मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड September 02, 2026, 08:09 IST
सारांश
वेस्ट एशिया में सैन्य तनाव और कच्चे तेल के दामों में तेजी के कारण अमेरिकी और एशियाई बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। इस ग्लोबल दबाव के बीच आज भारतीय शेयर बाजार में रिलायंस, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा मोटर्स और अडानी ग्रीन जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।

आज इन स्टॉक्स पर रहेगी नजर | Image: Shutterstock
वेस्ट एशिया के इलाके में सैन्य तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के कारण ग्लोबल शेयर बाजारों में कमजोरी का माहौल देखा जा रहा है। अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को आई गिरावट के बाद आज एशियाई बाजारों में भी तेज बिकवाली देखने को मिल रही है। जापान का निक्केई 2.85%, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.15% और ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी इंडेक्स 1.12% टूटकर कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी बाजार में नैस्डैक 1.03%, एसएंडपी 500 0.71% और डाओ जोन्स 0.79% गिरकर बंद हुए थे। इस कमजोर ग्लोबल माहौल के बीच घरेलू शेयर बाजार में कंपनियों से जुड़ी खबरों और बिजनेस अपडेट्स के चलते कई बड़े शेयरों पर नजर रहेगी।
टू-व्हीलर बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने अगस्त में अपनी घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 4.5% की बढ़त दर्ज की है और यह आंकड़ा 5.42 लाख यूनिट पर पहुंच गया है। कुल बिक्री 2.6% बढ़कर 5.68 लाख यूनिट हो गई है। दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज की एफएमसीजी इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स ने 'बॉम्बे क्रीमरी' ब्रांड को लॉन्च करके भारत के आइसक्रीम मार्केट में कदम रख दिया है। इसके अलावा ऑटो दिग्गज टाटा मोटर्स को इटली की कमर्शियल व्हीकल निर्माता इवेको ग्रुप का अधिग्रहण करने के लिए जरूरी मंजूरियां मिल गई हैं।
कोल इंडिया ने अगस्त में ई-ऑक्शन के जरिए 210.66 लाख टन कोयले की पेशकश की थी, जिसमें से 39% यानी 82.76 लाख टन कोयले की बिक्री हुई। ई-ऑक्शन में मिली औसत कीमत तय रेट से 59% अधिक रही। एनएमडीसी ने भी अगस्त में अपने माइनिंग प्रोडक्शन में बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी का प्रोडक्शन पिछले साल के 33.7 लाख टन से बढ़कर 40.7 लाख टन पर पहुंच गया, जबकि बिक्री 33.9 लाख टन से बढ़कर 35.8 लाख टन रही। वहीं अडानी ग्रीन एनर्जी की एक सब्सिडियरी ने गुजरात के खावड़ा में 139 मेगावाट का सोलर पावर प्रोजेक्ट शुरू कर दिया है, जिससे कंपनी की कुल ऑपरेशनल रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी बढ़कर 20,280.8 मेगावाट हो गई है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने उज्जजीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की अंतरिम सीईओ के रूप में कैरोल फर्टाडो की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति 1 सितंबर 2026 से तीन महीने के लिए प्रभावी होगी। फार्मा क्षेत्र में ग्लैंड फार्मा की विशाखापट्टनम स्थित एपीआई फैसिलिटी की जांच यूएस एफडीए ने पूरी कर ली है और अमरीकी रेगुलेटर ने कोई आपत्ति जारी नहीं की है। एआरएसएस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को ईस्ट कोस्ट रेलवे से हावड़ा-विशाखापट्टनम रेल लाइन पर दो रोड ओवरब्रिज बनाने के लिए लगभग 104.06 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। रियल एस्टेट कंपनी आशियाना हाउसिंग ने अगस्त में 165.93 करोड़ रुपये मूल्य की 1.67 लाख स्क्वायर फीट बुकिंग दर्ज की है।
फाइनेंशियल सेक्टर में एलएंडटी फाइनेंस को कॉरपोरेट एजेंट के रूप में काम करने के लिए आईआरडीएआई से परपेचुअल रजिस्ट्रेशन मिल गया है, जो 31 अगस्त 2026 से लागू हो गया है। आईटी सेक्टर में आईटीसी इन्फोटेक को बलेजक्लैन टेक्नोलॉजीज और क्लाउडलिटिक्स टेक्नोलॉजीज के मर्जर के लिए एनसीएलटी की कोलकाता और मुंबई बेंच से मंजूरी मिल गई है। इससे कंपनी का डिजिटल व क्लाउड बिजनेस मजबूत होगा। वहीं विप्रो ने एबीबी के साथ अपनी ग्लोबल डिजिटल वर्कप्लेस सर्विसेज की साझेदारी का विस्तार किया है, जिससे विप्रो की ग्लोबल आईटी सर्विसेज में मौजूदगी और मजबूत होगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख