return to news
  1. दिवाली के खर्च ने बिगाड़ा घर का बजट? 2027 में बचत बढ़ाने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके

पर्सनल फाइनेंस

दिवाली के खर्च ने बिगाड़ा घर का बजट? 2027 में बचत बढ़ाने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 12, 2026, 16:45 IST

सारांश

साल 2026 भी अब खत्म होने की ओर है। ऐसे में यह सही समय है कि आप अपने खर्चों की समीक्षा करें, कर्ज कम करें और बचत को दोबारा पटरी पर लाएं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 2027 में अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए आप पांच जरूरी कदम उठा सकते हैं।

Budget

अगर आपने दिवाली के खर्च क्रेडिट कार्ड से किए हैं, तो सबसे पहले उसका बकाया चुकाने की कोशिश करें।

दिवाली का पांच दिनों तक चलने वाला त्योहार भाई दूज के साथ 11 नवंबर को खत्म हो गया है। इस दौरान कई घरों में कपड़ों, मिठाइयों, खाने-पीने और गिफ्ट पर जमकर खर्च हुआ होगा। कुछ लोगों ने त्योहार की खरीदारी के लिए क्रेडिट कार्ड, ईएमआई या दूसरे तरीकों से उधार भी लिया होगा। अब त्योहार खत्म होने के बाद कई लोग अपने खर्चों का हिसाब लगा रहे होंगे और उन्हें एहसास हो रहा होगा कि उन्होंने बजट से ज्यादा पैसे खर्च कर दिए हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

साल 2026 भी अब खत्म होने की ओर है। ऐसे में यह सही समय है कि आप अपने खर्चों की समीक्षा करें, कर्ज कम करें और बचत को दोबारा पटरी पर लाएं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 2027 में अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए आप पांच जरूरी कदम उठा सकते हैं।

दिवाली के खर्चों का हिसाब लगाएं

आपको सबसे पहले अक्टूबर और नवंबर के बैंक स्टेटमेंट, क्रेडिट कार्ड बिल और UPI ट्रांजैक्शन की जांच करनी चाहिए। अपने सभी खर्चों को तीन हिस्सों में बांटें। पहला जरूरी खर्च, दूसरा ऐसा खर्च जिससे आपको खुशी मिली और तीसरा ऐसा खर्च जिस पर अब पछतावा हो रहा है। यहां तीसरी कैटेगरी से आपको पता चलेगा कि आपके पैसे कहां बेवजह खर्च हो रहे हैं। जैसे फूड डिलीवरी, क्विक कॉमर्स से बार-बार खरीदारी और ऐसे सब्सक्रिप्शन जिनका आप इस्तेमाल नहीं करते। गैरजरूरी सब्सक्रिप्शन बंद करें और शॉपिंग ऐप्स से सेव किए गए कार्ड की जानकारी हटा दें। हर सप्ताह पांच मिनट अपने खर्चों की समीक्षा करें।

सबसे पहले महंगा कर्ज चुकाएं

अगर आपने दिवाली के खर्च क्रेडिट कार्ड से किए हैं, तो सबसे पहले उसका बकाया चुकाने की कोशिश करें। क्रेडिट कार्ड का ब्याज आमतौर पर काफी ज्यादा होता है। केवल मिनिमम अमाउंट भरने से कर्ज लंबे समय तक बना रह सकता है और ब्याज भी बढ़ता जाता है।

अपने सभी कर्ज को ब्याज दर के हिसाब से लिखें और सबसे ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को पहले चुकाएं। इसे एवलांच मेथड कहते हैं। अगर क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल दो-तीन महीने में नहीं चुका सकते, तो कम ब्याज वाली ईएमआई या पर्सनल लोन जैसे विकल्पों पर विचार कर सकते हैं।

इमरजेंसी फंड दोबारा बनाएं

अचानक नौकरी जाने, बीमारी या किसी दूसरे जरूरी खर्च के लिए इमरजेंसी फंड होना जरूरी है। हर महीने अपनी टेक-होम सैलरी का 15 से 20% हिस्सा इमरजेंसी फंड में डालने की कोशिश करें। लक्ष्य यह होना चाहिए कि आपके पास कम से कम छह महीने के खर्च के बराबर रकम जमा हो।

अगर शुरुआत में इतनी बचत करना मुश्किल है, तो 10% से शुरुआत करें। इस पैसे को लिक्विड फंड, स्वीप-इन एफडी या सेविंग अकाउंट जैसे सुरक्षित और आसानी से निकाले जा सकने वाले विकल्पों में रखें। इसे शेयर बाजार में निवेश करने से बचें।

SIP में निवेश दोबारा शुरू करें

अगर त्योहार के खर्चों के कारण आपने अपनी SIP रोक दी थी, तो महंगा कर्ज चुकाने के बाद इसे दोबारा शुरू करें। निवेश शुरू करने के लिए बाजार के सही स्तर का इंतजार न करें। बजट अनुमति देता है तो पुरानी रकम से शुरुआत करें। अगर फिलहाल ज्यादा निवेश करना मुश्किल है, तो छोटी रकम से शुरुआत करके धीरे-धीरे SIP बढ़ाएं।

2027 के लिए बजट बनाएं

नए साल में खर्चों को नियंत्रित रखने के लिए पहले से बजट बनाना जरूरी है। इसके लिए 50-30-20 का नियम अपना सकते हैं। इसमें कमाई का 50% जरूरी खर्चों, 30% अपनी इच्छाओं और 20% बचत व निवेश के लिए रखा जाता है। हालांकि, अपनी कमाई और शहर के खर्चों के हिसाब से इसमें बदलाव किया जा सकता है। अगली दिवाली, शादी या छुट्टियों के लिए हर महीने अलग से पैसे जमा करें। इससे अचानक बड़ा खर्च आने पर क्रेडिट कार्ड या कर्ज का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। इसके अलावा, सैलरी आते ही SIP और इमरजेंसी फंड के लिए ऑटोमैटिक ट्रांसफर सेट कर सकते हैं। इससे खर्च करने से पहले ही बचत हो जाएगी।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories