मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड April 15, 2026, 07:41 IST
सारांश
आज शेयर बाजार में LIC, टाटा कम्युनिकेशंस और पतंजलि फूड्स जैसे बड़े शेयरों में काफी हलचल देखने को मिल सकती है। LIC ने जहां बोनस शेयर का ऐलान किया है, वहीं स्वराज इंजिन्स के नतीजे शानदार रहे हैं।

आज इन स्टॉक्स पर रहेगी फोकस
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को ट्रेडिंग के दौरान कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। निवेशकों की नजर आज उन कंपनियों पर रहेगी जिन्होंने हाल ही में अपने तिमाही नतीजे जारी किए हैं या बड़े कॉरपोरेट ऐलान किए हैं। LIC से लेकर टाटा कम्युनिकेशंस और पतंजलि फूड्स जैसे स्टॉक्स आज लाइमलाइट में रहने वाले हैं। बाजार में निवेश करने वालों के लिए यह समझना जरूरी है कि किन खबरों का असर किस शेयर पर पड़ने वाला है।
LIC ने अपने निवेशकों को एक बड़ी सौगात दी है। कंपनी के बोर्ड ने 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि जिसके पास कंपनी का एक शेयर है, उसे एक शेयर बोनस के तौर पर मुफ्त मिलेगा। कंपनी करीब 6,325 करोड़ रुपये के बोनस शेयर जारी करने वाली है। उम्मीद की जा रही है कि यह बोनस शेयर 12 जून तक निवेशकों के खाते में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इस बड़ी खबर के बाद आज LIC के शेयर में काफी एक्शन देखने को मिल सकता है।
स्वराज इंजिन्स ने अपने चौथी तिमाही के नतीजों से बाजार को प्रभावित किया है। कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 20.2 पर्सेंट बढ़कर 546 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 20.1 पर्सेंट की बढ़त के साथ 54.6 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी का EBITDA 21.1 पर्सेंट बढ़ा है और मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है। इन बेहतरीन नतीजों का असर आज कंपनी के शेयर की कीमतों पर पड़ सकता है।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल AMC के तिमाही नतीजे थोड़े कमजोर रहे हैं। पिछली तिमाही के मुकाबले कंपनी का नेट प्रॉफिट 16.8 पर्सेंट गिरकर 763 करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी की कुल इनकम में भी 12.1 पर्सेंट की कमी आई है। हालांकि कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 12.40 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। अब देखना यह होगा कि बाजार कंपनी के मुनाफे में आई गिरावट को तवज्जो देता है या डिविडेंड की खबर को।
जस्ट डायल के लिए यह हफ्ता काफी खबरों भरा रहने वाला है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 36.5 पर्सेंट गिरकर 100 करोड़ रुपये रह गया है। हालांकि कंपनी के रेवेन्यू में 6.2 पर्सेंट की मामूली बढ़त देखी गई है। इन नतीजों के साथ ही कंपनी के CFO अभिषेक बंसल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जो 15 अप्रैल से प्रभावी हो गया है। मुनाफे में भारी गिरावट और बड़े अधिकारी का इस्तीफा कंपनी के स्टॉक के लिए चुनौती बन सकता है।
HG इंफ्रा इंजीनियरिंग को मिर्जापुर थर्मल एनर्जी से 519 करोड़ रुपये का एक बड़ा ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर उत्तर प्रदेश में सिविल और रेलवे ट्रैक से जुड़े कामों के लिए है। दूसरी तरफ स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी सेल भी उत्तर प्रदेश में बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी ने 3,295 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 600 मेगावाट का सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाने की योजना बनाई है। इन बड़े प्रोजेक्ट्स से दोनों कंपनियों के फ्यूचर पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।
बैंकिंग सेक्टर की बात करें तो उज्जजीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक को झटका लगा है क्योंकि RBI ने फिलहाल उनकी यूनिवर्सल बैंकिंग लाइसेंस की अर्जी वापस कर दी है। इंडियन ओवरसीज बैंक ने अपने MCLR में कटौती की है जिससे लोन थोड़ा सस्ता हो सकता है। पतंजलि फूड्स के बोर्ड की मीटिंग 21 अप्रैल को होने वाली है, जिसमें डिविडेंड पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा गोदरेज ग्रुप की कंपनियों में भी लीडरशिप में बदलाव की खबरें हैं, जहां नादिर गोदरेज पद छोड़ रहे हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख