return to news
  1. दलाल स्ट्रीट के लिए बेहद अहम है अगला हफ्ता, महंगाई और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इन 4 बड़े फैक्टर्स पर रहेगी निवेशकों की नजर

मार्केट न्यूज़

दलाल स्ट्रीट के लिए बेहद अहम है अगला हफ्ता, महंगाई और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इन 4 बड़े फैक्टर्स पर रहेगी निवेशकों की नजर

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 15, 2026, 15:33 IST

सारांश

पिछले हफ्ते की मुनाफावसूली के बाद अगले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार की चाल चार बड़े फैक्टर्स पर निर्भर करेगी। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, 96 डॉलर के करीब पहुंचा कच्चा तेल, 17 नवंबर को आने वाले एनवीडिया के तिमाही नतीजे और बढ़ती खुदरा महंगाई बाजार की दिशा तय करेंगे।

stock-market-outlook-next-week-key-triggers-

शुक्रवार को सेंसेक्स 319 अंक गिरकर 81,592 और निफ्टी 155 अंक टूटकर 25,144 पर बंद हुआ।

लगातार दस कारोबारी सत्रों तक शानदार तेजी दिखाने के बाद बीते हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली। शुक्रवार को सेंसेक्स 319 अंक टूटकर 81,592 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 155 अंक से ज्यादा फिसलकर 25,144 पर आ गया। इस गिरावट के साथ निफ्टी की लगातार तीन सत्रों की तेजी पर भी ब्रेक लग गया, हालांकि साप्ताहिक आधार पर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। अब निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या अगले हफ्ते बाजार फिर तेजी की राह पकड़ेगा या गिरावट का सामना करना पड़ेगा। आने वाले हफ्ते में विदेशी निवेशकों का रुख, कच्चे तेल की कीमतें, एनवीडिया के नतीजे और महंगाई के आंकड़े बाजार की दिशा तय करेंगे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी पर टिकी निगाहें

अगले हफ्ते घरेलू बाजार की चाल तय करने में विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई की गतिविधियों पर खास नजर रहेगी। विदेशी निवेशक लगातार दस कारोबारी सत्रों से भारतीय बाजार में खरीदारी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। उनकी लगातार खरीदारी और कंपनियों के बेहतर नतीजों से ही पिछले हफ्ते बाजार को साप्ताहिक आधार पर मजबूती मिली। अगर अगले हफ्ते भी विदेशी निवेशकों की लिवाली जारी रहती है, तो बाजार को सहारा मिल सकता है। इसके उलट बिकवाली शुरू होने पर बाजार में दबाव बढ़ सकता है।

मिडिल ईस्ट तनाव और महंगे कच्चे तेल ने बढ़ाई चिंता

कच्चे तेल की कीमतें भी बाजार के लिए बड़ा संकेत रहेंगी। मिडिल ईस्ट में तनाव और ऊर्जा सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के कारण ब्रेंट क्रूड करीब 96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। सऊदी अरब के ऊर्जा ढांचे पर हमलों और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग बाधित होने से तेल के दामों में फिर उछाल आया है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ सकती है और कंपनियों की लागत पर दबाव पड़ सकता है। वहीं कीमतों में गिरावट बाजार को राहत देगी।

ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेक्टर के लिए दिग्गज कंपनी एनवीडिया के तिमाही नतीजे बेहद अहम होंगे। कंपनी 17 नवंबर को अपने नतीजे घोषित करने वाली है। इसके वित्तीय आंकड़ों और मैनेजमेंट की टिप्पणी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई सेक्टर को लेकर निवेशकों का रुख तय हो सकता है। इसका सीधा असर भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों पर भी देखने को मिल सकता है।

बढ़ती खुदरा महंगाई से आरबीआई द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने का डर

भारत में महंगाई के ताजा आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ा दी है। अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09% हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54% थी। यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक की 6% की ऊपरी सीमा से भी ज्यादा है। इसके चलते दिसंबर की मौद्रिक नीति बैठक में आरबीआई की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका जताई जा रही है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories