return to news
  1. अमेरिका का भारत पर 25% टैरिफ, टेक्सटाइल स्टॉक्स लुढ़के, ज्वेलरी, राइस और सीफूड शेयर्स का क्या है हाल?

मार्केट न्यूज़

अमेरिका का भारत पर 25% टैरिफ, टेक्सटाइल स्टॉक्स लुढ़के, ज्वेलरी, राइस और सीफूड शेयर्स का क्या है हाल?

Shubham Singh Thakur

5 min read | अपडेटेड November 26, 2026, 09:32 IST

सारांश

अमेरिका ने जिन 14 देशों के खिलाफ नई टैरिफ कार्रवाई की है, उनमें भारत पर लगाया गया 25% टैरिफ दूसरा सबसे ज्यादा है। भारत से ज्यादा टैरिफ सिर्फ वियतनाम पर लगाया गया है, जहां यह दर 35% है। वहीं जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड, ताइवान और यूरोपीय संघ पर 15% टैरिफ लगाया गया है।

US Tariffs

अमेरिका ने मार्च में सेक्शन 301 के तहत अपने व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ दो अलग-अलग जांच शुरू की थीं।

अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अमेरिकी सरकार का कहना है कि भारत की कुछ नीतियां और व्यापारिक तरीके अमेरिकी कारोबार को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अमेरिका के व्यापार को बाधित कर रहे हैं। यह फैसला 25 नवंबर 2026 को अमेरिकी ट्रेड प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से जारी आदेश के जरिए लिया गया है। हालांकि, अगर भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है, तो इस टैरिफ को घटाकर 17% किया जा सकता है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

14 देशों में भारत पर दूसरा सबसे ज्यादा टैरिफ

अमेरिका ने जिन 14 देशों के खिलाफ नई टैरिफ कार्रवाई की है, उनमें भारत पर लगाया गया 25% टैरिफ दूसरा सबसे ज्यादा है। भारत से ज्यादा टैरिफ सिर्फ वियतनाम पर लगाया गया है, जहां यह दर 35% है। वहीं जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड, ताइवान और यूरोपीय संघ पर 15% टैरिफ लगाया गया है। इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड पर 18%, जबकि बांग्लादेश, कंबोडिया, चीन और सिंगापुर पर अधिकतम 20% टैरिफ है।

पहले से लागू 10% टैरिफ के ऊपर नहीं लगेगा

अमेरिका ने साफ किया है कि नया 25% टैरिफ पहले से लागू टैरिफ को ध्यान में रखकर लगाया जाएगा। यानी यह पहले से लागू 10% टैरिफ के ऊपर अतिरिक्त 25% नहीं होगा। हालांकि, USTR यह तय कर सकता है कि दूसरे मौजूदा टैरिफ को ध्यान में रखते हुए नई दर में कोई बदलाव किया जाए या नहीं। इसके अलावा, अमेरिका पहले से ही सभी देशों से आने वाले स्टील और एल्युमीनियम पर सेक्शन 232 के तहत 50% टैरिफ लगाता है। नया टैरिफ इन शुल्कों के ऊपर भी नहीं लगाया जाएगा।

टैक्सटाइल समेत इन स्टॉक्स पर दिख रहा है असर

अमेरिका की ओर से भारत पर प्रस्तावित टैरिफ का असर कई एक्सपोर्ट-आधारित सेक्टर्स और स्टॉक्स पर दिख रहा है। टेक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वेलरी, चावल निर्यात और सीफूड निर्यात से शेयरों का हाल यहां बताया गया है।

टेक्सटाइल सेक्टर की बात करें तो आज शुरुआती कारोबार में Pearl Global के शेयरों में 2.60 फीसदी तक की गिरावट है। इसके अलावा Welspun Living में 3 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी है। Gokaldas Exports, Indo Count Industries के शेयर भी 1-2 फीसदी तक टूट गए हैं। Arvind Fashions और Trident के शेयर फोकस भी लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे।

ज्वेलरी सेक्टर में Senco Gold में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट है। हालांकि Titan, Kalyan Jewellers, Senco Gold, Bluestone Jewellery और Thangamayil के शेयरों में तेजी नजर आई। चावल निर्यात से जुड़ी कंपनियों की बात करें तो Chaman Lal Setia का शेयर 6 फीसदी से ज्यादा टूट गया। हालांकि KRBL, LT Foods, Kohinoor Foods औह GRM Overseas के शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे। अमेरिका भारतीय चावल का एक अहम बाजार है, ऐसे में टैरिफ से निर्यात की मांग और कंपनियों के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।

इसके अलावा सीफूड एक्सपोर्ट सेक्टर में Waterbase का शेयर करीब 3 फीसदी टूट गया। इसके अलावा Avanti Feeds और Coastal Corporation में भी हल्की गिरावट दिखी। Apex Frozen Foods में मामूली तेजी नजर आई। अमेरिका भारतीय झींगा निर्यात के प्रमुख बाजारों में शामिल है। ऐसे में टैरिफ बढ़ने से अमेरिकी खरीदारों के लिए भारतीय उत्पाद महंगे हो सकते हैं।

भारत सरकार ने क्या कहा?

भारत सरकार ने अमेरिका के इस फैसले पर कहा है कि उसने USTR की कार्रवाई का संज्ञान लिया है और इस नोटिस की जांच की जा रही है। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान अमेरिका के साथ सहयोग किया। भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि देश के किसी भी सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता (Excess Capacity) जैसी स्थिति नहीं है।

भारत सरकार ने कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। भारत का मानना है कि व्यापार से जुड़ी चिंताओं को इसी बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। सरकार अमेरिका के साथ जल्द व्यापार समझौता पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सेक्शन 301 जांच के बाद लिया गया फैसला

अमेरिका ने मार्च में सेक्शन 301 के तहत अपने व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ दो अलग-अलग जांच शुरू की थीं। पहली जांच जबरन मजदूरी से जुड़ी थी, जिसके बाद भारत पर 10% टैरिफ लगाया गया था। अब दूसरा टैरिफ अमेरिकी जांच के उस निष्कर्ष के बाद लगाया गया है, जिसमें भारत पर जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता बनाए रखने का आरोप लगाया गया है।

अमेरिका का कहना है कि भारत की नीतियों के कारण अमेरिकी कंपनियों को अनुचित प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। इससे अमेरिका के उत्पादकों और निर्यातकों को नुकसान होता है, निर्यात के अवसर घटते हैं, व्यापार घाटा बढ़ता है और अमेरिका का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर कमजोर होता है। अमेरिका ने इसे अपनी आर्थिक सुरक्षा के लिए जोखिम भी बताया है।

ट्रेड डील से टैरिफ घटने की उम्मीद

भारत और अमेरिका के बीच फरवरी 2026 में अंतरिम व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क घोषित किया गया था। इसके तहत अमेरिका भारतीय सामानों पर 18% टैरिफ लगाने पर सहमत हुआ था, लेकिन यह समझौता अभी अंतिम रूप से लागू नहीं हुआ है। अमेरिका के नए आदेश के मुताबिक, अगर भारत के साथ व्यापार समझौता होता है और वह अमेरिकी चिंताओं को दूर करता है, तो टैरिफ 17% तक किया जा सकता है। इससे भारत को वियतनाम और दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले फायदा मिल सकता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories