return to news
  1. ICICI Prudential AMC देने वाली है ₹30 का डिविडेंड, Q2 नतीजों के बाद शेयरों में दिख रही हलचल

मार्केट न्यूज़

ICICI Prudential AMC देने वाली है ₹30 का डिविडेंड, Q2 नतीजों के बाद शेयरों में दिख रही हलचल

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड October 13, 2026, 10:17 IST

सारांश

ICICI Prudential AMC का ऑपरेशनल प्रदर्शन मोटे तौर पर बाजार के अनुमान के मुताबिक रहा, लेकिन एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में इंडस्ट्री के मुकाबले धीमी बढ़ोतरी, निवेशकों की ओर से ज्यादा पैसा निकालना और मार्केट शेयर में गिरावट जैसी चिंताएं सामने आईं।

ICICI Prudential AMC

ICICI Prudential AMC के लिए पहली चिंता एसेट्स अंडर मैनेजमेंट यानी AUM की धीमी बढ़ोतरी है।

ICICI Prudential Asset Management Company (AMC) के शेयरों में आज 13 अक्टूबर को करीब 1.60 फीसदी की तेजी नजर आई। हालांकि जल्द ही इसने बढ़त गंवा दी और यह लाल निशान पर चला गया। कंपनी ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही के नतीजे घोषित किए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का ऐलान भी किया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.46 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। इसका 52-वीक हाई 3,609.85 रुपये और 52-वीक लो 2,528.90 रुपये है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कैसे रहे तिमाही नतीजे?

ICICI Prudential AMC का ऑपरेशनल प्रदर्शन मोटे तौर पर बाजार के अनुमान के मुताबिक रहा, लेकिन एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में इंडस्ट्री के मुकाबले धीमी बढ़ोतरी, निवेशकों की ओर से ज्यादा पैसा निकालना और मार्केट शेयर में गिरावट जैसी चिंताएं सामने आईं।

कंपनी का रेवेन्यू पिछली तिमाही के 1,564.22 करोड़ रुपये से 7% बढ़कर 1,674 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, यह अनुमान से थोड़ा कम रहा। वहीं, कंपनी का EBITDA 7% बढ़कर 1,215 करोड़ रुपये हो गया, जो 1,206 करोड़ रुपये के अनुमान से थोड़ा बेहतर था।

दूसरी ओर, कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 964.6 करोड़ रुपये से 8% गिरकर 889 करोड़ रुपये रहा। यह 892 करोड़ रुपये के अनुमान के लगभग बराबर था। प्रॉफिट में गिरावट की एक प्रमुख वजह अन्य आय में कमी रही। अन्य आय पिछली तिमाही के 181 करोड़ रुपये से घटकर 17 करोड़ रुपये रह गई।

AUM में धीमी ग्रोथ

ICICI Prudential AMC के लिए पहली चिंता एसेट्स अंडर मैनेजमेंट यानी AUM की धीमी बढ़ोतरी है। AUM का मतलब है कि म्यूचुअल फंड कंपनी निवेशकों के पैसों का कुल कितना प्रबंधन कर रही है।

ICICI Prudential AMC का तिमाही औसत AUM पिछली तिमाही के 11.17 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 11.61 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसमें 3.9% की बढ़ोतरी हुई, जबकि पूरी इंडस्ट्री का AUM 5.1% बढ़ा। इसके चलते कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी 0.10 प्रतिशत अंक घटकर 13.3% रह गई। इक्विटी म्यूचुअल फंड में भी कंपनी की ग्रोथ इंडस्ट्री से पीछे रही। इसका इक्विटी AUM 4.4% बढ़ा, जबकि इंडस्ट्री में 6.6% की बढ़ोतरी हुई। इससे इक्विटी सेगमेंट में मार्केट हिस्सेदारी 0.30 प्रतिशत अंक घटकर 13.7% रह गई।

इसके अलावा कंपनी के सिस्टमैटिक ट्रांजैक्शन पिछली तिमाही के 4,872 करोड़ रुपये से 4.1% घटकर 4,672 करोड़ रुपये रह गए। हाइब्रिड फंड से ज्यादा निकासी भी कंपनी के लिए चिंता का विषय रही। एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी में लगातार गिरावट है। AUM ग्रोथ में इंडस्ट्री से पिछड़ने का असर कंपनी की प्रतिस्पर्धी स्थिति पर पड़ सकता है।

डिविडेंड का ऐलान

ICICI Prudential AMC के बोर्ड ने हर इक्विटी शेयर पर 30 रुपये के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। इसके लिए 21 अक्टूबर को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। पिछले 1 महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 3.40 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले 6 महीने में यह शेयर करीब 12 फीसदी गिरा है। हालांकि इस साल अब तक इसमें 12 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख