return to news
  1. IGX IPO: इंडियन गैस एक्सचेंज के आईपीओ को सेबी की मंजूरी, जानें पूरी डिटेल

मार्केट न्यूज़

IGX IPO: इंडियन गैस एक्सचेंज के आईपीओ को सेबी की मंजूरी, जानें पूरी डिटेल

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 13, 2026, 10:03 IST

सारांश

आईजीएक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश कुमार मेदिरत्ता ने जनवरी में कहा था कि देश का पहला ऑनलाइन डिलिवरी आधारित प्राकृतिक गैस कारोबार मंच दिसंबर, 2026 तक आईपीओ लाने का लक्ष्य रख रहा है।

आईजीएक्स आईपीओ

IGX IPO: आईपीओ लाने की तैयारी तेज, सेबी से मिली मंजूरी (Photo: Shutterstock)

देश के पहले ऑनलाइन डिलीवरी बेस्ड नैचुरल गैस बिजनेस प्लैटफॉर्म इंडियन गैस एक्सचेंज लिमिटेड (आईजीएक्स) को सोमवार को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। नियामक के एक अपडेटेड डीटेल्स से यह जानकारी दी गई है। कंपनी के दस्तावेजों के मसौदे के मुताबिक प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसके तहत प्रमोटर्स इंडियन एनर्जी एक्सचेंज लिमिटेड (आईईएक्स) आईजीएक्स के 1.67 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेगी। क्योंकि यह इश्यू पूरी तरह ओएफएस है, इसलिए आईजीएक्स को आईपीओ से कोई फंड नहीं मिलेगा। इश्यू से मिले पूरे फंड शेयर बेचने वाली कंपनी आईईएक्स को जाएगी। आईजीएक्स ने जुलाई में आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज जमा किए थे। दस्तावेजों की समीक्षा के बाद सेबी ने 12 अक्टूबर को अपनी अंतिम टिप्पणी जारी की।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इस साल अभी तक आईपीओ से जुटाया गया कितना फंड?

सेबी की मंजूरी से कंपनी को नियामकीय आवश्यकताओं के अधीन सार्वजनिक निर्गम की तैयारियां आगे बढ़ाने का रास्ता मिल गया है। यह मंजूरी ऐसे समय मिली है जब आईपीओ के जरिए फंड जुटाने की गतिविधियां तेज हैं। कंपनियों ने साल 2026 में अब तक 96 पब्लिक इश्यू के जरिये 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं। इस महीने कई और आईपीओ आने वाले हैं, जो प्राइमरी मार्केट में लगातार जारी गतिविधियों का संकेत है।

आईपीओ लाने का उद्देश्य

आईजीएक्स ने दस्तावेजों में कहा है कि आईपीओ का मुख्य उद्देश्य शेयर बाजार में अपने इक्विटी शेयर लिस्ट कराने का फायदा उठाना है। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उसकी विजिबिलिटी बढ़ेगी, ब्रांड इमेज मजबूत होगी और उसके शेयरों के लिए पब्लिक मार्केट उपलब्ध होगा। आईईएक्स की आईजीएक्स में 47% से अधिक हिस्सेदारी है। नियमों के तहत उसे यह हिस्सेदारी घटाकर 25% करनी होगी।

IGX के बारे में

आईजीएक्स की स्थापना नवंबर, 2019 में आईईएक्स की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी के रूप में हुई थी। उसके इलेक्ट्रॉनिक गैस कारोबार प्लैटफॉर्म का उद्घाटन जून, 2020 में किया गया था। कंपनी को दिसंबर 2020 में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) से गैस एक्सचेंज के रूप में काम करने की अनुमति मिली थी। आईजीएक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश कुमार मेदिरत्ता ने जनवरी में कहा था कि देश का पहला ऑनलाइन डिलिवरी आधारित प्राकृतिक गैस कारोबार मंच दिसंबर, 2026 तक आईपीओ लाने का लक्ष्य रख रहा है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख