return to news
  1. ऐसा क्या करती है कंपनी कि बाजार ने दे दिया इंडस्ट्री से 6 गुना ज्यादा का PE, हफ्ते भर में 3 गुना हो चुका है पैसा

मार्केट न्यूज़

ऐसा क्या करती है कंपनी कि बाजार ने दे दिया इंडस्ट्री से 6 गुना ज्यादा का PE, हफ्ते भर में 3 गुना हो चुका है पैसा

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड September 10, 2026, 12:03 IST

सारांश

ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयरों ने लिस्टिंग के बाद बाजार में तहलका मचा दिया है। महज 5 ट्रेडिंग सेशंस में कंपनी का शेयर 429 रुपये के आईपीओ प्राइस से उछलकर 1,560 रुपये के पार पहुंच गया है। इससे आईपीओ निवेशकों का पैसा तीन गुना से अधिक बढ़ गया है।

esds-software-solution-share-price-surges

ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयरों में लिस्टिंग के बाद जोरदार तेजी देखी गई। | Image: Instagram/@esds.dc

शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयरों ने रिकॉर्ड तोड़ रिटर्न देकर निवेशकों को मालामाल कर दिया है। महज 5 ट्रेडिंग सेशंस के भीतर इस AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी का शेयर अपने 429 रुपये के आईपीओ प्राइस से बढ़कर 1,560 रुपये के पार पहुंच गया है। इस तूफानी तेजी के चलते आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों को लगभग 264% का बंपर मुनाफा हुआ है और उनका पैसा 3 गुना से भी ज्यादा बढ़ चुका है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

10 सितंबर को बीएसई पर ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का शेयर 1,525 रुपये पर खुलने के बाद 10% का अपर सर्किट लगाकर 1,560.35 रुपये के भाव पर पहुंच गया। इससे पिछले कारोबारी सेशन में भी शेयर में 10% का अपर सर्किट लगा था। वहीं उससे पहले के दो लगातार सेशंस में शेयर ने 20-20% के अपर सर्किट छुए थे। लगातार लग रहे अपर सर्किट की वजह से शेयर बाजार में इस स्टॉक की जबरदस्त चर्चा हो रही है।

लिस्टिंग के दिन ही मिला था 112% का रिटर्न

ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर 4 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 757 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे, जो कि 429 रुपये के इश्यू प्राइस से 76.46% ज्यादा का प्रीमियम था। वहीं बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर यह शेयर 746.30 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ, जो 73.96% प्रीमियम को दिखाता है। लिस्टिंग वाले दिन शुक्रवार 4 सितंबर को ही शेयर में 112% का उछाल दर्ज किया गया था, जिसके बाद से तेजी का यह सिलसिला लगातार जारी है। हैरानी की बात ये है कि कंपनी का जो पीई रेश्यो है वह इंडस्ट्री की तुलना में लगभग 6 गुना ज्यादा हो गया है, और अभी भी तेजी जारी है। कंपनी का पीई रेश्यो 137 है, जो इंडस्ट्री के 18 के तुलना में अधिक है, जो कंपनी के ओवरप्राइस का इशारा कर रहा है।

135 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था आईपीओ

कंपनी का आईपीओ आम निवेशकों के लिए शुक्रवार 28 अगस्त को खुला था और मंगलवार 1 सितंबर को बंद हुआ था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था। बिडिंग के आखिरी दिन तक यह पब्लिक इश्यू 135.88 गुना सब्सक्राइब हो गया था। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 408 रुपये से 429 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था। यह पूरा आईपीओ 720 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू था, जिसमें ऑफर फॉर सेल का कोई हिस्सा शामिल नहीं था।

क्या करती है ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन?

बाजार में इस शेयर की इतनी भारी डिमांड के पीछे कंपनी का अनूठा बिजनेस मॉडल है। ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन भारत में एआई-इनेबल्ड क्लाउड, मैनेज्ड सर्विसेज, डाटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस देने वाली प्रमुख कंपनी है। यह भारत की उन केवल दो कंपनियों में से एक है जो GPU-एज-ए-सर्विस यानी जीपीयूएएएस, क्लाउड, मैनेज्ड सर्विसेज, डाटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस का पूरा सूट एक साथ उपलब्ध कराती हैं।

कंपनी का कस्टमर बेस कई सेक्टर्स और इंडस्ट्रीज में फैला हुआ है। वित्त वर्ष 2026 के दौरान ESDS सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन ने 2,500 से भी अधिक ग्राहकों को अपनी सेवाएं दी हैं। कंपनी के ग्राहकों में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस यानी बीएफएसआई सेक्टर के दिग्गज, पब्लिक सेक्टर ऑर्गनाइजेशन, बड़े बिजनेस और कॉरपोरेट एंटरप्राइजेज शामिल हैं। कंपनी के इसी मजबूत बिजनेस मॉडल और टेक इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से निवेशक इस शेयर पर जमकर दांव लगा रहे हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख