मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड July 13, 2026, 09:45 IST
सारांश
शेयर बाजार में आज यानी 13 जुलाई को कई बड़ी कंपनियां अपनी पहली तिमाही के नतीजे जारी करने वाली हैं। इनमें एचसीएल टेक और बजाज कंज्यूमर जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ डी-मार्ट को चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने अपने शानदार नतीजे घोषित कर दिए हैं।

13 जुलाई को कई दिग्गज कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे। Image: Shutterstock
शेयर बाजार में इस समय फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजों का सीजन चल रहा है। आज सोमवार यानी 13 जुलाई को कई छोटी और बड़ी कंपनियां अपनी कमाई का लेखा-जोखा पेश करने जा रही हैं। निवेशकों की नजर खास तौर पर टेक और कंज्यूमर सेक्टर की कंपनियों पर टिकी हुई है। इसके साथ ही शनिवार को दिग्गज रिटेल चेन डी-मार्ट को चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने भी अपने शानदार नतीजे जारी किए हैं। आइए जानते हैं कि आज किन कंपनियों के नतीजे आने वाले हैं और डी-मार्ट का प्रदर्शन कैसा रहा है।
सोमवार 13 जुलाई को एक दो नहीं बल्कि कुल 16 अलग-अलग सेक्टर्स की कंपनियां अपने पहली तिमाही के रिजल्ट घोषित करेंगी। इनमें ग्लोबल आईटी सर्विसेज और टेक्नोलॉजी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज का नाम सबसे बड़ा है। इसके अलावा म्यूचुअल फंड मैनेजर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी, सीमेंट बनाने वाली नुवोको विस्टास कॉरपोरेशन, एफएमसीजी प्लेयर बजाज कंज्यूमर केयर, फॉस्फेटिक फर्टिलाइजर बनाने वाली कृष्णा फॉस्केम और मास्टरबैच बनाने वाली प्लास्टिब्लेंड्स इंडिया भी अपने नतीजे जारी करेंगी। इसी लिस्ट में इंटीग्रेटेड ईपीसीसी प्लेयर लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज, खाद बनाने वाली खेतान केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स, विवो बायोटेक, पेपर बनाने वाली सेला स्पेस, चीनी बनाने वाली सिम्भावली शुगर्स, वर्चुअल ग्लोबल एजुकेशन, एनबीएफसी शार्प इन्वेस्टमेंट्स, श्री स्टील वायर रोप्स, महावीर इन्फोवे और कृषि उत्पाद से जुड़ी आईजीसी फॉइल्स के नाम भी शामिल हैं।
आज के नतीजों के अलावा इस पूरे हफ्ते शेयर बाजार में कई दिग्गज कंपनियों के रिजल्ट आने वाले हैं। आने वाले दिनों में रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), जियो फाइनेंसियल सर्विसेज, आईटी दिग्गज विप्रो, कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी होटल्स जैसी बड़ी कंपनियां अपने पहली तिमाही के नतीजे घोषित करेंगी। इन नतीजों से बाजार को एक नया रुख मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को डी-मार्ट का संचालन करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड ने अपना तिमाही रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 11.33 पर्सेंट का शानदार उछाल देखा गया है। जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 860.44 करोड़ रुपये रहा है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के मुताबिक पिछले फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही में यह नेट प्रॉफिट 772.81 करोड़ रुपये था। वहीं अगर कंपनी के ऑपरेशन से रेवेन्यू की बात करें तो इसमें भी 14.9 पर्सेंट की अच्छी बढ़त हुई है। इस रिपोर्टिंग तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 18,794.53 करोड़ रुपये रहा है, जो पिछले साल इसी तिमाही में 16,359.70 करोड़ रुपये था। शनिवार शाम को जारी बयान में कंपनी ने यह भी बताया कि इस बार उनका पैट (PAT) मार्जिन 4.6 पर्सेंट रहा है, जो पिछले साल 4.7 पर्सेंट था।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अंशुल असावा ने इस अच्छे प्रदर्शन पर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि उनके दो साल और उससे ज्यादा पुराने डी-मार्ट स्टोर्स में इस तिमाही के दौरान 5.5 पर्सेंट की ग्रोथ हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय यह 7.1 पर्सेंट थी। उन्होंने यह भी बताया कि बड़े महानगरों में जहां पुराने स्टोर्स से प्रति वर्ग फुट ज्यादा रेवेन्यू मिलता है, वहां इस तिमाही में ग्रोथ बिल्कुल फ्लैट रही है। हालांकि महानगरों के बाहर यानी छोटे शहरों के स्टोर्स में काफी अच्छी ग्रोथ देखने को मिल रही है। अपने व्यापार का विस्तार करते हुए कंपनी ने इस तिमाही में तीन नए स्टोर भी जोड़े हैं। इन नए स्टोर्स के जुड़ने के बाद अब कंपनी के कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 503 हो गई है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख