मार्केट न्यूज़

3 min read | अपडेटेड July 28, 2026, 13:33 IST
सारांश
नई CEO नंदिता सिन्हा भारतीय ई-कॉमर्स इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह इससे पहले मिंत्रा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रह चुकी हैं। दो दशक से अधिक के अपने करियर में उन्होंने मिंत्रा, फ्लिपकार्ट, ब्रिटानिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी बड़ी कंपनियों में नेतृत्व की जिम्मेदारियां निभाई हैं।
शेयर सूची

स्विगी की नई CEO नंदिता सिन्हा कौन हैं? (Photo: Shutterstock)
क्विक कॉमर्स सेक्टर की टॉप कंपनियों में शुमार स्विगी ने अपनी ग्रॉसरी डिलीवरी सर्विस इंस्टामार्ट के नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि इंस्टामार्ट के मौजूदा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अमितेश कुमार झा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह पर 3 अगस्त 2026 से नंदिता सिन्हा इंस्टामार्ट की नई CEO की जिम्मेदारी संभालेंगी। कंपनी का मानना है कि यह बदलाव इंस्टामार्ट के अगले डेवलपमेंट फेज को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। इसका असर स्विगी के शेयरों पर देखने को मिला है, दोपहर 1 बजे के करीब स्विगी के शेयर करीब 4% यानी कि 10 रुपये प्रति शेयर के आस-पास उछलकर 268 रुपये प्रति शेयर के आस-पास ट्रेड हो रहे थे।
अमितेश कुमार झा ने अन्य पेशेवर मौकों को अपनाने के लिए इस्तीफा दिया है। कंपनी ने उनके कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में इंस्टामार्ट ने तेजी से विस्तार किया और कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इस दौरान कंपनी ने कस्टमर्स के लिए नई सर्विसेज शुरू कीं, अपने कारोबार को मजबूत बनाया और प्रॉफिटिबिलिटी की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति की। स्विगी ने उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
नई CEO नंदिता सिन्हा भारतीय ई-कॉमर्स इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह इससे पहले मिंत्रा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रह चुकी हैं। दो दशक से अधिक के अपने करियर में उन्होंने मिंत्रा, फ्लिपकार्ट, ब्रिटानिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी बड़ी कंपनियों में नेतृत्व की जिम्मेदारियां निभाई हैं। कस्टमर्स की जरूरतों को समझने, बड़े स्तर पर कारोबार बढ़ाने और मजबूत टीम तैयार करने की उनकी क्षमता को इंडस्ट्री में काफी सराहा जाता है। उनकी एजुकेशन आईआईटी (बीएचयू) और एफएमएस दिल्ली से है।
स्विगी के प्रबंध निदेशक और ग्रुप CEO श्रीहर्षा मजेटी ने कहा कि नंदिता सिन्हा का एक्सपीरियंस और नेतृत्व क्षमता इंस्टामार्ट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगी। उनके मुताबिक, कंपनी अब ग्राहकों को बेहतर सर्विसेज देने, परिचालन को और अधिक कुशल बनाने और प्रॉफिटेबल ग्रोथ पर खास ध्यान देगी। वहीं नंदिता सिन्हा ने कहा कि वह इंस्टामार्ट से जुड़कर बेहद उत्साहित हैं और कंपनी की कस्टमर-सेंट्रिक संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए पूरी टीम के साथ मिलकर काम करेंगी। इंस्टामार्ट ने अगस्त 2020 में अपनी शुरुआत की थी और आज यह भारत के 131 से अधिक शहरों में क्विक कॉमर्स सर्विसेज दे रही है।
कंपनी आधुनिक तकनीक और मजबूत डिलीवरी नेटवर्क के जरिए कस्टमर्स तक कुछ ही मिनटों में किराना और डेली इस्तेमाल का सामान पहुंचाने का दावा करती है। भारत में तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स मार्केट में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, ऐसे में अनुभवी नेतृत्व कंपनी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह नेतृत्व परिवर्तन केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि स्विगी की भविष्य की रणनीति का हिस्सा है। नंदिता सिन्हा के अनुभव से इंस्टामार्ट को प्रतिस्पर्धी बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत करने, नए ग्राहकों को जोड़ने और प्रॉफिटेबल ग्रोथ की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनके नेतृत्व में इंस्टामार्ट किस तरह अपने कारोबार का विस्तार करता है और भारतीय क्विक कॉमर्स बाजार में नई उपलब्धियां हासिल करता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख