पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड July 08, 2026, 13:46 IST
सारांश
ईपीएफओ 3.0 को लेकर सोशल मीडिया पर UPI और ATM से तुरंत PF निकालने के कई दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, यह सुविधा अभी लाइव नहीं हुई है। इस नए सिस्टम में सिर्फ पैसे ट्रांसफर होने की स्पीड बदलेगी, लेकिन पीएफ निकालने के नियम और जरूरी डॉक्यूमेंट्स पहले जैसे ही रहेंगे।

ईपीएफओ 3.0 के तहत पीएफ ट्रांसफर और निकासी की नई तकनीक को लेकर बड़ा खुलासा। | Image: Shutterstock.
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFo के नए अपग्रेड ईपीएफओ 3.0 को लेकर नौकरीपेशा लोगों के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर यह दावा किया जा रहा है कि अब पीएफ का पैसा एटीएम और UPI के जरिए तुरंत निकाला जा सकेगा। इस नए बदलाव से देश के 30 करोड़ से ज्यादा ईपीएफ मेंबर्स को फायदा होने की बात कही जा रही है। लेकिन इस बीच इंटरनेट पर कई ऐसी बातें भी फैलाई जा रही हैं जो पूरी तरह सच नहीं हैं या जिनमें सही जानकारी की कमी है। ऐसे में किसी भी अफवाह का शिकार होने से बचने के लिए EPFO 3.0 से जुड़े बड़े सच को जानना बेहद जरूरी है। हकीकत यह है कि नया सिस्टम केवल पैसे ट्रांसफर करने की स्पीड को बढ़ाएगा, लेकिन पीएफ निकालने की योग्यता और जरूरी नियमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा पहला बड़ा भ्रम यह है कि UPI के जरिए पीएफ निकालने की सुविधा शुरू हो चुकी है। सच यह है कि EPFO ने इस सुविधा की घोषणा जरूर की है, लेकिन यह अभी लाइव नहीं हुई है। संगठन की तरफ से इसे लॉन्च करने की कोई ऑफिशियल तारीख भी नहीं बताई गई है। जब तक यह नया सिस्टम पूरी तरह चालू नहीं हो जाता, तब तक पुरानी प्रक्रिया के तहत ही पीएफ का पैसा निकाला जाएगा। इसके साथ ही कुछ लोग मान रहे हैं कि वे इस नए सिस्टम से अपने पीएफ का पूरा बैलेंस एक झटके में निकाल सकेंगे। यह भी एक बड़ी अफवाह है क्योंकि पैसे निकालने के मौजूदा नियम ही आगे भी लागू रहेंगे। EPFO ने UPI या एटीएम से निकासी के लिए कोई अलग से लिमिट तय नहीं की है, आप केवल उतना ही पैसा निकाल पाएंगे जितने की अनुमति मौजूदा नियम देते हैं।
लोगों को लग रहा है कि EPFO 3.0 सिर्फ तेजी से पैसे निकालने के लिए लाया जा रहा है। असल में यह EPFO के भीतर होने वाला एक बड़ा तकनीकी बदलाव है। इसके तहत पूरे संगठन को एक बैंकिंग स्टाइल आईटी प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर किया जा रहा है। इस सुधार में ऑटो सेटलमेंट की लिमिट को बढ़ाकर 5 लाख रुपये करना, एक सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम बनाना और एम्प्लॉयर्स के लिए रिटर्न फाइलिंग को आसान करना शामिल है। इन सभी बैकएंड बदलावों का मकसद काम में लगने वाले समय को कम करना और सर्विस को बेहतर बनाना है। इसके अलावा मौजूदा मेंबर्स को नया अकाउंट खोलने की भी कोई जरूरत नहीं है। ईपीएफ स्कीम 2026 के तहत पुराने मेंबर्स का अकाउंट बिना किसी रुकावट के नए सिस्टम में अपने आप कंटिन्यू हो जाएगा और उनकी जमा पूंजी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
कुछ अफवाहों में यह भी कहा जा रहा है कि नई स्कीम में पीएफ के अनिवार्य योगदान के नियम बदल जाएंगे। यह बात भी पूरी तरह गलत है। कर्मचारी और एम्प्लॉयर दोनों पहले की तरह ही सैलरी का 12% योगदान जारी रखेंगे, जो कि 15,000 रुपये प्रति महीने की तय लिमिट के आधार पर होगा। जो कर्मचारी अपने फ्यूचर के लिए बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, वे अपनी मर्जी से वॉलंटरी प्रोविडेंट फंड यानी VPF के जरिए ज्यादा निवेश कर सकते हैं। इस अतिरिक्त निवेश को कर्मचारी अपनी वित्तीय स्थिति के हिसाब से बाद में बढ़ा, घटा या बंद भी कर सकते हैं।
लोगों का सोचना है कि नया सिस्टम आने के बाद पीएफ क्लेम रिजेक्ट होना बंद हो जाएगा। EPFO की हालिया एनुअल रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि साल 2024-25 के दौरान फाइल किए गए लगभग हर पांच में से एक क्लेम को रिजेक्ट किया गया है। क्लेम फेल होने की सबसे बड़ी वजह केवाईसी रिकॉर्ड का गलत होना है। आधार, पैन, यूएएन, बैंक अकाउंट नंबर, नाम या जन्मतिथि में गड़बड़ी होने पर सिस्टम पैसा ट्रांसफर नहीं कर पाएगा। इसलिए ईपीएफ स्कीम 2026 में सही रिकॉर्ड रखने पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है। नए नियमों में बीमारी, पढ़ाई, शादी और घर के लिए आंशिक निकासी की सुविधा बनी रहेगी। सफल क्लेम के लिए तकनीक से ज्यादा जरूरी यह है कि मेंबर्स अपने सभी रिकॉर्ड को पूरी तरह अपडेट रखें।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख