मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 20, 2026, 10:48 IST
सारांश
Tips Films के प्रमोटर्स कुमार एस. तौरानी और रमेश एस. तौरानी कंपनी के बाकी पब्लिक शेयरहोल्डर्स की हिस्सेदारी खरीदना चाहते हैं। इस प्रस्ताव के तहत कुल 10,81,770 इक्विटी शेयर खरीदे जाएंगे। हर शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
शेयर सूची

सितंबर 2026 तिमाही के अंत तक Tips Films में प्रमोटर्स की कुल हिस्सेदारी 74.98% थी।
फिल्म और एंटरटेनमेंट कंपनी Tips Films के शेयर रखने वाले निवेशकों के लिए एक अहम खबर है। कंपनी के प्रमोटर्स अब इसे शेयर बाजार से हटाने यानी डीलिस्ट करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए प्रमोटर्स ने पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास मौजूद बाकी शेयर खरीदने का प्रस्ताव दिया है। इस खबर के बाद आज कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। यह शेयर BSE पर 20 फीसदी उछलकर 434.70 रुपये के भाव पर पहुंच गया।
अगर डीलिस्टिंग की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो Tips Films के शेयरों की खरीद-बिक्री BSE और NSE पर नहीं हो सकेगी। कंपनी ने गुरुवार, 19 नवंबर को एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इस प्रस्ताव की जानकारी दी। इस फैसले का असर कंपनी के करीब 8000 रिटेल शेयरहोल्डर्स पर पड़ सकता है। ऐसे में उनके लिए यह समझना जरूरी है कि डीलिस्टिंग का मतलब क्या है और उन्हें अपने शेयरों के बदले पैसा कैसे मिलेगा।
Tips Films के प्रमोटर्स कुमार एस. तौरानी और रमेश एस. तौरानी कंपनी के बाकी पब्लिक शेयरहोल्डर्स की हिस्सेदारी खरीदना चाहते हैं। इस प्रस्ताव के तहत कुल 10,81,770 इक्विटी शेयर खरीदे जाएंगे। हर शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। ये शेयर कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी कैपिटल का 25.02% हिस्सा हैं।
सितंबर 2026 तिमाही के अंत तक कंपनी में प्रमोटर्स की कुल हिस्सेदारी 74.98% थी। इसमें कुमार और रमेश तौरानी की व्यक्तिगत हिस्सेदारी 40.5% है, जबकि बाकी शेयर प्रमोटर ग्रुप के अन्य सदस्यों और उनसे जुड़ी संस्थाओं के पास हैं।
सीएनबीसी टीवी18 की रिपोर्ट के मुताबिक प्रमोटर्स ने डीलिस्टिंग के पीछे तीन प्रमुख वजहें बताई हैं। पहली, कंपनी का पूरा नियंत्रण प्रमोटर्स के पास आने से उन्हें कारोबार से जुड़े फैसले लेने में ज्यादा आजादी मिलेगी। इससे कंपनी को नए निवेश, अधिग्रहण, कारोबारी विस्तार और वित्तीय बदलाव जैसे फैसले लेने में आसानी हो सकती है।
दूसरी वजह शेयर बाजार में लिस्टेड रहने से जुड़ा खर्च और नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी कम करना है। डीलिस्टिंग के बाद कंपनी को स्टॉक एक्सचेंज के लगातार लागू रहने वाले लिस्टिंग नियमों का पालन नहीं करना पड़ेगा। इससे मैनेजमेंट अपना ज्यादा समय कारोबार पर लगा सकेगा। तीसरी वजह पब्लिक शेयरहोल्डर्स को उनके शेयरों के बदले पैसा लेने का मौका देना है। कंपनी के मुताबिक, बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों को अपने शेयर बेचकर बाहर निकलने का विकल्प मिलेगा।
फिलहाल प्रमोटर्स ने डीलिस्टिंग की अंतिम कीमत घोषित नहीं की है। शेयरों का फ्लोर प्राइस और फिक्स्ड डीलिस्टिंग प्राइस सेबी के नियमों के मुताबिक तय किया जाएगा। इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। डीलिस्टिंग का प्रस्ताव अभी शुरुआती चरण में है।
सबसे पहले कंपनी के बोर्ड को प्रस्ताव मंजूर करना होगा। इसके लिए एक पीयर रिव्यू कंपनी सेक्रेटरी जरूरी जांच करेगा। इसके बाद शेयरहोल्डर्स की विशेष मंजूरी लेनी होगी। इसमें डीलिस्टिंग के पक्ष में वोट करने वाले पब्लिक शेयरहोल्डर्स की संख्या, विरोध करने वालों की संख्या से कम से कम दोगुनी होनी चाहिए।
इसके अलावा स्टॉक एक्सचेंज और जरूरी नियामकीय मंजूरियां भी लेनी होंगी। पर्याप्त संख्या में शेयर टेंडर होना भी जरूरी है। यानी पब्लिक शेयरहोल्डर्स को तय प्रक्रिया के तहत अपने शेयर बेचने की पेशकश करनी होगी।
पिछले 1 महीने में Tips Films के शेयरों में 33 फीसदी की शानदार तेजी आई है। हालांकि पिछले 6 महीने में यह स्टॉक करीब 10 फीसदी ही चढ़ा है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 2 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले 1 साल में इसने महज 5 फीसदी का रिटर्न दिया है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख