return to news
  1. Stock Market: निवेशकों को 2 दिन में ही 18 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा, Sensex 736 अंक उछला, Nifty 23853 पर बंद

मार्केट न्यूज़

Stock Market: निवेशकों को 2 दिन में ही 18 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा, Sensex 736 अंक उछला, Nifty 23853 पर बंद

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड June 15, 2026, 16:14 IST

सारांश

Stock Market: पिछले दो दिनों में शेयर बाजार में मजबूत रैली देखने को मिली है। इस दौरान Sensex करीब 2457 अंक या 3.33 फीसदी उछल गया। इसके चलते BSE सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज 15 जून को बढ़कर 4,70,45,228.61 करोड़ रुपये हो गया।

Stock Market

Stock Market: आज NSE पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखी गई।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में आज 15 जून को लगातार दूसरे कारोबारी दिन शानदार तेजी देखी गई। आज के कारोबार में BSE Sensex में 736.38 अंकों की बढ़त रही और यह 76,264.33 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 231 अंक चढ़कर 23,853.90 के लेवल पर बंद हुआ है। हालांकि एक समय पर Sensex करीब 1295 अंक बढ़कर 76821.07 के लेवल पर पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिली, जिससे बाजार नीचे आ गया। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर सहमति बन गई है, जिसका असर आज बाजार पर दिखा है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

2 दिन में निवेशकों को 18 लाख करोड़ रुपये का फायदा

पिछले दो दिनों में शेयर बाजार में मजबूत रैली देखने को मिली है। इस दौरान Sensex करीब 2457 अंक या 3.33 फीसदी उछल गया। इसके चलते BSE सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज 15 जून को बढ़कर 4,70,45,228.61 करोड़ रुपये हो गया।

यह दो कारोबारी दिन पहले यानी गुरुवार, 11 जून को 4,52,33,780.45 करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप दो कारोबारी दिन में करीब 18.11 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसका मतलब है कि निवेशकों को करीब 18 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।

Trent, Eternal में सबसे ज्यादा खरीदारी

आज के कारोबार में Sensex के 30 में से ज्यादातर शेयर हरे निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा खरीदारी Trent, Eternal, IndiGo, Bajaj Finserv और Maruti Suzuki में देखने को मिली है। दूसरी तरफ NTPC, ICICI Bank, HUL, Adani Ports और Tata Steel जैसे शेयर टॉप लूजर्स रहे।

आज NSE पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखी गई। इसके चलते निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1.15 फीसदी तक उछल गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी 1.10 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

निफ्टी रियल्टी समेत ये इंडेक्स उछले

सेक्टर वाइज परफॉर्मेंस की बात करें तो आज ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी रियल्टी में रही और यह करीब 3.75 फीसदी तक उछल गया। निफ्टी ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में करीब 2.50 फीसदी तक की तेजी रही।

निफ्टी मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी करीब 1.50 फीसदी तक बढ़ गए। इसके अलावा निफ्टी FMCG, IT, प्राइवेट बैंक और PSU बैंक जैसे इंडेक्स भी हरे निशान पर बंद हुए हैं। दूसरी तरफ निफ्टी मीडिया, फार्मा और हेल्थकेयर जैसे कुछ इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए।

शेयर बाजार में क्यों आई तेजी?

शेयर बाजार में आज की तेजी के लिए कई फैक्टर्स जिम्मेदार रहे। अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिनों की लंबी लड़ाई अब खत्म होने जा रही है। दोनों देशों के बीच पीस डील को लेकर सहमति बन गई है, जिस पर 19 जून को हस्ताक्षर होना है। इस खबर के बाद क्रूड ऑयल के भाव में 4 फीसदी तक की गिरावट आ गई। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये की वैल्यू में भी सुधार हुआ है। इन सभी कारणों ने बाजार को सपोर्ट किया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख