मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड July 24, 2026, 11:24 IST
सारांश
सन फार्मा पिछले कई सालों से केवल जेनेरिक दवाओं तक सीमित नहीं रही है। कंपनी लगातार इनोवेटिव मेडिसिन, विशेषकर डर्मेटोलॉजी, नेत्र रोग और ऑन्को-डर्मेटोलॉजी जैसे विशेष चिकित्सा क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रही है।
शेयर सूची

सन फार्मा के निवेशकों के लिए बहुत काम की है ये खबर (Photo: Shutterstock)
देश की टॉप दवा कंपनियों में शुमार सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के लिए ग्लोबल एक्सपेंशन की दिशा में एक और अहम पड़ाव पार हो गया है। अमेरिकी फार्मा कंपनी Organon & Co. के शेयरधारकों ने सन फार्मा द्वारा प्रस्तावित अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के साथ ही बहुप्रतीक्षित डील अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और अब इसके पूरा होने के लिए केवल नियामकीय मंजूरियों और अन्य सामान्य औपचारिकताओं का इंतजार है। कंपनी ने शुक्रवार को जारी प्रेस रिलीज में कहा कि शेयरहोल्डरों की मंजूरी इस अधिग्रहण प्रोसेस में एक अहम उपलब्धि है। प्रस्तावित सौदे के तहत Organon, Sun Pharmaceutical Holdings USA Inc. की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन जाएगी। Sun Pharmaceutical Holdings USA, Sun Pharma की अप्रत्यक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई है। यह अधिग्रहण पहली बार 27 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था। अब शेयरधारकों की सहमति मिलने के बाद यह क्लियर हो गया है कि दोनों कंपनियां सौदे को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। हालांकि कंपनी ने यह भी क्लियर किया है कि लेनदेन तभी पूरा होगा जब सभी आवश्यक नियामकीय मंजूरियां और अन्य तय शर्तें पूरी हो जाएंगी।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि Organon के अधिग्रहण से सन फार्मा की ग्लोबल मौजूदगी और मजबूत होगी। Organon महिलाओं के स्वास्थ्य, स्थापित ब्रांडेड दवाओं और बायोसिमिलर प्रोडक्ट्स के सेक्टर में एक प्रमुख ग्लोबल कंपनी है। इसके उत्पाद कई देशों में उपलब्ध हैं और इसका मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क है। ऐसे में इस अधिग्रहण के बाद सन फार्मा को कई नए बाजारों तक पहुंच बनाने और अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को डाइवर्सिफाइड बनाने का मौका मिलेगा। हालांकि मौजूदा प्रेस रिलीज में अधिग्रहण के वित्तीय विवरण या सौदे के साइज का जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन कंपनी ने इसे अपने ग्लोबल एक्सपेंशन की रणनीति का अहम हिस्सा बताया है।
सन फार्मा पिछले कई सालों से केवल जेनेरिक दवाओं तक सीमित नहीं रही है। कंपनी लगातार इनोवेटिव मेडिसिन, विशेषकर डर्मेटोलॉजी, नेत्र रोग और ऑन्को-डर्मेटोलॉजी जैसे विशेष चिकित्सा क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रही है। कंपनी के अनुसार उसके ग्लोबल इनोवेटिव मेडिसिन पोर्टफोलियो का योगदान अब कुल बिक्री का लगभग 22% है, जो उसके बिजनेस मॉडल में बदलाव को दर्शाता है। सन फार्मा आज भारत की सबसे बड़ी दवा कंपनी है। इसके अलावा कंपनी अमेरिका में अग्रणी जेनेरिक दवा कंपनियों में शामिल है और उभरते ग्लोबल मार्केटों में भी उसकी मजबूत उपस्थिति है। कंपनी के प्रोडक्ट्स दुनिया के 100 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं, जबकि उसके मैनुफैक्चरिंग प्लांट्स पांच महाद्वीपों में फैले हुए हैं।
मार्केट विश्लेषकों का कहना है कि शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद अब निवेशकों की नजर अमेरिका समेत विभिन्न देशों के नियामकीय संस्थानों की स्वीकृतियों पर रहेगी। अगर सभी आवश्यक मंजूरियां समय पर मिल जाती हैं, तो यह अधिग्रहण सन फार्मा के इतिहास के सबसे अहम इंटरनेशनल सौदों में शामिल हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार इस डील से कंपनी को केवल नए प्रोडक्ट्स ही नहीं, बल्कि स्थापित ब्रांड, ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, रिसर्च क्षमताओं और नए कस्टमर्स तक पहुंच का भी फायदा मिलेगा। इससे भविष्य में रेवेन्यू ग्रोथ और ग्लोबल प्रतिस्पर्धा में कंपनी की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है। फिलहाल सन फार्मा ने कहा है कि अधिग्रहण प्रोसेस पूर्व निर्धारित प्लान के हिसाब से ही आगे बढ़ रहा है और बाकी नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद इस सौदे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख