return to news
  1. 8th Pay Commission: राजस्थान के कर्मचारियों से 31 अगस्त और 1 सितंबर को मिलेगी आयोग की टीम, जानें कौन हो सकता है शामिल

पर्सनल फाइनेंस

8th Pay Commission: राजस्थान के कर्मचारियों से 31 अगस्त और 1 सितंबर को मिलेगी आयोग की टीम, जानें कौन हो सकता है शामिल

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 05, 2026, 18:07 IST

सारांश

8th Pay Commission: आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस बैठक में केवल वही कर्मचारी संगठन, महासंघ और यूनियन शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले आयोग के पोर्टल पर अपना ज्ञापन जमा किया है। अगर किसी संगठन ने ज्ञापन नहीं भेजा है, तो वह इस चरण की बैठक में शामिल नहीं हो सकेगा।

8th Pay Commission

8th Pay Commission: आयोग ने साफ किया है कि जयपुर में होने वाली बैठक केवल राजस्थान के संगठनों के लिए है।

8th Pay Commission: राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर है। 8वें वेतन आयोग ने राजस्थान में दो दिवसीय बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। आयोग की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़े सुझाव जुटाने की प्रक्रिया का यह अगला कदम होगा। आयोग की टीम 31 अगस्त और 1 सितंबर को जयपुर में कई कर्मचारी संगठनों, महासंघों (Federations) और यूनियनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

यह बैठक उन संगठनों के लिए होगी, जो राजस्थान में स्थित या पंजीकृत हैं और जिन्होंने पहले ही आयोग को अपना ज्ञापन (Memorandum) भेज दिया है, लेकिन अब तक आयोग के साथ सीधी चर्चा नहीं कर पाए हैं।

किन कर्मचारियों के प्रतिनिधि हो सकेंगे शामिल?

आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस बैठक में केवल वही कर्मचारी संगठन, महासंघ और यूनियन शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले आयोग के पोर्टल पर अपना ज्ञापन जमा किया है। अगर किसी संगठन ने ज्ञापन नहीं भेजा है, तो वह इस चरण की बैठक में शामिल नहीं हो सकेगा।

यानी यह बैठक व्यक्तिगत कर्मचारियों के लिए नहीं, बल्कि उनके अधिकृत प्रतिनिधि संगठनों के लिए आयोजित की जा रही है, ताकि वे कर्मचारियों की मांगों और सुझावों को सीधे आयोग के सामने रख सकें।

18 अगस्त तक करना होगा आवेदन

बैठक में शामिल होने के इच्छुक पात्र संगठन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपॉइंटमेंट के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 तय की गई है। आवेदन के दौरान संगठन को वह यूनिक Memo ID भी देना होगा, जो ज्ञापन जमा करते समय मिला था। आयोग चयनित संगठनों को बैठक का स्थान, समय और अन्य जानकारी ईमेल के जरिए भेजेगा।

अन्य राज्यों के कर्मचारी अभी करें इंतजार

आयोग ने साफ किया है कि जयपुर में होने वाली बैठक केवल राजस्थान के संगठनों के लिए है। अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी संगठन फिलहाल इसके लिए आवेदन न करें। आयोग आने वाले महीनों में दूसरे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का भी दौरा करेगा और वहां भी इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों का कार्यक्रम आयोग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी करेगा।

कर्मचारियों के लिए क्यों अहम हैं ये बैठकें?

8वें वेतन आयोग की ये बैठकें केंद्रीय कर्मचारियों के लिए काफी अहम मानी जा रही हैं। इन्हीं बैठकों के जरिए कर्मचारी संगठनों को वेतन (Pay), भत्तों (Allowances), सेवा शर्तों (Service Conditions) और पेंशन से जुड़े मुद्दे सीधे आयोग के सामने रखने का मौका मिलेगा।

आयोग इन सुझावों और मांगों का अध्ययन करने के बाद अपनी अंतिम सिफारिशें तैयार करेगा। बाद में इन्हीं सिफारिशों के आधार पर केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग को लागू करने पर फैसला करेगी।

क्या है कर्मचारियों के लिए इसका मतलब?

अगर आप केंद्रीय कर्मचारी हैं और राजस्थान में किसी मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठन या यूनियन से जुड़े हैं, तो आपका संगठन इस बैठक के माध्यम से आपकी मांगों को आयोग तक पहुंचा सकता है। ऐसे में वेतन वृद्धि, फिटमेंट फैक्टर, भत्तों में संशोधन और अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर कर्मचारियों की राय आयोग तक पहुंचाने का यह अहम अवसर माना जा रहा है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख