return to news
  1. Paytm Shares: घरेलू निवेशकों के दम पर कंपनी ने हासिल किया नया मुकाम, शेयरों में एक्शन

मार्केट न्यूज़

Paytm Shares: घरेलू निवेशकों के दम पर कंपनी ने हासिल किया नया मुकाम, शेयरों में एक्शन

Upstox

3 min read | अपडेटेड April 15, 2026, 09:18 IST

सारांश

Paytm Share Price: पेटीएम के प्लैटफॉर्म से जुड़े ग्राहक-आधारित व्यापारियों की संख्या 24% बढ़कर 1.44 करोड़ से अधिक हो गई। ब्रोकरेज हाउस बैंक ऑफ अमेरिका और बर्नस्टीन ने कंपनी के मजबूत होते बुनियादी कारकों को रेखांकित किया है।

शेयर सूची

PAYTM
--
PAYTM
--
पेटीएम शेयर

पेटीएम ने हासिल किया नया मुकाम, शेयरों में एक्शन

Paytm Shares: डिजिटल पेमेंट प्लैटफॉर्म पेटीएम चलाने वाली कंपनी One97 Communications Ltd. मार्च 2026 के अंत तक घरेलू इन्वेस्टरों की हिस्सेदारी बढ़कर 50.3% होने के साथ बहुलांश भारतीय स्वामित्व और नियंत्रण वाली कंपनी (Majority Indian-owned and controlled company) बन गई है। यह फिनटेक सेक्टर की कंपनी के स्वामित्व ढांचे में एक अहम बदलाव को दर्शाता है। नियामकीय सूचना के मुताबिक, कंपनी में घरेलू संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी मार्च तिमाही में बढ़कर रिकॉर्ड 23.1% हो गई, जो तिमाही आधार पर 2.8 परसेंटेज पॉइंट्स और सालाना आधार पर 9.1 परसेंटेज पॉइंट्स अधिक है। इसका असर आज पेटीएम के शेयरों पर देखने को मिल रहा है। सोमवार को पेटीएम के शेयर 1,105 रुपये प्रति शेयर पर क्लोज हुए थे। मंगलवार को डॉ. भीमरॉव अंबेडकर जयंती के चलते शेयर मार्केट बंद थे और आज पेटीएम के शेयर ग्रीन में ट्रेड हो रहे हैं। मार्केट खुलने के बाद पेटीएम के शेयरों में करीब 2.5% यानी कि 27-28 रुपये तक की तेजी देखने को मिली। पेटीएम के शेयर 1,134 रुपये प्रति शेयर के आस-पास ट्रेड हो रहे हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

घरेलू संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ाने में म्यूचुअल फंड कंपनियों की अग्रणी भूमिका रही। म्यूचुअल फंड की कुल हिस्सेदारी 14.3% से बढ़कर 16.6% हो गई, जबकि निवेश करने वाले कोषों की संख्या 36 से बढ़कर 41 हो गई। बीमा कंपनियों की भी हिस्सेदारी करीब 4.8% से बढ़कर 5.1% हो गई। टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस उन प्रमुख निवेशकों में शामिल हैं जिन्होंने निवेश बढ़ाया। कंपनी के परिचालन प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला है। दिसंबर तिमाही में कंपनी ने लगातार तीसरी बार लाभ दर्ज करते हुए 225 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जबकि उसका राजस्व 20% बढ़कर 2,194 करोड़ रुपये रहा।

पेटीएम के प्लैटफॉर्म से जुड़े ग्राहक-आधारित व्यापारियों की संख्या 24% बढ़कर 1.44 करोड़ से अधिक हो गई। ब्रोकरेज हाउस बैंक ऑफ अमेरिका और बर्नस्टीन ने कंपनी के मजबूत होते बुनियादी कारकों को रेखांकित किया है। बैंक ऑफ अमेरिका ने कहा कि कंपनी मर्चेंट पेमेंट एवं उधारी जैसे उच्च राजस्व वाले क्षेत्रों में मजबूत स्थिति में है और विविध कारोबार संरचना के चलते मार्जिन भी सुधरा है। वहीं, बर्नस्टीन ने कहा कि कंपनी की मर्चेंट आय अपने निकटतम प्रतिस्पर्धी से लगभग दोगुनी है और इसकी लाभप्रदता में सुधार जारी है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख