return to news
  1. Welspun Corp Share: वेलस्पन कॉर्प में ब्लॉक डील के बाद शेयरों में गिरावट, हाल ही में मिला था ₹17,200 करोड़ का ऑर्डर

मार्केट न्यूज़

Welspun Corp Share: वेलस्पन कॉर्प में ब्लॉक डील के बाद शेयरों में गिरावट, हाल ही में मिला था ₹17,200 करोड़ का ऑर्डर

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड August 26, 2026, 10:39 IST

सारांश

वेलस्पन कॉर्प के शेयरों में ब्लॉक डील के बाद शुरुआती कारोबार में 5.94% तक की गिरावट दर्ज की गई। 63 लाख शेयरों की इस ब्लॉक डील की वैल्यू 1,433.44 करोड़ रुपये रही। दूसरी तरफ कंपनी को अमेरिका से 17,200 करोड़ रुपये का इतिहास का सबसे बड़ा ऑर्डर भी मिला है।

शेयर सूची

welspun-corp-shares-tumble-block-deal

वेलस्पन कॉर्प के शेयरों में ब्लॉक डील के बाद हलचल देखने को मिली है। | Image: Shutterstock

वेलस्पन वर्ल्ड की प्रमुख कंपनी वेलस्पन कॉर्प लिमिटेड के शेयरों में ब्लॉक डील के बाद शुरुआती कारोबार में बड़ी हलचल देखने को मिली है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE पर कंपनी के शेयर 5.94% तक टूटकर 2,206.10 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गए। ब्लॉक डील विंडो के दौरान 1,433.44 करोड़ रुपये वैल्यू के लगभग 63 लाख शेयरों का लेन-देन हुआ। एक तरफ जहां प्रमोटर ग्रुप द्वारा हिस्सेदारी बेचने की खबरों से शेयर पर दबाव दिखा, वहीं दूसरी तरफ कंपनी को अपने इतिहास का सबसे बड़ा 17,200 करोड़ रुपये का ऑर्डर भी मिला है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

ब्लॉक डील और शेयर बिक्री की पूरी जानकारी

इससे पहले आई खबरों के मुताबिक वेलस्पन कॉर्प के प्रमोटर ग्रुप वेलस्पन इन्वेस्टमेंट्स एंड कमर्शियल्स और कंपनी के एमडी व सीईओ विपुल माथुर ने ब्लॉक डील के जरिए 6.3 मिलियन यानी 63 लाख शेयर बेचने का प्रस्ताव रखा था। यह बिक्री कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 2.4% हिस्सा है। इस ब्लॉक डील के लिए ऑफर प्राइस 2,250 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था, जो कि पिछले बंद भाव से 4.1% तक के डिस्काउंट को दर्शाता है। इस पूरे ट्रांजैक्शन की कुल वैल्यू लगभग 1,418 करोड़ रुपये यानी 149 मिलियन डॉलर आंकी गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस डील में ऑफर किए गए शेयरों पर 90 दिनों का लॉक-अप पीरियड लागू होगा।

कंपनी को मिला 17,200 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड ऑर्डर

शेयरों में सुस्ती के बीच कंपनी के बिजनेस के मोर्चे पर एक बहुत बड़ी और सकारात्मक खबर आई है। वेलस्पन कॉर्प ने अमेरिका स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी से पाइप सप्लाई करने के लिए लगभग 1.8 अरब डॉलर यानी 17,200 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड ऑर्डर हासिल करके एक नया इतिहास रच दिया है। कंपनी के इतिहास में एक बार में मिला यह अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है। कंपनी द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस 17,200 करोड़ रुपये के विशाल ऑर्डर का इंप्लिमेंटेशन वित्त वर्ष 2028 और 2029 के दौरान किया जाएगा।

ग्लोबल ऑर्डर बुक 42,100 करोड़ रुपये के पार

इस नए 17,200 करोड़ रुपये के ऑर्डर के मिलने के बाद वेलस्पन कॉर्प का कुल ग्लोबल ऑर्डर बुक बढ़कर 4.4 अरब डॉलर यानी लगभग 42,100 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है। यह कंपनी के पूरे इतिहास का सबसे बड़ा ऑर्डर बुक है। इस ऑर्डर से नॉर्थ अमेरिकन एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर मार्केट में कंपनी की पकड़ और ज्यादा मजबूत होगी, जहां वेलस्पन कॉर्प लगातार अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी और ग्राहकों के साथ रिश्ते बढ़ा रही है।

नॉर्थ अमेरिका मार्केट में बढ़ेगी पकड़

कंपनी के इस बड़े ऐतिहासिक ऑर्डर पर बोलते हुए वेलस्पन वर्ल्ड के चेयरमैन बी के गोयनका ने कहा कि नॉर्थ अमेरिका हमारे लिए रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण बाजार रहा है। कंपनी ने इस रीजन में अपनी मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए समय से आगे बढ़कर निवेश किया है। इतने बड़े ऑर्डर का मिलना कंपनी की बनाई रणनीति को सही साबित करता है। यह ऑर्डर अमेरिका में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के अगले चरण में हिस्सा लेने के लिए कंपनी को काफी बेहतर स्थिति में खड़ा करता है। इससे कंपनी को आने वाले सालों के लिए रेवेन्यू की बेहतर दृश्यता मिलेगी।

वेलस्पन कॉर्प का मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई नेटवर्क काफी व्यापक है। कंपनी भारत, अमेरिका और सऊदी अरब में अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज का ऑपरेशन करती है और 50 से अधिक देशों में अपने ग्राहकों को प्रोडक्ट्स की सप्लाई करती है। कंपनी के डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो में लाइन पाइप्स, डक्टाइल आयरन पाइप्स, स्टेनलेस स्टील बार्स, पाइप्स और ट्यूब्स के साथ टीएमटी रीबार्स शामिल हैं। इसके अलावा मशहूर सिनटेक्स ब्रांड भी इसी पोर्टफोलियो का हिस्सा है, जो वाटर स्टोरेज टैंक और एडवांस प्लास्टिक पाइपिंग सॉल्यूशंस में काम करता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख