return to news
  1. Dussehra 2026: दशहरे पर पैसों से जुड़ी इन गलतियों से करें तौबा, वरना बिगड़ सकता है आपका बजट

पर्सनल फाइनेंस

Dussehra 2026: दशहरे पर पैसों से जुड़ी इन गलतियों से करें तौबा, वरना बिगड़ सकता है आपका बजट

Upstox

4 min read | अपडेटेड October 20, 2026, 14:34 IST

सारांश

त्योहारों के मौसम में खरीदारी, घूमने-फिरने और जश्न पर खर्च बढ़ना आम बात है। हालांकि खर्च पर नियंत्रण न रखना, निवेश में देरी करना, गैर-जरूरी कर्ज लेना और सोशल मीडिया की सलाह पर आंख बंद करके भरोसा करना ऐसी आदतें हैं, जो आर्थिक तरक्की में रुकावट बन सकती हैं।

Dussehra

अचानक बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में इलाज का खर्च आपकी बचत पर बड़ा असर डाल सकता है।

दशहरा सिर्फ रावण पर भगवान राम की जीत का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अपनी जिंदगी की बुरी आदतों को छोड़ने का मौका भी है। इस साल 20 अक्टूबर को दशहरा मनाया जा रहा है। जिस तरह हम बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाते हैं, उसी तरह अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पैसों से जुड़ी गलत आदतों को छोड़ना भी जरूरी है। त्योहारों के मौसम में खरीदारी, घूमने-फिरने और जश्न पर खर्च बढ़ना आम बात है। हालांकि खर्च पर नियंत्रण न रखना, निवेश में देरी करना, गैर-जरूरी कर्ज लेना और सोशल मीडिया की सलाह पर आंख बंद करके भरोसा करना ऐसी आदतें हैं, जो आर्थिक तरक्की में रुकावट बन सकती हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सोशल मीडिया देखकर निवेश करने से बचें

आजकल सोशल मीडिया पर शेयर बाजार और निवेश से जुड़े कई तरह के दावे किए जाते हैं। कुछ लोग किसी शेयर से जल्द मोटा मुनाफा कमाने या कम समय में पैसा दोगुना करने की बात करते हैं। ऐसी बातों से प्रभावित होकर बिना जांच-पड़ताल के निवेश करना नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए निवेश से पहले जानकारी की पुष्टि करें, जोखिम समझें और जरूरत पड़ने पर योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद लें।

त्योहार के नाम पर बजट न बिगाड़ें

दशहरा और दूसरे त्योहारों पर खरीदारी करना अच्छा लगता है, लेकिन डिस्काउंट और आकर्षक ऑफर देखकर गैर-जरूरी चीजें खरीदना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। कई बार सस्ती चीज खरीदने के चक्कर में भी जरूरत से ज्यादा पैसा खर्च हो जाता है। इससे बचने के लिए खरीदारी से पहले बजट तय करें। जरूरी सामान की सूची बनाएं और सिर्फ ऑफर मिलने के कारण कोई चीज न खरीदें।

हेल्थ इंश्योरेंस को नजरअंदाज न करें

अचानक बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में इलाज का खर्च आपकी बचत पर बड़ा असर डाल सकता है। अगर आपके पास पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है, तो ऐसी स्थिति में कर्ज लेने की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए अपनी और परिवार की जरूरतों के हिसाब से इंश्योरेंस कवर की समीक्षा करें। जीवन बीमा की जरूरत हो, तो परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखकर सही कवर चुनें।

जल्दी मुनाफे के चक्कर में न करें ट्रेडिंग

शेयर बाजार में कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाह लोगों को बार-बार ट्रेडिंग करने या बिना पर्याप्त जानकारी के जोखिम लेने के लिए प्रेरित कर सकती है। लेकिन बाजार में मुनाफे की कोई गारंटी नहीं होती। गलत फैसलों से आपकी पूंजी को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए निवेश करते समय अपने वित्तीय लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखें। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लें।

बचत को कल पर टालने की आदत छोड़ें

कई लोग हर महीने पहले खर्च करते हैं और फिर बची हुई रकम को बचाने के बारे में सोचते हैं। इस तरीके से अक्सर बचत नहीं हो पाती। बेहतर है कि कमाई मिलते ही एक तय रकम बचत और निवेश के लिए अलग रख दें। साथ ही, इमरजेंसी फंड तैयार करें, ताकि नौकरी जाने, बीमारी या किसी अचानक खर्च के समय आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

शौक पूरे करने के लिए बार-बार कर्ज न लें

महंगे गैजेट, कपड़े या दूसरी चीजें खरीदने के लिए लोन लेना आसान लग सकता है, लेकिन इससे भविष्य की कमाई पर बोझ बढ़ जाता है। खासकर क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर नहीं चुकाने पर भारी ब्याज देना पड़ सकता है। जरूरत के बिना कर्ज लेने से बचें और खरीदारी से पहले सोचें कि क्या आप उस खर्च को अपनी कमाई से पूरा कर सकते हैं। लगातार कर्ज बढ़ने से बचत प्रभावित हो सकती है और क्रेडिट स्कोर पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

पैसों से जुड़ी आदतें एक दिन में नहीं बदलतीं, लेकिन छोटी शुरुआत लंबे समय में बड़ा बदलाव ला सकती है। इस दशहरे पर अपने खर्चों को व्यवस्थित करने, नियमित बचत करने, पर्याप्त इंश्योरेंस रखने और सोच-समझकर निवेश करने का संकल्प लें। इससे न केवल गैर-जरूरी खर्चों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी, बल्कि भविष्य के वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने की राह भी आसान हो सकती है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख