return to news
  1. प्राइमरी मार्केट में फिर मचेगा तहलका, ओयो से लेकर रेजरपे तक आ रहे हैं 10 बड़े आईपीओ, देखें पूरी लिस्ट

मार्केट न्यूज़

प्राइमरी मार्केट में फिर मचेगा तहलका, ओयो से लेकर रेजरपे तक आ रहे हैं 10 बड़े आईपीओ, देखें पूरी लिस्ट

Upstox

4 min read | अपडेटेड October 30, 2026, 18:37 IST

सारांश

जियो प्लेटफॉर्म्स और NSE की लिस्टिंग के बाद प्राइमरी मार्केट में नए आईपीओ की बहार आने वाली है। आने वाले महीनों में ओयो, रेजरपे, महानदी कोलफील्ड्स और आइनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स समेत 10 बड़ी कंपनियां अपने आईपीओ लेकर आ रही हैं। पहली छमाही में 78 कंपनियों ने 94,205 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

upcoming-ipos-oyo-razorpay-carlsberg-

घरेलू आईपीओ बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है।

घरेलू शेयर बाजार में आईपीओ की बहार एक बार फिर लौट आई है। एनएसई, जियो प्लेटफॉर्म्स और एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट जैसी बड़ी कंपनियों की लिस्टिंग के बाद अब कई अन्य कंपनियां बाजार में कदम रखने जा रही हैं। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 78 कंपनियों ने 94,205 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जो पिछले साल से 35.4 पर्सेंट अधिक है। जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के मेगा आईपीओ ने हुंडई मोटर इंडिया का रिकॉर्ड तोड़ा है। अब आने वाले महीनों में विभिन्न सेक्टर्स से जुड़ी 10 बड़ी कंपनियां अपने आईपीओ लेकर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

महानदी कोलफील्ड्स और आइनॉक्स का बड़ा दांव

आने वाले बड़े आईपीओ में सरकारी कोल कंपनी महानदी कोलफील्ड्स शामिल है। वित्त वर्ष 2026 में 218.31 मिलियन टन कोयला उत्पादन करने वाली इस कंपनी में पैरेंट कंपनी कोल इंडिया 10 पर्सेंट हिस्सेदारी यानी 66.18 करोड़ शेयरों की बिक्री के जरिए करीब 10,000 करोड़ रुपये का OFS लाएगी। वहीं इंडस्ट्रियल गैस कंपनी आइनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स 10,000 से 11,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए पूरी तरह OFS ला रही है, जिसका मार्केट शेयर 22.4 पर्सेंट है। इसके अलावा आइनॉक्स क्लीन एनर्जी ने भी 10,000 करोड़ रुपये के लिए सेबी में ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए हैं, जिसमें 8,000 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 2,000 करोड़ रुपये का OFS होगा।

अवाडा इलेक्ट्रो और कॉर्ल्सबर्ग इंडिया की तैयारी

सोलर मॉड्यूल बनाने वाली अवाडा इलेक्ट्रो 7,600 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की योजना में है। इसमें 1,600 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और अवाडा वेंचर्स का 6,000 करोड़ रुपये का OFS होगा। कंपनी 1,200 करोड़ रुपये से कर्ज चुकाएगी। कंपनी के पास 8.5 गीगावाट की ऑपरेशनल मॉड्यूल प्रोडक्शन कैपेसिटी है। वहीं कॉर्ल्सबर्ग इंडिया 6,700 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 8.64 करोड़ शेयरों का OFS पेश करेगी। सेबी की टिप्पणियों के बाद कंपनी ने अपडेटेड ड्राफ्ट दाखिल किया है। यह कंपनी देश में 7 अपनी ब्रुअरीज और 8 कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स चलाती है।

ओयो और कल्टफिट के आईपीओ पर नजरें

हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म ओयो की पैरेंट कंपनी प्रिज्म नवंबर 2026 में अपना 3,350 करोड़ रुपये का फ्रेश आईपीओ ला सकती है। कंपनी ने इश्यू का साइज 6,650 करोड़ रुपये से घटाकर आधा किया है और प्री-आईपीओ प्लेसमेंट छोड़ दिया है। ओयो इस रकम का 75 पर्सेंट हिस्सा सिंगापुर सब्सिडियरी का कर्ज चुकाने में लगाएगी। वहीं फिटनेस प्लेटफॉर्म कल्टफिट 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये का आईपीओ ला रही है, जिसमें 950 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 17.86 करोड़ शेयरों का OFS होगा। कल्टफिट अपने 708 सेंटर और 10 लाख मेंबर्स के दम पर विस्तार और कर्ज चुकाने में फंड लगाएगी।

रेजरपे, नवी और Acko भी कतार में शामिल

फिनटेक और इंश्योरेंस सेक्टर में भी बड़ी कंपनियां कतार में हैं। डिजिटल पेमेंट कंपनी रेजरपे ने गोपनीय तरीके से सेबी में ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए हैं और इसके जरिए 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं। सचिन बंसल की नवी टेक्नोलॉजीज दिसंबर 2026 में 3,000 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू के लिए प्रॉस्पेक्टस दाखिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके साथ ही डिजिटल इंश्योरेंस कंपनी एको 2,500 से 2,900 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बातचीत कर रही है और साल के अंत तक गोपनीय फाइलिंग कर 2027 की शुरुआत में लिस्ट हो सकती है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories