return to news
  1. हिंदुस्तान यूनिलीवर का मुनाफा जून तिमाही में 3% घटा, लेकिन रेवेन्यू में 10% का उछाल, लुढ़के शेयर

मार्केट न्यूज़

हिंदुस्तान यूनिलीवर का मुनाफा जून तिमाही में 3% घटा, लेकिन रेवेन्यू में 10% का उछाल, लुढ़के शेयर

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड July 28, 2026, 10:46 IST

सारांश

Hindustan Unilever का रेवेनयू 10 फीसदी बढ़कर 17,341 करोड़ रुपये हो गया है। नतीजों के बीच कंपनी के शेयरों में 3.73 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 2094.90 रुपये के भाव तक लुढ़क गया।

शेयर सूची

Hindustan Unilever

Hindustan Unilever: कंपनी का नेट प्रॉफिट घटकर 2,673 करोड़ रुपये रह गया है।

HUL Q1 Results: FMCG सेक्टर की मार्केट लीडर हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड ने FY27 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 3 फीसदी घटकर 2,673 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 2,756 करोड़ रुपये था। नतीजों के बीच कंपनी के शेयरों में 3.73 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 2094.90 रुपये के भाव तक लुढ़क गया।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

HUL के रेवेन्यू में 10% की बढ़ोतरी

जून तिमाही के दौरान Hindustan Unilever का रेवेन्यू 10 फीसदी बढ़कर 17,341 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 15,757 करोड़ रुपये था। इसके अलावा कंपनी का EBITDA सालाना 8.4% बढ़कर ₹3,947 करोड़ हो गया, जो पहले ₹3,640 करोड़ था। तिमाही के लिए EBITDA मार्जिन 23% रहा। HUL ने पिछले साल भी इसी तिमाही में 23% का EBITDA मार्जिन दर्ज किया था। जून तिमाही के आखिर में कंपनी का टैक्स खर्च ₹939 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹485 करोड़ था। टैक्स खर्च बढ़ने का असर तिमाही के दौरान कंपनी के मुनाफे पर पड़ा।

अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट का कैसा रहा प्रदर्शन

होम केयर बिजनेस

HUL के होम केयर बिजनेस ने 14% की अंडरलाइंग सेल्स ग्रोथ दर्ज की, जो तीन साल में सबसे ज्यादा ग्रोथ है। साथ ही इसने मार्केट लीडरशिप को भी मजबूत किया। सेगमेंट का रेवेन्यू ₹6554 करोड़ रहा। इसके तहत फैब्रिक वॉश में डबल डिजिट ग्रोथ दिखा, जबकि हाउसहोल्ड केयर (विम लिक्विड) में भी बेहतरीन वॉल्यूम ग्रोथ रही।

ब्यूटी एंड वेलबीइंग सेगमेंट

ब्यूटी एंड वेलबीइंग सेगमेंट के बिजनेस में 12 फीसदी की सेल्स ग्रोथ देखी गई और रेवेन्यू ₹4,083 करोड़ पर पहुंच गया। प्रीमियम हेयर केयर और प्रीमियम स्किन केयर में डबल डिजिट ग्रोथ देखने को मिली। वहीं मिनिमलिस्ट (Minimalist) ब्रांड की मजबूत बढ़त जारी रही।

फूड्स बिजनेस

HUL के फूड्स बिजनेस में 7 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। तिमाही के दौरान प्रीमियम टी में भी लो-सिंगल डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ देखी गई। बूस्ट (Boost) का सालाना रेवेन्यू ₹1,000 करोड़ के पार पहुंच गया, जबकि पैक्ड फूड्स में हाई-सिंगल डिजिट सेल्स ग्रोथ दर्ज की गई।

पर्सनल केयर बिजनेस

पर्सनल केयर बिजनेस की बात करें तो इसका रेवेन्यू 4 फीसदी बढ़ा है। लगातार दूसरे साल पाम ऑयल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही, जिसका असर इस बिजनेस पर दिखा है। इसके तहत स्किन क्लींजिंग में मिड-सिंगल डिजिट ग्रोथ हुई, जबकि प्रीमियम सोप (पियर्स, डव) और बॉडीवॉश में डबल डिजिट ग्रोथ बनी रही।

नतीजों पर HUL के CEO ने क्या कहा?

HUL की MD और CEO प्रिया नायर ने एक बयान में कहा, "जैसे-जैसे मार्केट डेवलपमेंट, चैनल विस्तार और पोर्टफोलियो में बदलाव के लिए हमारे निवेश बढ़ रहे हैं, हम एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार बिजनेस बना रहे हैं। हालांकि हम शॉर्ट-टर्म में तेजी से बदलते माहौल का सामना कर रहे हैं, लेकिन हमारा ध्यान वॉल्यूम-आधारित रेवेन्यू ग्रोथ को बढ़ाने पर बना हुआ है।"

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख