मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड July 13, 2026, 11:02 IST
सारांश
एवेन्यू सुपरमार्ट्स यानी डी-मार्ट के शेयरों में सोमवार को 4 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट आई है। कंपनी ने अपनी जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जिसमें नेट प्रॉफिट तो बढ़ा है लेकिन बड़े शहरों में कंपनी की ग्रोथ फ्लैट रही है। इससे निवेशक थोड़े निराश नजर आ रहे हैं।
शेयर सूची

डी-मार्ट के तिमाही नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में 4 पर्सेंट से ज्यादा की भारी गिरावट आई है।
शेयर बाजार में आज एवेन्यू सुपरमार्ट्स यानी डी-मार्ट के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शुरुआती कारोबार में ही डी-मार्ट का शेयर करीब 4.24 पर्सेंट टूटकर 3,908 रुपये के स्तर पर आ गया। इस बड़ी गिरावट की मुख्य वजह कंपनी के पहली तिमाही (जून तिमाही) के नतीजे हैं। कंपनी ने शनिवार को अपने फाइनेंसियल ईयर 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए थे, जिसमें कुछ आंकड़ों ने बाजार और निवेशकों को निराश किया है। आइए समझते हैं कि डी-मार्ट के नतीजों में ऐसा क्या है जिससे शेयर औंधे मुंह गिर गया?
एवेन्यू सुपरमार्ट्स की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 11.33 पर्सेंट बढ़कर 860.44 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 772.81 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। वहीं इस दौरान कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू भी 14.9 पर्सेंट बढ़कर 18,794.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी समय 16,359.70 करोड़ रुपये था। हालांकि इस बार कंपनी का पैट मार्जिन 4.7 पर्सेंट से घटकर 4.6 पर्सेंट रह गया है। इसके अलावा कंपनी के कुल खर्च में भी 15.11 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है और यह 17,637.17 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। अन्य आय को मिलाकर कंपनी की कुल आय 18,820.31 करोड़ रुपये रही है।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अंशुल असावा ने बताया कि उनके दो साल और उससे ज्यादा पुराने डी-मार्ट स्टोर्स में इस तिमाही के दौरान 5.5 पर्सेंट की ग्रोथ हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय यह 7.1 पर्सेंट थी। उन्होंने यह भी बताया कि बड़े महानगरों में जहां पुराने स्टोर्स से प्रति वर्ग फुट ज्यादा रेवेन्यू मिलता है, वहां इस तिमाही में ग्रोथ बिल्कुल फ्लैट रही है। हालांकि छोटे शहरों में कंपनी के स्टोर्स अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वहां ग्रोथ लगातार जारी है। इस तिमाही में कंपनी ने तीन नए स्टोर खोले हैं, जिसमें से दो छोटे शहरों में हैं। इन नए स्टोर्स के जुड़ने के बाद कंपनी के कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 503 हो गई है।
राधाकिशन दमानी और उनके परिवार की तरफ से प्रमोट की जाने वाली इस कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म डी-मार्ट रेडी को लेकर भी अहम जानकारी आई है। एवेन्यू ई-कॉमर्स के सीईओ विक्रम दासू ने बताया कि इस तिमाही में कंपनी ने सात शहरों में अपना ऑनलाइन ऑपरेशन बंद कर दिया है क्योंकि वहां से बहुत कम कमाई हो रही थी। अब डी-मार्ट रेडी देश के सिर्फ 11 शहरों में ही अपनी सर्विस दे रहा है। आपको बता दें कि डी-मार्ट महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पंजाब, आंध्र प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में अपने प्रोडक्ट बेचता है।
डी-मार्ट के इन नतीजों के बाद मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकरेज फर्म्स इस स्टॉक को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं। गोल्डमैन सैक्स, जेपी मॉर्गन, सिटी और जेफरीज जैसी दिग्गज कंपनियों ने बताया है कि क्विक कॉमर्स के बढ़ते ट्रेंड की वजह से डी-मार्ट को बड़े शहरों में कड़ी टक्कर मिल रही है, जिसका सीधा असर इसके रेवेन्यू ग्रोथ पर पड़ा है। जेपी मॉर्गन का मानना है कि स्थिर मार्जिन और धीमी ग्रोथ के कारण स्टॉक में सुस्ती बनी रह सकती है। वहीं सिटी ने बताया है कि ज्यादा खर्च और क्विक कॉमर्स के दबाव के कारण लगातार कई तिमाहियों से कंपनी का प्रॉफिट उसके रेवेन्यू के मुकाबले पीछे रह गया है। इसी वजह से सिटी ने फ्यूचर के लिए अपने रेवेन्यू और ईपीएस के अनुमान को भी घटा दिया है। जेफरीज ने यह भी कहा कि कंपनी का EBITDA मार्जिन बेहतर हुआ है, लेकिन स्टाफ की सैलरी पर होने वाले खर्च में 30 पर्सेंट की भारी बढ़ोतरी ने मुनाफे को कम कर दिया है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख