return to news
  1. IPO के GMP पर SEBI की सख्ती, वेबसाइट और सोशल मीडिया पर प्रचार बंद करने की सलाह, समझें क्या है वजह

मार्केट न्यूज़

IPO के GMP पर SEBI की सख्ती, वेबसाइट और सोशल मीडिया पर प्रचार बंद करने की सलाह, समझें क्या है वजह

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 24, 2026, 11:51 IST

सारांश

ग्रे मार्केट एक ऐसा अनौपचारिक बाजार है, जहां आईपीओ के शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने से पहले ही खरीदने-बेचने की डील की जाती है। यहां जो प्रीमियम बताया जाता है, उसे GMP कहते हैं। SEBI का कहना है कि ग्रे मार्केट में होने वाले सौदे मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों के दायरे से बाहर होते हैं।

SEBI

कई रिटेल निवेशक ऊंचे GMP को आईपीओ में अच्छे मुनाफे का संकेत मान लेते हैं।

आईपीओ (IPO) में पैसा लगाने वाले कई निवेशक लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP देखते हैं। इससे उन्हें अंदाजा लगाने की कोशिश होती है कि शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद आईपीओ का शेयर किस कीमत पर खुल सकता है और उन्हें कितना मुनाफा हो सकता है। लेकिन अब SEBI ने GMP के बढ़ते प्रचार और इसके जरिए निवेशकों की उम्मीदें बनने पर चिंता जताई है। नियामक का मानना है कि GMP के आंकड़े निवेशकों को आईपीओ की लिस्टिंग को लेकर गलत तस्वीर दिखा सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

23 नवंबर को जारी एडवाइजरी में SEBI ने अपने साथ रजिस्टर्ड मध्यस्थों और बाजार से जुड़े लोगों को आईपीओ के GMP आंकड़े प्रकाशित या साझा करने से रोकने की सलाह दी है। इसमें वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म, ईमेल, एसएमएस और सोशल मीडिया जैसे सभी माध्यम शामिल हैं। यानी SEBI चाहता है कि बाजार से जुड़े लोग आईपीओ के GMP को बढ़ावा देना और उसका प्रचार करना बंद करें।

ग्रे मार्केट में क्या होता है और GMP कैसे तय होता है?

ग्रे मार्केट एक ऐसा अनौपचारिक बाजार है, जहां आईपीओ के शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने से पहले ही खरीदने-बेचने की डील की जाती है। यहां जो प्रीमियम बताया जाता है, उसे GMP कहते हैं। उदाहरण के लिए, किसी आईपीओ का इश्यू प्राइस 100 रुपये है और उसका GMP 50 रुपये बताया जा रहा है, तो निवेशकों को उम्मीद होती है कि शेयर 150 रुपये के आसपास लिस्ट हो सकता है। इसी उम्मीद में कई लोग GMP पर नजर रखते हैं।

कई वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म हर दिन आईपीओ का GMP अपडेट करते हैं। निवेशक इन आंकड़ों को देखकर अंदाजा लगाते हैं कि किसी आईपीओ में कितनी मांग है और लिस्टिंग पर कितना फायदा मिल सकता है। लेकिन ये आंकड़े आधिकारिक नहीं होते और इनकी कोई निश्चितता नहीं होती।

GMP के आंकड़ों पर SEBI को भरोसा क्यों नहीं?

SEBI का कहना है कि ग्रे मार्केट में होने वाले सौदे मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों के दायरे से बाहर होते हैं। इन पर नियामक की निगरानी नहीं होती, न ही सौदों के पूरा होने की कोई गारंटी होती है। यहां कीमत तय करने के लिए भी कोई औपचारिक प्रक्रिया नहीं है। इसलिए GMP के आंकड़े कितने सही हैं, इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठता है।

नियामक के मुताबिक, GMP के आंकड़ों का बड़े स्तर पर प्रचार निवेशकों के हितों को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे बाजार में पारदर्शिता और जवाबदेही कमजोर हो सकती है। इसलिए SEBI चाहता है कि आईपीओ के प्री-लिस्टिंग प्रीमियम से जुड़े आंकड़ों को प्रकाशित करना, दिखाना, प्रसारित करना या किसी भी माध्यम से साझा करना बंद किया जाए।

निवेशकों को GMP देखकर पैसा लगाने से बचना चाहिए?

कई रिटेल निवेशक ऊंचे GMP को आईपीओ में अच्छे मुनाफे का संकेत मान लेते हैं। लेकिन GMP न तो एक्सचेंज पर शेयर की आधिकारिक कीमत है और न ही यह गारंटी देता है कि शेयर की लिस्टिंग उसी कीमत पर होगी। ग्रे मार्केट के सौदे अनियमित होने के कारण अगर कोई पक्ष अपना वादा पूरा नहीं करता, तो निवेशक के पास पैसे की सुरक्षा के लिए सीमित विकल्प होते हैं।

SEBI ने यह भी बताया कि ग्रे मार्केट के सौदों में विवाद होने पर निवेशक उसके शिकायत निवारण सिस्टम का इस्तेमाल नहीं कर सकते। ऐसे मामलों में न तो SEBI के तहत सुरक्षा मिलती है और न ही स्टॉक एक्सचेंज की शिकायत व्यवस्था या ऑनलाइन डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन (ODR) सिस्टम के जरिए विवाद सुलझाया जा सकता है।

निवेशकों के लिए SEBI की सलाह क्या है?

SEBI ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे आईपीओ में निवेश केवल SEBI-रजिस्टर्ड मध्यस्थों और अधिकृत प्लेटफॉर्म के जरिए ही करें। निवेश का फैसला सिर्फ GMP देखकर न लें, बल्कि कंपनी का कारोबार, वित्तीय स्थिति, आईपीओ का वैल्यूएशन, जोखिम और भविष्य की संभावनाओं को भी समझें। क्योंकि GMP केवल बाजार में चल रही एक अनौपचारिक धारणा है, जबकि लिस्टिंग के बाद शेयर की कीमत वास्तविक मांग और सप्लाई के आधार पर तय होती है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories