return to news
  1. Lux Industries Demerger: 3 हिस्सों में बंटेगा बिजनेस, निवेशकों को रास नहीं आया फैसला, 7% लुढ़के शेयर

मार्केट न्यूज़

Lux Industries Demerger: 3 हिस्सों में बंटेगा बिजनेस, निवेशकों को रास नहीं आया फैसला, 7% लुढ़के शेयर

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड April 24, 2026, 16:09 IST

सारांश

Lux Industries ने अपने कारोबार को तीन हिस्सों में बांटने यानी डिमर्जर की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। कंपनी के बोर्ड ने 23 अप्रैल को यह फैसला लिया। इसके तहत कंपनी का बिजनेस तीन अलग-अलग वर्टिकल- Vertical A, Vertical B और Vertical C में बांटा जाएगा।

शेयर सूची

Lux Industries

Lux Industries: डिमर्जर के बाद Vertical A और Vertical C के बिजनेस को अलग करके दो नई कंपनियां बनाई जाएंगी।

Lux Industries के शेयरों में आज 24 अप्रैल को 7.48 फीसदी की गिरावट आई है। यह स्टॉक BSE पर 1625 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गया है। दरअसल, कंपनी ने अपने बिजनेस के डिमर्जर यानी कारोबार को अलग-अलग हिस्सों में बांटने का फैसला किया है। कंपनी के बोर्ड ने इस योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। कंपनी का यह कदम निवेशकों को रास नहीं आया और उन्होंने बिकवाली शुरू कर दी। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 4,892.66 करोड़ रुपये पर आ गया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है Lux Industries का प्लान

Lux Industries ने अपने कारोबार को तीन हिस्सों में बांटने यानी डिमर्जर की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। कंपनी के बोर्ड ने 23 अप्रैल को यह फैसला लिया। इसके तहत कंपनी का बिजनेस तीन अलग-अलग वर्टिकल- Vertical A, Vertical B और Vertical C में बांटा जाएगा।

यह फैसला प्रमोटर ग्रुप टोडी फैमिली के बीच हुए फैमिली सेटलमेंट एग्रीमेंट (FSA) के बाद लिया गया है। हालांकि कंपनी खुद इस समझौते का हिस्सा नहीं है, लेकिन इसी के आधार पर बोर्ड ने डिमर्जर को मंजूरी दी।

कंपनी ने बताया कि इस डिमर्जर का प्रस्ताव पहली बार 22 नवंबर 2023 की बोर्ड मीटिंग में मंजूर किया गया था। अब इसे आगे बढ़ाने के लिए इन-प्रिंसिपल अप्रूवल दिया गया है। हालांकि अभी डिमर्जर की प्रभावी तारीख घोषित नहीं की गई है। बाद में इसकी जानकारी शेयरधारकों को दी जाएगी।

कौन-कौन संभालेंगे बिजनेस

डिमर्जर के बाद Vertical A और Vertical C के बिजनेस को अलग करके दो नई कंपनियां बनाई जाएंगी। वहीं Vertical B का बिजनेस Lux Industries के नाम से ही जारी रहेगा। Vertical B का नेतृत्व प्रमोटर प्रदीप कुमार टोडी या PKT परिवार का कोई सदस्य करेगा। Vertical A की नई कंपनी अशोक कुमार टोडी या AKT परिवार के सदस्य के नेतृत्व में चलेगी, जबकि Vertical C को नवीन कुमार टोडी या KKT परिवार का सदस्य संभालेगा।

इस बदलाव के बाद AKT और KKT परिवार का Lux Industries के मैनेजमेंट और कंट्रोल पर कोई अधिकार नहीं रहेगा। कंपनी का कंट्रोल पूरी तरह PKT परिवार के पास रहेगा। डिमर्जर प्रक्रिया के लिए कंपनी ने पश्चिम बंगाल में “Lux” नाम से दो नई पूरी तरह स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां बनाने की भी मंजूरी दी है।

कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन

Lux Industries ने पिछले कुछ समय में अपने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। पिछले 1 महीने में यह शेयर करीब 72 फीसदी चढ़ा है। हालांकि पिछले 6 महीने में इसने करीब 25 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 46 फीसदी भाग चुके हैं। हालांकि पिछले 1 साल में इसने महज 13 फीसदी का मुनाफा कराया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख