return to news
  1. Mahanadi Coalfields IPO: कोल इंडिया की तीसरी कंपनी लिस्ट होने के लिए तैयार, प्राइस बैंड और तारीखों का हो गया ऐलान

मार्केट न्यूज़

Mahanadi Coalfields IPO: कोल इंडिया की तीसरी कंपनी लिस्ट होने के लिए तैयार, प्राइस बैंड और तारीखों का हो गया ऐलान

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 16, 2026, 09:04 IST

सारांश

Mahanadi Coalfields इस इश्यू के जरिए करीब ₹8981.12 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इस कीमत पर लिस्टिंग के बाद Mahanadi Coalfields का अनुमानित मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब ₹90,009.74 करोड़ होगा।

Mahanadi Coalfields IPO

Mahanadi Coalfields का आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत लाया जा रहा है।

Coal India की सब्सिडियरी Mahanadi Coalfields ने अपने IPO का प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी का यह आईपीओ 19 नवंबर को निवेश के लिए खुलेगा। इसके जरिए Coal India अपनी सहायक कंपनी Mahanadi Coalfields में 10% हिस्सेदारी बेचने जा रही है। कंपनी ने आईपीओ के लिए प्रति शेयर ₹129 से ₹136 का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशकों के पास इस पब्लिक इश्यू में 23 नवंबर तक निवेश का मौका रहेगा। आईपीओ में एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 18 नवंबर को खुलेगी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

Mahanadi Coalfields IPO का क्या है प्लान?

Mahanadi Coalfields इस इश्यू के जरिए करीब ₹8981.12 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इस कीमत पर लिस्टिंग के बाद Mahanadi Coalfields का अनुमानित मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब ₹90,009.74 करोड़ होगा। इस आईपीओ में निवेशक कम से कम 110 शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। इसके बाद वे 110 शेयरों के मल्टीपल में भी आवेदन कर सकते हैं।

किस निवेशक के लिए कितना हिस्सा रिजर्व?

Mahanadi Coalfields ने अपने आईपीओ में अलग-अलग कैटेगरी के निवेशकों के लिए हिस्सेदारी तय की है। कुल इश्यू का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) के लिए रिजर्व रखा गया है। वहीं, 15% हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NIIs) और बाकी 35% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए रखा गया है। यानी आम निवेशकों के लिए आईपीओ का 35% हिस्सा उपलब्ध होगा।

Mahanadi Coalfields IPO पूरी तरफ OFS

यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत लाया जा रहा है। इसका मतलब है कि कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा नहीं जुटाएगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इस मामले में Coal India अपनी सब्सिडियरी Mahanadi Coalfields के 66.18 करोड़ शेयर बेचेगी। ये शेयर कंपनी की कुल हिस्सेदारी का 10% हैं।

चूंकि इस आईपीओ में नए शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं, इसलिए इससे मिलने वाला पैसा Mahanadi Coalfields को नहीं मिलेगा। आईपीओ से मिलने वाली रकम, जरूरी खर्चों को घटाने के बाद, Coal India के पास जाएगी। Coal India ने सितंबर में इस आईपीओ के लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा किया था।

देश के कोयला उत्पादन में कितनी बड़ी है कंपनी?

Mahanadi Coalfields मुख्य रूप से ओडिशा में काम करती है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 21% का योगदान दिया था। वहीं, Coal India के कुल उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 28.4% रही थी। इसी वित्त वर्ष में Coal India ने देश के कुल कोयला उत्पादन का करीब 74% हिस्सा अकेले उत्पादित किया था।

Coal India की दूसरी कंपनियों का कैसा रहा प्रदर्शन?

Coal India इस साल अपनी दो अन्य सब्सिडियरी कंपनियों को भी शेयर बाजार में लिस्ट करा चुकी है। Bharat Coking Coal की जनवरी में शेयर बाजार में एंट्री हुई थी। फिलहाल इसका शेयर लिस्टिंग प्राइस से करीब 25% नीचे कारोबार कर रहा है। दूसरी तरफ, Central Mine Planning & Design Institute (CMPDI) ने मार्च में बाजार में शुरुआत की थी और अब तक इसके शेयर में करीब 39% की तेजी आ चुकी है।

Mahanadi Coalfields का फाइनेंशियल

Mahanadi Coalfields के वित्तीय नतीजों की बात करें तो 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में उसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 1.3% घटकर ₹10,678 करोड़ रहा। वहीं, कंपनी का रेवेन्यू भी 2.6% गिरकर ₹30,550 करोड़ पर आ गया। यह आईपीओ ऐसे समय आ रहा है, जब साल की सुस्त शुरुआत के बाद भारत के प्राइमरी मार्केट में फिर से हलचल बढ़ रही है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ गया था।

इस आईपीओ के लिए SBI Capital Markets, Axis Capital, BOB Capital Markets, IDBI Capital Markets & Securities और IIFL Capital Services को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है। कंपनी के शेयर BSE और NSE दोनों एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories