहक का मोबाइल लोन की किस्त न चुकाने पर लॉक हुआ है और वह बकाया रकम का भुगतान कर देता है, तो कंपनी को एक घंटे के भीतर फोन की सभी सुविधाएं दोबारा चालू करनी होंगी। अगर भुगतान करने के बाद भी फोन को अनलॉक करने में एक घंटे से ज्यादा की देरी होती है, तो बैंक या फाइनेंस कंपनी को 250 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से ग्राहक को मुआवजा देना पड़ेगा।

आईडी कार्ड और शिकायत की सुविधा

अब किसी भी रिकवरी एजेंट के लिए बैंक की तरफ से जारी किया गया आईडी कार्ड और ऑथराइजेशन लेटर अपने पास रखना जरूरी होगा। जब भी कोई एजेंट ग्राहक से मिलने आएगा, तो बैंक को इसकी जानकारी ग्राहक को पहले ही देनी होगी। अगर बैंक रिकवरी करने वाली एजेंसी को बदलता है, तो इसकी सूचना भी ग्राहक को देनी होगी। इसके साथ ही, अगर ग्राहक को एजेंट के व्यवहार से कोई परेशानी होती है, तो बैंक को शिकायत दर्ज करने की सुविधा बनानी होगी। गलत तरीके से रिकवरी किए जाने पर ग्राहक को मुआवजा भी मिलेगा। इन नए नियमों से उन लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी जो रिकवरी एजेंटों की बदसलूकी से परेशान रहते थे।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख