return to news
  1. 5 अगस्त को खुल रहा है ₹426 करोड़ का आरडी इंडस्ट्रीज IPO, क्या करती है कंपनी, क्या हैं रिस्क फैक्टर्स?

मार्केट न्यूज़

5 अगस्त को खुल रहा है ₹426 करोड़ का आरडी इंडस्ट्रीज IPO, क्या करती है कंपनी, क्या हैं रिस्क फैक्टर्स?

Namita Shukla

5 min read | अपडेटेड July 29, 2026, 11:01 IST

सारांश

आरडी इंडस्ट्रीज आईपीओ का सब्सक्रिप्शन विंडो 5 से 7 अगस्त के बीच खुलेगा, जबकि एंकर इन्वेस्टर की बिडिंग 4 अगस्त को होगी। आरडी इंडस्ट्रीज के शेयरों का अलॉटमेंट 10 अगस्त को फाइनलाइज होने की उम्मीद है, जबकि 12 अगस्त को इसके शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।

आरडी इंडस्ट्रीज आईपीओ

5 अगस्त को खुल रहा है आरडी इंडस्ट्रीज आईपीओ

अगस्त महीने का पहला मेनबोर्ड आईपीओ 5 अगस्त को ओपन होगा। सेकेंडरी मेटल्स और सर्कुलर इकोनॉमी सेक्टर की प्रमुख कंपनी आरडी इंडस्ट्रीज लिमिटेड 5 अगस्त को अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) लॉन्च करेगी। इसके जरिए कंपनी फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल के कॉम्बिनेशन से 426 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। आने वाले आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 50-53 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है, जिससे कंपनी की वैल्यूएशन 1,671 करोड़ रुपये हो जाती है। बुधवार को जारी एक पब्लिक अनाउंसमेंट के मुताबिक, इसका सब्सक्रिप्शन विंडो 5 से 7 अगस्त के बीच खुलेगा, जबकि एंकर इन्वेस्टर की बिडिंग 4 अगस्त को होगी। आरडी इंडस्ट्रीज के शेयरों का अलॉटमेंट 10 अगस्त को फाइनलाइज होने की उम्मीद है, जबकि 12 अगस्त को इसके शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

आरडी इंडस्ट्रीज पर क्यों निवेशकों की नजर है, कंपनी का बिजनेस कितना बड़ा है, इस आईपीओ से जुड़े रिस्क फैक्टर्स क्या हैं? चलिए एक नजर इन सभी सवालों के जवाब पर डालते हैं। कंपनी ने अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है, जिसके बाद निवेशकों के बीच इसकी कारोबारी गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं और वित्तीय स्थिति को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। आरडी इंडस्ट्रीज का कारोबार मुख्य रूप से लेड और लेड एलॉय के निर्माण और रीसाइक्लिंग से जुड़ा है। कंपनी ऑटोमोबाइल, इंडस्ट्रियल बैटरी और अन्य सेक्टरों की जरूरतों के मुताबिक अलग-अलग तरह के लेड प्रोडक्ट्स तैयार करती है।

क्या है आरडी इंडस्ट्रीज का बिजनेस?

आरडी इंडस्ट्रीज का फोकस इस्तेमाल हो चुकी लेड बैटरियों से मेटल की रिकवरी और उसे दोबारा इस्तेमाल योग्य बनाने पर है। कंपनी आधुनिक तकनीक की मदद से लेड स्क्रैप को प्रोसेस कर शुद्ध लेड और अलग-अलग ग्रेड के लेड एलॉय तैयार करती है। रीसाइक्लिंग आधारित बिजनेस मॉडल होने के कारण कंपनी प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का दावा करती है।

कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल बैटरी बनाने, इंडस्ट्रियल उपकरण, ऊर्जा भंडारण और अन्य विनिर्माण क्षेत्रों में किया जाता है। भारत में इलेक्ट्रिक वाहन, टेलीकॉम बैकअप सिस्टम और ऊर्जा भंडारण की बढ़ती मांग भविष्य में इस बिजनेस के लिए मौके पैदा कर सकती है। रीसाइक्लिंग मॉडल अपनाने से कंपनी को नए खनन पर निर्भरता कम रखने का फायदा मिल सकता है। साथ ही, ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग स्पेसिफिकेशन वाले प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराना इसकी बिजनेस स्ट्रैटजी का अहम हिस्सा है।

कंपनी की ताकत क्या है?

आरडी इंडस्ट्रीज ऐसे सेक्टर में काम करती है जहां रीसाइक्लिंग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। पर्यावरणीय नियमों के सख्त होने और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बढ़ते जोर के कारण इस उद्योग में लंबी अवधि के अवसर दिखाई देते हैं।

कंपनी का फोकस क्वॉलिटी, परिचालन दक्षता और कस्टमर्स के साथ लॉन्ग-टर्म संबंध बनाए रखने पर है। अगर वह उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए ग्राहकों को जोड़ने में सफल रहती है, तो भविष्य में कारोबार का विस्तार संभव हो सकता है।

क्या हैं रिस्क फैक्टर्स?

डीआरएचपी के मुताबिक आरडी इंडस्ट्रीज के प्रमुख रिस्क फैक्टर्स कुछ इस तरह हैं-

कंपनी की आय का बड़ा हिस्सा कुछ चुनिंदा ग्राहकों से आता है। फाइनेंशियल ईयर 2025 में अकेले सबसे बड़े ग्राहक का योगदान लगभग 51.22% था। अगर इनमें से कोई बड़ा ग्राहक कारोबार बंद कर दे या ऑर्डर कम कर दे, तो कंपनी की आय और मुनाफे पर बड़ा असर पड़ सकता है।

कंपनी की लगभग 87% से 91% आय बैटरी और मेटल उद्योग से आती है। अगर इन उद्योगों में मांग घटती है, तो आरडी इंडस्ट्रीज का कारोबार भी प्रभावित हो सकता है।

कंपनी को इंटरनेशनल गुणवत्ता मानकों का पालन करना पड़ता है। यदि उत्पादों की गुणवत्ता में कमी आती है, तो ऑर्डर रद्द हो सकते हैं, उत्पाद वापस मंगाने पड़ सकते हैं और कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। DRHP में एक गुणवत्ता संबंधी रिटर्न का भी उल्लेख है।

कंपनी तीसरे पक्ष के सप्लायरों से कच्चा माल खरीदती है। टॉप 10 सप्लायरों से कुल खरीद का लगभग 51–54% आता है। अगर सप्लाई बाधित होती है या लेड स्क्रैप की कीमतें बढ़ती हैं, तो लागत और मुनाफे पर असर पड़ सकता है।

यह श्रम-प्रधान उद्योग है। यदि कॉन्ट्रैक्ट लेबर उपलब्ध न हो, मजदूरी बढ़ जाए या श्रमिक विवाद हो जाए, तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है।

कंपनी के अधिकांश ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक अनुबंध नहीं हैं। इसलिए ग्राहक कभी भी दूसरे सप्लायर चुन सकते हैं या बेहतर कीमत की मांग कर सकते हैं। कंपनी के कारोबार के लिए लगातार कार्यशील पूंजी और अतिरिक्त वित्त की जरूरत रहती है। अगर भविष्य में समय पर फंड नहीं मिला, तो विस्तार योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

लेड और कच्चे माल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बदलती रहती हैं। कीमतों में अधिक उतार-चढ़ाव कंपनी के मार्जिन और लाभ पर नकारात्मक असर डाल सकता है।

कंपनी का वर्तमान विस्तार अपेक्षाकृत नया है। इसलिए पिछले वर्षों का प्रदर्शन भविष्य में भी उसी तरह जारी रहेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है। कंपनी निर्यात बढ़ा रही है। विदेशी बाजारों में नियमों, मुद्रा विनिमय दर, राजनीतिक परिस्थितियों और व्यापार नीतियों में बदलाव से कारोबार प्रभावित हो सकता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख