मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 10:28 IST
सारांश
टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन के अनुसार, यह कदम भारतीय बाजार की बढ़ती मांग को पूरा करने और मूल्यवर्धित उत्पादों में कंपनी की उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
शेयर सूची

₹28,000 करोड़ की डील का उल्टा असर! APL Apollo में 15% की बड़ी गिरावट, टाटा स्टील भी फिसला (Photo: Shutterstock)
आज जब शेयर मार्केट खुला तो APL अपोलो ट्यूब्स के शेयरों में लगभग 15% की भारी गिरावट देखने को मिली, जबकि टाटा स्टील के शेयरों में भी काफी गिरावट देखी गई। यह गिरावट तब आई जब इन कंपनियों ने एक कॉम्प्लेक्स रणनीतिक समझौते की घोषणा की। इस समझौते के तहत, टाटा स्टील अपने स्टील ट्यूब और कलर-कोटेड प्रोडक्ट्स के कारोबार को APL अपोलो को सौंपेगी, और बदले में टाटा स्टील, APL अपोलो में एक कंट्रोलिंग स्टेक हासिल करेगी। NSE पर टाटा स्टील के शेयरों में 4.74% तक की गिरावट आई और ये 169.56 रुपये प्रति शेयर के इंट्राडे निचले स्तर पर पहुंच गए, जबकि APL अपोलो ट्यूब्स के शेयरों में 14.68% तक की भारी गिरावट आई और ये 1,810 रुपये प्रति शेयर पर आ गए।
लगातार दो दिनों में की गई इन घोषणाओं में टाटा स्टील के डाउनस्ट्रीम बिजनेसों की एक बड़ी रिस्ट्रक्चरिंग की रूपरेखा बताई गई है। रविवार, 22 नवंबर को APL अपोलो ने घोषणा की कि वह टाटा स्टील के स्टील ट्यूब व्यवसाय और 'टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड' में 100% हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। इसके लिए कुल ₹28,000 करोड़ का भुगतान किया जाएगा। हालांकि, सोमवार को एक अलग घोषणा में, टाटा स्टील ने कहा कि वह APL अपोलो ट्यूब्स में प्रमोटरों की 26.6% हिस्सेदारी ₹15,510 करोड़ में खरीदेगी। इसके साथ ही, कंपनी लगभग ₹16,756 करोड़ में अतिरिक्त 26% हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक 'ओपन ऑफर' भी लाएगी।
असल में, टाटा स्टील अपने दो डाउनस्ट्रीम व्यवसायों को APL अपोलो को बेच रही है, और साथ ही वह उन व्यवसायों को खरीदने वाली कंपनी का नियंत्रण हासिल करने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है।
टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड और उसके प्रमोटर्स के साथ व्यापक समझौता किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत में स्टील ट्यूब और कलर कोटेड स्टील उत्पादों का एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी व्यावसायिक केंद्र विकसित करना है। कंपनी का लॉन्ग-टर्म प्लान 2035 तक लगभग 15.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष (MTPA) उत्पादन क्षमता हासिल करने की है।
इस समझौते के तहत टाटा स्टील अपने स्टील ट्यूब व्यवसाय और टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड में अपनी पूरी हिस्सेदारी एपीएल अपोलो को ट्रांसफर करेगा। इस ट्रांसफर में लगभग 1.7 मिलियन टन स्टील ट्यूब क्षमता और 800 हजार टन सरफेस कोटेड कॉइल क्षमता शामिल है। इन व्यवसायों के लिए कुल 28,000 करोड़ रुपये का प्रतिफल निर्धारित किया गया है।
इसके साथ ही टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो में प्रमोटर्स की 26.6% हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने का समझौता किया है। इसके अतिरिक्त कंपनी 26% हिस्सेदारी के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की दर से 16,756 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर भी लाएगी। हालांकि, ये सभी लेनदेन नियामकीय मंजूरियों के अधीन हैं और इनके फाइनेंशियल ईयर 2027 में पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।
इस साझेदारी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उत्पादन क्षमता का विस्तार है। वर्तमान व्यवसायों के एकीकरण के बाद एपीएल अपोलो की संयुक्त क्षमता लगभग 7.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष होने का अनुमान है। भविष्य में स्टील ट्यूब व्यवसाय में अतिरिक्त 3 मिलियन टन और कलर कोटेड उत्पादों में लगभग 5 मिलियन टन क्षमता जोड़ने की योजना है। इस तरह कुल क्षमता 15.5 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कलर कोटेड स्टील कारोबार के विस्तार के लिए एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के साथ भी समझौता किया गया है। यह कंपनी एपीएल अपोलो के प्रमोटर समूह से जुड़ी है। इसके तहत देशभर में चरणबद्ध और मॉड्यूलर तरीके से 5 मिलियन टन क्षमता वाली कॉन्ट्रैक्ट मैनुफैक्चरिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पहली एक मिलियन टन क्षमता अगले 24 महीनों में स्थापित करने की अपेक्षा है।
टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन के अनुसार, यह कदम भारतीय बाजार की बढ़ती मांग को पूरा करने और मूल्यवर्धित उत्पादों में कंपनी की उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। वहीं, कंपनी के ईडी एवं सीएफओ कौशिक चटर्जी ने इसे भविष्य के विकास और बेहतर पूंजी उपयोग का महत्वपूर्ण अवसर बताया है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख