return to news
  1. Dixon Tech और Amber Enterprises के शेयरों में बढ़ी खरीदारी, मोबाइल फोन पर GST में 18% कटौती की उम्मीद

मार्केट न्यूज़

Dixon Tech और Amber Enterprises के शेयरों में बढ़ी खरीदारी, मोबाइल फोन पर GST में 18% कटौती की उम्मीद

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड August 28, 2026, 11:24 IST

सारांश

रिपोर्ट के मुताबिक, GST काउंसिल की अगली बैठक में मोबाइल फोन पर 18% GST को घटाने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। यह बैठक अगले महीने होने की संभावना है। हालांकि अभी बैठक का एजेंडा अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।

शेयर सूची

mobile manufacturing

डिक्सन टेक्नोलॉजीज (इंडिया) लिमिटेड भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री की एक बड़ी कंपनी है।

Dixon Technologies और Amber Enterprises India के शेयरों में आज 28 अगस्त को खरीदारी का माहौल है। Dixon Tech की बात करें तो यह स्टॉक BSE पर 1.29 फीसदी तक उछलकर 14920 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Amber Enterprises India के शेयरों में भी 1.22 फीसदी की तेजी नजर आई और यह 7794.60 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड करता दिखा। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स (GST) काउंसिल मोबाइल फोन पर 18% GST दर में कटौती पर विचार कर सकती है। इस खबर का असर आज मोबाइल फोन बनाने वाली कंपनियों के शेयरों पर दिख रहा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या कहा गया है रिपोर्ट में

Mint की एक रिपोर्ट के मुताबिक, GST काउंसिल की अगली बैठक में मोबाइल फोन पर 18% GST को घटाने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। यह बैठक अगले महीने होने की संभावना है। हालांकि अभी बैठक का एजेंडा अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है, इसलिए GST कटौती को लेकर अभी कोई पक्का फैसला नहीं हुआ है।

यह संभावित GST कटौती ऐसे समय में चर्चा में आई है जब भारत में स्मार्टफोन की मांग कमजोर हो रही है। काउंटरपॉइंट रिसर्ट और IDC के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में भारत में स्मार्टफोन की बिक्री सालाना आधार पर 10-11% कम हुई। यह पिछले छह साल में जून तिमाही के दौरान सबसे बड़ी गिरावट बताई जा रही है।

अगर सरकार मोबाइल फोन पर GST कम करती है, तो इससे फोन की कीमत कम हो सकती है और ग्राहकों की खरीदारी बढ़ सकती है। इससे मोबाइल बनाने वाली कंपनियों और भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी कंपनियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

Dixon Technologies का बिजनेस

डिक्सन टेक्नोलॉजीज (इंडिया) लिमिटेड भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री की एक बड़ी कंपनी है। कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े कई तरह के उत्पाद बनाती है, जिनमें एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन, डीवीडी प्लेयर, मिक्सर-ग्राइंडर, सेट-टॉप बॉक्स और एलईडी लाइटिंग उत्पाद शामिल हैं। डिक्सन कई बड़े ब्रांड्स के लिए भी इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने का काम करती है, जिनमें एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स और फिलिप्स इंडिया जैसे नाम शामिल हैं।

साल 2018 तक डिक्सन ने मोबाइल फोन, सुरक्षा उपकरण और सीसीटीवी कैमरे बनाना शुरू कर दिया था। 2020 में कंपनी ने मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और सेट-टॉप बॉक्स के क्षेत्र में प्रवेश किया। इसके अगले साल यानी 2021 में कंपनी ने पहनने वाले स्मार्ट उपकरणों, दूरसंचार और आईटी हार्डवेयर के क्षेत्र में भी कदम रखा।

अब कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2025-26 में डिक्सन टेक्नोलॉजीज का रेवेन्यू ₹49,585.84 करोड़ रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह ₹38,880.33 करोड़ था। यानी कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 27.53 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट ₹2,070.56 करोड़ रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के ₹1,569.80 करोड़ से 31.90 फीसदी ज्यादा है। वहीं कंपनी का शुद्ध लाभ ₹1,644.25 करोड़ रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह ₹1,232.58 करोड़ था। यानी शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 33.40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

Amber Enterprises India का बिजनेस

Amber Enterprises India भारत की एयर कंडीशनर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री की एक प्रमुख कंपनी है। कंपनी मुख्य रूप से ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर और ओरिजिनल डिजाइन मैन्युफैक्चरर यानी OEM/ODM के लिए काम करती है। हालांकि कंपनी को खास तौर पर रूम एयर कंडीशनर के लिए जाना जाता है, लेकिन यह एयर कंडीशनर के अलावा कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और उनके हिस्सों का भी निर्माण करती है।

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2025-26 में एम्बर एंटरप्राइजेज का रेवेन्यू ₹12,306.64 करोड़ रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह ₹10,046.59 करोड़ था। यानी कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 22.50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

हालांकि, रेवेन्यू बढ़ने के बावजूद कंपनी के मुनाफे में गिरावट आई। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का परिचालन लाभ ₹336.42 करोड़ रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के ₹369.96 करोड़ से 9.07 फीसदी कम है। वहीं कंपनी का शुद्ध लाभ ₹226.45 करोड़ रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह ₹251.15 करोड़ था। यानी शुद्ध लाभ में 9.83 फीसदी की गिरावट आई।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख