पर्सनल फाइनेंस

5 min read | अपडेटेड November 27, 2026, 12:56 IST
सारांश
आमतौर पर कर्मचारियों का पीएफ EPFO मैनेज करता है, लेकिन कुछ कंपनियों और संस्थानों को इससे छूट मिली होती है। ऐसे संस्थान अपने कर्मचारियों के पीएफ के लिए अलग ट्रस्ट बनाकर उसका प्रबंधन कर सकते हैं। इन्हें एक्सेम्प्टेड एस्टैब्लिशमेंट कहा जाता है।

मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि पैसा किन निवेश विकल्पों में और कितनी सीमा तक लगाया जा सकता है।
कर्मचारियों के पीएफ का पैसा कहां और कैसे निवेश किया जाएगा, इसे लेकर श्रम मंत्रालय ने नियमों में बदलाव किया है। इसका असर उन कंपनियों पर पड़ेगा, जो EPFO के बजाय अपने बनाए हुए ट्रस्ट के जरिए कर्मचारियों का प्रोविडेंट फंड मैनेज करती हैं। नए नियमों के तहत ऐसे ट्रस्ट अब पीएफ की कुल रकम का 5% से 15% हिस्सा इक्विटी यानी शेयर बाजार से जुड़े विकल्पों में लगा सकेंगे। मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि बाकी पैसा किन निवेश विकल्पों में और कितनी सीमा तक लगाया जा सकता है। साथ ही, पीएफ का पैसा ट्रांसफर और निवेश करने की समयसीमा भी तय की गई है।
इस संबंध में मंत्रालय ने 20 नवंबर को गजट नोटिफिकेशन जारी किया। इसके साथ ही 29 मई 2015 को जारी पुरानी अधिसूचना को उसकी जगह लागू नए नियमों के साथ बदल दिया गया है। हालांकि, पुराने नियमों के तहत पहले हो चुके काम या कार्रवाई पर इसका असर नहीं होगा।
आमतौर पर कर्मचारियों का पीएफ EPFO मैनेज करता है, लेकिन कुछ कंपनियों और संस्थानों को इससे छूट मिली होती है। ऐसे संस्थान अपने कर्मचारियों के पीएफ के लिए अलग ट्रस्ट बनाकर उसका प्रबंधन कर सकते हैं। इन्हें एक्सेम्प्टेड एस्टैब्लिशमेंट कहा जाता है।
इन ट्रस्ट की जिम्मेदारी कर्मचारियों का पीएफ जमा करने, उस पैसे का निवेश करने, जरूरत पड़ने पर निकासी की व्यवस्था करने और खाते में ब्याज जोड़ने की होती है। हालांकि, कर्मचारियों को मिलने वाले फायदे EPF स्कीम के बराबर या उससे बेहतर होने चाहिए।
कंपनी को हर महीने कर्मचारियों और अपनी तरफ से जमा होने वाला पीएफ का पैसा महीने के खत्म होने के 15 दिनों के भीतर संबंधित ट्रस्ट के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को ट्रांसफर करना होगा। इसके बाद ट्रस्ट को पैसा मिलने के दो सप्ताह के भीतर उसे तय निवेश नियमों के अनुसार निवेश करना होगा। यानी कंपनी पीएफ का पैसा अपने पास लंबे समय तक नहीं रख सकती और ट्रस्ट भी उसे बिना निवेश किए नहीं छोड़ सकता।
मंत्रालय ने पीएफ ट्रस्ट के लिए निवेश का एक तय दायरा निर्धारित किया है। इसके तहत कुल फंड का 45% से 65% हिस्सा सरकारी सिक्योरिटीज और उनसे जुड़े निवेश में लगाया जा सकता है। डेट इंस्ट्रूमेंट्स में 35% से 45% तक निवेश की अनुमति है, जबकि शॉर्ट टर्म डेट इंस्ट्रूमेंट्स की सीमा 5% रखी गई है। इक्विटी और उससे जुड़े विकल्पों में 5% से 15% तक पैसा लगाया जा सकेगा। वहीं, एसेट-बैक्ड, ट्रस्ट-स्ट्रक्चर्ड और अन्य निवेश की अधिकतम सीमा 5% होगी।
ट्रस्ट BSE और NSE पर लिस्टेड उन कंपनियों के शेयर खरीद सकेंगे, जिनका मार्केट कैपिटलाइजेशन कम से कम 5,000 करोड़ रुपये है। इन शेयरों पर आधारित डेरिवेटिव्स का कारोबार भी संबंधित एक्सचेंज पर होना चाहिए। इसके अलावा Sensex और Nifty 50 को ट्रैक करने वाले ETF और इंडेक्स फंड में निवेश किया जा सकेगा। इक्विटी म्यूचुअल फंड में कुल पोर्टफोलियो का अधिकतम 5% ही लगाया जा सकेगा।
पीएफ फंड में जो नया पैसा आएगा, उसे ऊपर बताई गई पांच कैटेगरी में ही निवेश करना होगा। हर कैटेगरी के लिए तय अधिकतम और न्यूनतम सीमा का पालन करना जरूरी है। नए निवेश के लिए उपलब्ध रकम में पहले से बिना निवेश पड़ा पैसा, कर्मचारियों का योगदान, डिविडेंड, ब्याज, कमीशन और पुराने निवेश के मैच्योर होने पर मिली रकम शामिल होगी। इसमें से जरूरी खर्च और निकासी घटाने के बाद बची रकम को नए निवेश के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
अगर ट्रस्ट किसी शेयर या दूसरी संपत्ति को बेचता है, या निवेश की मैच्योरिटी से पहले उसे बाहर निकलकर पैसा प्राप्त करता है, तो उस रकम को भी तय कैटेगरी में दोबारा निवेश किया जा सकता है। लेकिन हर कैटेगरी की निवेश सीमा का पालन करना जरूरी होगा। अगर किसी बॉन्ड या दूसरी सिक्योरिटी की रेटिंग निवेश करने के समय तय न्यूनतम स्तर से नीचे गिर जाती है, तो ट्रस्ट को उससे बाहर निकलने के विकल्प पर विचार करना होगा। इस फैसले में कर्मचारियों यानी पीएफ के सदस्यों के हित को प्राथमिकता दी जाएगी।
ट्रस्ट के पोर्टफोलियो का टर्नओवर रेशियो उसकी औसत वैल्यू के दोगुने से ज्यादा नहीं हो सकता। अगर किसी निवेश की क्रेडिट रेटिंग तय न्यूनतम स्तर से नीचे चली जाती है, तो ट्रस्ट को कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखते हुए उससे बाहर निकलने पर विचार करना होगा।
इसके अलावा निवेश से जुड़े जोखिमों की जांच करना और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी होगा। किसी एक कंपनी, कॉरपोरेट ग्रुप या सेक्टर में जरूरत से ज्यादा पैसा लगाने की अनुमति नहीं होगी। ट्रस्ट को निवेश प्रबंधन का खर्च भी नियंत्रित रखना होगा और म्यूचुअल फंड व ETF पर दोहरा शुल्क लगने से बचाना होगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख