return to news
  1. SGB निवेशकों की मौज! ₹3133 का गोल्ड बॉन्ड अब ₹14024 में होगा रिडीम, 347% का बंपर रिटर्न

पर्सनल फाइनेंस

SGB निवेशकों की मौज! ₹3133 का गोल्ड बॉन्ड अब ₹14024 में होगा रिडीम, 347% का बंपर रिटर्न

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 15:55 IST

सारांश

1 अप्रैल से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर कैपिटल गेन टैक्स के नियमों में बदलाव हुआ है। अब मैच्योरिटी पर टैक्स छूट का फायदा केवल उन्हीं निवेशकों को मिलेगा, जिन्होंने सरकार की ओर से बॉन्ड जारी किए जाने के समय सीधे खरीदारी की थी और मैच्योरिटी तक उन्हें अपने पास रखा है।

SGB

RBI के मुताबिक, इस सीरीज के लिए रिडेम्पशन प्राइस 14,024 रुपये प्रति यूनिट तय किया गया है।

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) में निवेश करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने SGB 2018-19 Series-III के फाइनल रिडेम्पशन प्राइस का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में निवेश करने वाले निवेशक 13 नवंबर 2026 से समय से पहले रिडेम्पशन यानी अपने बॉन्ड को भुनाने का विकल्प चुन सकते हैं। RBI के मुताबिक, इस सीरीज के लिए रिडेम्पशन प्राइस 14,024 रुपये प्रति यूनिट तय किया गया है। इसका मतलब है कि जिन निवेशकों ने इस गोल्ड बॉन्ड को जारी होते समय खरीदा था, उन्हें सोने की कीमतों में आई तेजी का अच्छा फायदा मिला है। हालांकि, निवेशकों को मिलने वाला कुल रिटर्न इस बात पर भी निर्भर करेगा कि उन्होंने बॉन्ड किस कीमत पर खरीदा था।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कैसे तय हुआ SGB का रिडेम्पशन प्राइस?

RBI के मुताबिक 13 नवंबर 2026 को मैच्योर होने वाले SGB का रिडेम्पशन प्राइस 10 नवंबर, 11 नवंबर और 12 नवंबर 2026 के दौरान सोने की कीमतों के औसत के आधार पर तय किया गया है। गोल्ड बॉन्ड का रिडेम्पशन प्राइस निकालने के लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन लिमिटेड (IBJA) की ओर से प्रकाशित 999 शुद्धता वाले सोने के पिछले तीन कारोबारी दिनों के क्लोजिंग प्राइस का साधारण औसत लिया जाता है। इसी आधार पर निवेशकों को मिलने वाली रकम तय होती है।

निवेशकों को मिला 353 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न

SGB 2018-19 Series-III को जारी करते समय इसकी कीमत 3,183 रुपये प्रति ग्राम रखी गई थी। हालांकि, जिन निवेशकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था और डिजिटल माध्यम से भुगतान किया था, उन्हें 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिली थी। इस तरह उनके लिए बॉन्ड की वास्तविक खरीद कीमत 3,133 रुपये प्रति ग्राम हो गई थी।

11 नवंबर 2026 के इंडिकेटिव रिडेम्पशन वैल्यू 14,206 रुपये प्रति ग्राम के आधार पर ऑनलाइन निवेशकों को करीब 353.43 फीसदी का एब्सोल्यूट रिटर्न मिलने का अनुमान था। यहां एब्सोल्यूट रिटर्न का मतलब निवेश की शुरुआती रकम के मुकाबले हुई कुल बढ़त से है।

उदाहरण के लिए, अगर किसी निवेशक ने इस गोल्ड बॉन्ड में शुरुआत में 1 लाख रुपये लगाए थे, तो 14,206 रुपये प्रति ग्राम के इंडिकेटिव भाव के आधार पर उनके निवेश की वैल्यू करीब 4.53 लाख रुपये हो सकती थी। इसमें गोल्ड बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज शामिल नहीं है।

ध्यान देने वाली बात है कि 14,206 रुपये का भाव 11 नवंबर का इंडिकेटिव प्राइस था, जबकि RBI ने अंतिम रिडेम्पशन प्राइस 14,024 रुपये तय किया है। इसलिए वास्तविक रिटर्न की गणना फाइनल प्राइस के आधार पर की जानी चाहिए।

SGB के रिडेम्पशन पर क्या है टैक्स का नियम?

1 अप्रैल से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर कैपिटल गेन टैक्स के नियमों में बदलाव हुआ है। अब मैच्योरिटी पर टैक्स छूट का फायदा केवल उन्हीं निवेशकों को मिलेगा, जिन्होंने सरकार की ओर से बॉन्ड जारी किए जाने के समय सीधे खरीदारी की थी और मैच्योरिटी तक उन्हें अपने पास रखा है।

अगर किसी निवेशक ने प्राइमरी इश्यू के दौरान गोल्ड बॉन्ड खरीदा था, लेकिन मैच्योरिटी से पहले उसे भुना लिया, तो अब मिलने वाले कैपिटल गेन पर टैक्स देना होगा। वहीं, जिन लोगों ने स्टॉक एक्सचेंज के जरिए सेकेंडरी मार्केट से SGB खरीदे हैं, उन्हें मैच्योरिटी तक बॉन्ड रखने के बावजूद टैक्स छूट नहीं मिलेगी। ऐसे में निवेशकों को गोल्ड बॉन्ड भुनाने से पहले अपनी खरीदारी और होल्डिंग अवधि के आधार पर टैक्स नियमों को समझ लेना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories