return to news
  1. इस राज्य ने अडानी पावर से 25 साल के लिए बिजली खरीद को मंजूरी दी, शेयरों में दिखी तेजी

मार्केट न्यूज़

इस राज्य ने अडानी पावर से 25 साल के लिए बिजली खरीद को मंजूरी दी, शेयरों में दिखी तेजी

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 26, 2026, 10:07 IST

सारांश

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लि. (यूपीसीएल) ने ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति के लिए सबसे कम की बोली लगाने वाली अडानी पावर लिमिटेड से 1320 मेगावाट कोयला आधारित बिजली खरीद का प्रस्ताव किया था जिसे मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी ।

शेयर सूची

अडानी पावर

अडानी पावर के शेयरों में आज क्यों दिख रही तेजी? (Photo: Shutterstock)

उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने मंगलवार को अडानी पावर लिमिटेड से 5.746 रुपये प्रति यूनिट की दर से 25 साल के लिए 1320 मेगावाट कोयला आधारित बिजली की खरीद को मंजूरी दे दी। इसके बाद आज अडानी पावर के शेयरों पर इसका असर देखने को मिल रहा है। सुबह 10 बजे के करीब अडानी पावर के शेयर 3% से ज्यादा यानी कि करीब 7 रुपये प्रति शेयर चढ़कर 212-213 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड हो रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्य के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने को बताया कि उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लि. (यूपीसीएल) ने ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति के लिए सबसे कम की बोली लगाने वाली अडानी पावर लिमिटेड से 1320 मेगावाट कोयला आधारित बिजली खरीद का प्रस्ताव किया था जिसे मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही यूपीसीएल को कंपनी के साथ बिजली आपूर्ति समझौते (पीएसए) पर हस्ताक्षर करने, आवश्यक शर्तों को पूरा करने और उत्तराखंड नियामक आयोग (यूईआरसी) से वैधानिक मंजूरी प्राप्त करने के लिए अधिकृत किये जाने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल ने मुहर लगा दी। तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड को छत्तीसगढ़ में कोयले का ब्लॉक आवंटित हुआ था जहां अडानी पावर 1320 मेगावाट क्षमता का बिजलीघर लगा रही है। इस बिजलीघर से साल 2029-30 से 1320 मेगावाट बिजली राज्य को मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की शाखा की स्थापना के लिए केंद्र सरकार को हरिद्वार में राजकीय मेडिकल कॉलेज की 65 एकड भूमि में से एक एकड़ भूमि को एक रुपये की वार्षिक लीज पर 99 सालों के लिए दिए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति दी।

तिवारी ने बताया कि राज्य के नगर निकायों में नदियों के किनारे अवैध रूप से बसी मलिन बस्तियों के सुव्यवस्थित विस्थापन के उद्देश्य से काठबंगला क्षेत्र में 116 आवासों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। मंत्रिमंडल ने रिस्पना नदी के किनारे बसी मलिन बस्ती में रह रहे परिवारों में से देहरादून नगर निगम द्वारा चयनित लाभार्थियों को ये आवास आवंटित किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी सहमति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि सेवामुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक प्रकोष्ठ की स्थापना के संबंध में मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव के साथ ही उसमें संविदा के आधार पर छह पदों के सृजन पर सहमति दे दी है।

इसके अलावा, एक अन्य निर्णय में मंत्रिमंडल ने राज्य के शहीद सैनिकों की मूर्तियां उनके पैतृक गांवों में स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। तिवारी ने बताया कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि अलग-अलग राज्यों की इलेक्ट्रिक वाहन नीति का अध्ययन कर लिया जाए और राज्य के लिए एक नयी ईवी नीति बनायी जाए।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)
PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख