return to news
  1. एक ही फंड में इक्विटी, डेट और गोल्ड का तड़का, जानें कैसे काम करते हैं मल्टी एसेट एलोकेशन फंड का मैथ?

पर्सनल फाइनेंस

एक ही फंड में इक्विटी, डेट और गोल्ड का तड़का, जानें कैसे काम करते हैं मल्टी एसेट एलोकेशन फंड का मैथ?

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 27, 2026, 13:39 IST

सारांश

पिछले दो सालों में भारतीय शेयर बाजार का प्रदर्शन सुस्त रहा है, जबकि सोना और चांदी की कीमतों में लगभग दोगुना उछाल आया है। ऐसे माहौल में मल्टी एसेट एलोकेशन फंड्स निवेशकों के लिए एक बेहतर विकल्प बनकर उभरे हैं, जो एक ही स्कीम के जरिए इक्विटी, डेट और कमोडिटी में निवेश की सुविधा देते हैं।

multi-asset-allocation-funds-performance-gold-

नवंबर 2024 से नवंबर 2026 के बीच निफ्टी 50 में करीब चार% की गिरावट आई है।

भारतीय शेयर बाजार ने पिछले करीब दो सालों से बेहद सुस्त रिटर्न दिया है। नवंबर 2024 से नवंबर 2026 के बीच निफ्टी 50 इंडेक्स 24,304.35 से गिरकर 23,440.80 पर आ गया यानी इसमें करीब 3.55% की गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी ओर इसी अवधि के दौरान सोने और चांदी की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस दौरान सोना 8,056 रुपये प्रति ग्राम से 73% उछलकर 13,937 रुपये प्रति ग्राम और चांदी 97 रुपये प्रति ग्राम से 70.01% बढ़कर 165 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गई। वहीं डॉलर भी 84.10 रुपये से 12.8% मजबूत होकर 94.87 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या होते हैं मल्टी एसेट एलोकेशन फंड्स?

बाजार नियामक सेबी के नियमों के अनुसार एक मल्टी एसेट एलोकेशन फंड को कम से कम तीन अलग-अलग एसेट क्लास में से प्रत्येक में न्यूनतम 10% निवेश करना अनिवार्य होता है। इस तय सीमा के बाद फंड हाउस के पास यह आजादी होती है कि वे अपने फंड का पोर्टफोलियो किस तरह तैयार करते हैं। उदाहरण के लिए कोई फंड अपने कुल पैसे का 70% हिस्सा इक्विटी में, 15% डेट में और 15% सोना-चांदी में लगा सकता है। वहीं दूसरी स्कीम 40% इक्विटी, 20% डेट और 40% कमोडिटी में निवेश कर सकती है।

कैसा रहा है टॉप स्कीम्स का प्रदर्शन?

इस कैटेगरी में कुल 37 फंड मौजूद हैं, जिनमें से कम से कम तीन साल का ट्रैक रिकॉर्ड और 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक AUM वाली 14 प्रमुख स्कीम्स का एनालिसिस किया गया है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी AMFI के 25 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक एक साल की अवधि में इन फंड्स के रिटर्न में बड़ा अंतर देखा गया है, जो 0.80% से लेकर करीब 8.73% तक रहा है। एक साल के डायरेक्ट रिटर्न के मामले में आदित्य बिड़ला सन लाइफ मल्टी एसेट एलोकेशन फंड 8.73% के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद DSP मल्टी एसेट एलोकेशन फंड ने 7.88%, कोटक मल्टी एसेट एलोकेशन फंड ने 7.29% और क्वांट मल्टी एसेट एलोकेशन फंड ने 6.90% का रिटर्न दिया। हालांकि तीन साल के सालाना रिटर्न पर नजर डालें तो क्वांट मल्टी एसेट एलोकेशन फंड 18.63% के साथ टॉप पर रहा, जबकि DSP ने 17.10% और निप्पॉन इंडिया ने 17.03% का शानदार रिटर्न दिया है। AUM के लिहाज से आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल मल्टी एसेट एलोकेशन फंड 86,512.48 करोड़ रुपये के साथ सबसे बड़ा फंड है।

कहां पैसा लगाती हैं ये स्कीम्स?

एमएफ एनालाइजर के 31 अक्टूबर 2026 तक के डेटा के अनुसार, एनालाइज की गई 14 स्कीम्स में से करीब 10 स्कीम्स का इक्विटी में निवेश 60% या उससे अधिक है। टाटा मल्टी एसेट एलोकेशन फंड में सबसे ज्यादा 73.89% हिस्सा इक्विटी में लगा है, जबकि कोटक में 70.30%, बड़ौदा बीएनपी पारिबा में 68.86% और HDFC में 67.87% निवेश इक्विटी में है। दूसरी ओर एडलवाइस मल्टी एसेट एलोकेशन फंड में डेट का हिस्सा सबसे ज्यादा 55.62% और इक्विटी 21.02% है। वहीं व्हाइटओक कैपिटल ने 33.58% डेट, 28.35% इक्विटी और 19.94% रीट्स व इनविट्स में निवेश किया है। इसके अलावा कई फंड्स ने सोना, चांदी और विदेशी शेयरों में भी संतुलित निवेश कर पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाई किया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories