return to news
  1. Anthropic के आईपीओ पेपर्स में चमके 3 भारतीय नाम, करोड़ों की सैलरी और शेयर पैकेज का खुलासा

मार्केट न्यूज़

Anthropic के आईपीओ पेपर्स में चमके 3 भारतीय नाम, करोड़ों की सैलरी और शेयर पैकेज का खुलासा

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 29, 2026, 13:11 IST

सारांश

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक नैस्डैक पर लिस्ट होने जा रही है। कंपनी के आईपीओ प्रॉस्पेक्टस में तीन भारतीय मूल के दिग्गजों कृष्णा राव, वास नरसिम्हन और नील बडी शाह की अहम भूमिका सामने आई है।

anthropic-ipo-prospectus-indian-origin

एआई स्टार्टअप एंथ्रोपिक की शेयर बाजार में लिस्टिंग होने वाली है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिग्गज कंपनी एंथ्रोपिक शेयर बाजार में उतरने जा रही है। कंपनी ने नैस्डैक पर 'ANT' सिंबल के तहत लिस्टिंग के लिए अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पास 26 अक्टूबर 2026 को अपना प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया है। इस प्रॉस्पेक्टस में तीन भारतीय मूल के चेहरों की अहम भूमिका सामने आई है। इनमें कृष्णा राव चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर यानी CFO हैं, वास नरसिम्हन इसके बोर्ड डायरेक्टर हैं, जबकि नील बडी शाह कंपनी के लॉन्ग-टर्म बेनिफिट ट्रस्ट में शामिल हैं। इन तीनों दिग्गजों को कंपनी की तरफ से करोड़ों रुपये का अलग-अलग पे पैकेज दिया जा रहा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सीएफओ कृष्णा राव को मिले करोड़ों रुपये और शेयर ऑप्शंस

कृष्णा राव अप्रैल 2024 से एंथ्रोपिक के सीएफओ पद पर हैं। इससे पहले वे फैनाटिक्स कॉमर्स और एयरबीएनबी जैसी कंपनियों में काम कर चुके हैं। प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, साल 2025 में कृष्णा राव को कुल 7,20,250 डॉलर (करीब 6.87 करोड़ रुपये) का पैकेज मिला। इसमें 7,06,250 डॉलर (लगभग 6.73 करोड़ रुपये) सैलरी और 14,000 डॉलर (करीब 13.35 लाख रुपये) रिटायरमेंट कंट्रीब्यूशन था। उनकी सैलरी पहले 7,00,000 डॉलर (करीब 6.67 करोड़ रुपये) थी, जो दिसंबर में बढ़कर 8,50,000 डॉलर (लगभग 8.10 करोड़ रुपये) हो गई। साल 2024 में उन्हें 1.30 डॉलर (करीब 124 रुपये) के भाव पर 1.4 करोड़ शेयर ऑप्शंस मिले थे, जिनमें से कुछ ऑप्शंस भुनाकर उन्होंने 3,85,285 डॉलर (लगभग 3.67 करोड़ रुपये) कमाए। साल 2026 में उनकी सालाना सैलरी बढ़कर 12.5 लाख डॉलर (करीब 11.92 करोड़ रुपये) हो गई। इसके अलावा उन्हें लाखों नए शेयर ऑप्शंस भी दिए गए हैं।

बोर्ड डायरेक्टर वास नरसिम्हन को मिलेगा कैश और स्टॉक अवॉर्ड

नोवार्टिस के सीईओ वास नरसिम्हन अप्रैल 2026 में एंथ्रोपिक के बोर्ड में शामिल हुए। कड़े नियमों वाले बड़े उद्योग चलाने का अनुभव रखने वाले नरसिम्हन को सितंबर 2026 की नई नीति के तहत भुगतान मिलेगा। इस नीति के अनुसार गैर-कर्मचारी डायरेक्टर्स को 1,00,000 डॉलर (करीब 95.33 लाख रुपये) सालाना कैश और 3,25,000 डॉलर (लगभग 3.10 करोड़ रुपये) के स्टॉक अवॉर्ड मिलेंगे। इसके अतिरिक्त वे कंपनसेशन कमेटी के चेयरमैन भी हैं, जिसके लिए उन्हें 30,000 डॉलर (करीब 28.60 लाख रुपये) मिलेंगे। इस तरह उनका कुल सालाना पैकेज 4,55,000 डॉलर (लगभग 4.34 करोड़ रुपये) बैठता है।

ट्रस्ट के चेयरमैन नील शाह को मिलती है तय सालाना फीस

नील बडी शाह जून 2023 से कंपनी के लॉन्ग-टर्म बेनिफिट ट्रस्ट के ट्रस्टी और चेयरमैन हैं। यह ट्रस्ट एंथ्रोपिक के मिशन की रक्षा करता है और बोर्ड मेंबर्स को चुनता है। नियमों के तहत प्रत्येक ट्रस्टी को 4,00,000 डॉलर (करीब 3.81 करोड़ रुपये) सालाना कैश मिलता है। शाह को चेयरमैन के नाते 25,000 डॉलर (लगभग 23.83 लाख रुपये) अतिरिक्त मिलते हैं, जिससे उनकी कुल सालाना फीस 4,25,000 डॉलर (करीब 4.05 करोड़ रुपये) बैठती है। ट्रस्ट के नियमों के अनुसार वे कंपनी के शेयर नहीं ले सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने ट्रस्ट को 84 लाख डॉलर (लगभग 80.08 करोड़ रुपये) की फंडिंग भी दी है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories