return to news
  1. AI की आंधी में चमकीं ये दो भारतीय कंपनियां, एक को हुई 4 गुना से ज्यादा की कमाई तो दूसरी घाटे से निकली बाहर

मार्केट न्यूज़

AI की आंधी में चमकीं ये दो भारतीय कंपनियां, एक को हुई 4 गुना से ज्यादा की कमाई तो दूसरी घाटे से निकली बाहर

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड October 29, 2026, 12:11 IST

सारांश

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बूम के बीच भारत की दो प्रमुख टेक कंपनियों E2E Networks और नेटवेब टेक्नोलॉजीज के दूसरी तिमाही के नतीजे बेहद शानदार रहे हैं। दोनों की कमाई में तगड़ी ग्रोथ देखी गई है।

शेयर सूची

q2-fy27-results-ai-supercomputing-growth

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और जीपीयू की बढ़ती मांग का फायदा हुआ है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल ने कंप्यूटिंग पावर और जीपीयू की मांग को काफी बढ़ा दिया है। भारत में इंडिया AI मिशन और डेटा लोकलाइजेशन के चलते घरेलू कंप्यूटिंग कंपनियों के लिए नए रास्ते खुले हैं। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही यानी Q2 FY27 के नतीजों में इसका जबरदस्त असर देखने को मिला है। देश की दो प्रमुख कंपनियों, E2E Networks और नेटवेब टेक्नोलॉजीज ने अपने नतीजों से सबको चौंकाया है। जहां E2E Networks घाटे से निकलकर सीधे मुनाफे में आ गई, वहीं नेटवेब टेक्नोलॉजीज के नेट प्रॉफिट में 334.8% का भारी उछाल आया है। दोनों कंपनियां अपनी क्षमता लगातार बढ़ा रही हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

घाटे से निकलकर दर्ज किया 73 करोड़ का नेट प्रॉफिट

क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर E2E Networks ने दूसरी तिमाही में शानदार वापसी की है। कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 410.8% बढ़कर 223.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का EBITDA 18 करोड़ रुपये से बढ़कर 171.5 करोड़ रुपये हो गया और इसका मार्जिन 76.6% रहा। इसके दम पर कंपनी 13 करोड़ रुपये के घाटे से उबरकर 73 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट में आ गई। कंपनी के पास 5,100 क्लाउड GPU का बेड़ा है, जिसमें एनवीडिया हॉपर और ब्लैकवेल B200 शामिल हैं। साथ ही कंपनी ने एक भारतीय सोवरेन AI कंपनी के साथ 1,000 करोड़ रुपये का पक्का करार किया है, जिससे जून 2029 तक रेवेन्यू सुरक्षित हो गया है।

मुनाफे में 334.8% की रिकॉर्ड छलांग

सुपरकंप्यूटिंग और AI सिस्टम बनाने वाली नेटवेब टेक्नोलॉजीज के लिए भी यह तिमाही ऐतिहासिक रही। कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 335.7% बढ़कर 1,323.3 करोड़ रुपये हो गया। कुल रेवेन्यू में AI सिस्टम्स की हिस्सेदारी 58.4% रही, जिसमें 1,068% की तेज ग्रोथ दर्ज हुई। कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA 334% बढ़कर 197.3 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 334.8% बढ़कर 136.7 करोड़ रुपये रहा। रक्षा मंत्रालय और रेलटेल जैसे संस्थान इसके मुख्य ग्राहकों में शामिल हैं। कंपनी मेक इन इंडिया के तहत पूरी तरह भारत में हाई-परफॉरमेंस कंप्यूटिंग हार्डवेयर और सर्वर बनाती है।

मजबूत है इनका ऑर्डर बुक

फ्यूचर ग्रोथ को लेकर दोनों कंपनियों की तैयारी काफी मजबूत है। नेटवेब टेक्नोलॉजीज ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 4,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का टारगेट रखा है। कंपनी के पास 2,629 करोड़ रुपये की कन्फर्म ऑर्डर बुक और 11,151.8 करोड़ रुपये की एक्टिव ऑर्डर पाइपलाइन है। इसके अलावा कंपनी जनवरी 2027 में एनवीडिया के वेरा रूबिन आर्किटेक्चर पर आधारित सिस्टम पेश करेगी। दूसरी तरफ E2E Networks अपने बेड़े में 1,024 नए बी200 जीपीयू जोड़ रही है और TIR एंड जार्विसलैब्स प्लेटफॉर्म के जरिए फुल-स्टैक AI सॉफ्टवेयर कंपनी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

मजबूत नतीजों के चलते दोनों शेयर अपने तीन साल के मीडियन से ऊंचे वैल्यूएशन पर हैं। E2E Networks 27.1 के ईवी/एबिटा पर ट्रेड कर रहा है, लेकिन भारी पूंजीगत खर्च के कारण इसका ROCE माइनस 0.5% है। वहीं नेटवेब टेक्नोलॉजीज 46.4 के ईवी/एबिटा पर है, जिसे इसका 37.5% का मजबूत आरओसीई और 32.8% का आरओई सपोर्ट करता है। आने वाले समय में देखना होगा कि क्या E2E अपने 76% मार्जिन को बनाए रख पाती है और क्या नेटवेब बढ़ती लागत के बीच इस तेज रफ्तार को जारी रख पाती है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories