return to news
  1. डिलीवरी ब्वॉय और कैब ड्राइवर्स के लिए बड़ी खुशखबरी, EPFO के इस नए प्रस्ताव से लाखों वर्कर्स की होगी चांदी

पर्सनल फाइनेंस

डिलीवरी ब्वॉय और कैब ड्राइवर्स के लिए बड़ी खुशखबरी, EPFO के इस नए प्रस्ताव से लाखों वर्कर्स की होगी चांदी

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 26, 2026, 17:45 IST

सारांश

EPFO ने रिटायरमेंट बचत को बढ़ावा देने के लिए एक नया प्रस्ताव पेश किया है। इसके तहत अब ग्राहकों से मिलने वाली टिप, गिफ्ट और छोटे कैश रिवॉर्ड सीधे वर्कर्स के पीएफ खाते में जमा हो सकेंगे।

epfo-new-proposal-third-party-micro-

EPFO के नए प्रस्ताव के बाद अब ग्राहकों से मिलने वाली छोटी-छोटी टिप भी सीधे वर्कर्स के पीएफ अकाउंट में जमा होकर बड़ा फंड तैयार कर सकेंगी।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने लोगों की रिटायरमेंट बचत को बढ़ाने के लिए एक बेहद अनोखा और नया प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव के तहत अब थर्ड पार्टी के जरिए होने वाले छोटे योगदान, जिनमें ग्राहकों से मिलने वाली टिप भी शामिल है, सीधे वर्कर्स के प्रोविडेंट फंड यानी PF खाते में जा सकेंगे। अभी तक पीएफ में पैसा जमा करने का तरीका केवल नौकरीपेशा लोगों तक ही सीमित था, जहां हर महीने कर्मचारी की सैलरी से एक हिस्सा कटता है और उतना ही योगदान कंपनी की तरफ से दिया जाता है। लेकिन अब यह नई सुविधा पारंपरिक सैलरी और एम्प्लॉयर सिस्टम से हटकर काम करेगी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है EPFO का नया प्रस्ताव?

श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा 19 नवंबर को जारी एक आधिकारिक जानकारी के मुताबिक EPFO ने अपनी 240वीं सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की बैठक में पीएफ योगदान को ज्यादा आसान बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसमें यूनिवर्सल अकाउंट नंबर यानी UAN से जुड़े ऐसे सिस्टम की बात कही गई है, जिसके जरिए लोग अपनी इच्छा से सीधे पैसे जमा कर सकेंगे और थर्ड पार्टी माइक्रो कंट्रीब्यूशन भी संभव हो पाएगा। UAN 12 अंकों का एक खास नंबर होता है जो EPFO हर सदस्य को देता है। मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद EPF स्कीम में जरूरी बदलाव किए जाएंगे और इसके लिए वित्त मंत्रालय के साथ मिलकर इनकम टैक्स एक्ट में भी संशोधन की प्रक्रिया चल रही है।

कैसे काम करेगा थर्ड पार्टी कंट्रीब्यूशन?

एक्सपर्ट की मानें तो इस प्रस्तावित सुविधा से पीएफ सदस्य या कंपनी के अलावा अन्य लोग भी यूएएन से जुड़े खाते में छोटी रकम सीधे भेज सकेंगे। इसके लिए कंपनी के पेरोल या इलेक्ट्रॉनिक चालान कम रिटर्न सिस्टम की जरूरत नहीं होगी। ग्राहकों की टिप के अलावा इसमें पैसों के गिफ्ट, छोटे कैश रिवॉर्ड और काम की तारीफ में दी जाने वाली रकम भी शामिल हो सकती है। परिवार के सदस्य, क्लाइंट, शुभचिंतक, सीएसआर पहल और सर्विस प्लेटफॉर्म के इंसेंटिव भी सीधे UAN खाते में जा सकेंगे। इससे बिना फिक्स सैलरी वाले लोग भी अपनी क्षमता के हिसाब से किसी महीने 500 रुपये तो किसी महीने 2,000 रुपये बचा सकेंगे।

छोटी टिप से बनेगा लाखों का फंड

इसे एक उदाहरण से समझते हैं, जब ग्राहक ऑनलाइन खाना मंगाते हैं या कैब बुक करते हैं, तो वे अक्सर 20 या 50 रुपये की टिप देते हैं। नए सिस्टम में यह पूरी टिप या इसका एक हिस्सा सीधे वर्कर के पीएफ खाते में जा सकता है। यह छोटी बचत लंबे समय में एक बड़ा फंड बन सकती है। उदाहरण के लिए अगर कोई डिलीवरी वर्कर महीने में 25 दिन रोजाना 50 रुपये बचाता है, तो साल भर में 15,000 रुपये जमा होंगे। 20 साल में यह कुल निवेश 3 लाख रुपये होगा और 8.25% के सालाना ब्याज के हिसाब से यह रकम बढ़कर करीब 7.4 लाख रुपये हो सकती है।

किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

इस योजना के लागू होने पर असंगठित क्षेत्र और गिग इकोनॉमी से जुड़े करोड़ों लोगों को सामाजिक सुरक्षा मिल सकेगी। सोशल सिक्योरिटी कोड 2020 में भी ऐसे वर्कर्स को मान्यता दी गई है, हालांकि इसका दायरा केवाईसी, यूएएन रजिस्ट्रेशन और ई-श्रम नियमों के तहत तय होगा। अगर इस सुविधा को मौजूदा ईपीएफ सदस्यों से आगे बढ़ाया जाता है, तो इसका सीधा लाभ ऐप बेस्ड फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी पार्टनर्स, कैब और ऑटो ड्राइवर्स, बाइक टैक्सी राइडर्स, ब्यूटीशियन, सैलून प्रोफेशनल्स और घर पर सेवा देने वाले वर्कर्स को मिलेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, कारपेंटर, घरेलू कामगार, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, रेहड़ी-पटरी वाले छोटे दुकानदार, फ्रीलांस राइटर, डिजाइनर, फोटोग्राफर, आईटी प्रोफेशनल्स, स्वतंत्र सलाहकार, ट्यूटर और फिटनेस ट्रेनर्स भी इस सुविधा के जरिए अपना फ्यूचर सुरक्षित कर पाएंगे।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories