मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड October 28, 2026, 12:39 IST
सारांश
रिलायंस ग्रुप में आकाश अंबानी जियो, ईशा अंबानी रिटेल और अनंत अंबानी न्यू एनर्जी संभाल रहे हैं। मौजूदा समय में 12.5 लाख करोड़ रुपये वैल्यूएशन के साथ आकाश का जियो सबसे आगे है। वहीं रेवेन्यू में ईशा का रिटेल और भविष्य की ग्रोथ में अनंत का ग्रीन एनर्जी बिजनेस आगे दिख रहा है।
शेयर सूची

आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी रिलायंस ग्रुप के अलग-अलग प्रमुख बिजनेस की कमान संभाल रहे हैं।
शेयर बाजार में आज शानदार प्रीमियम के साथ लिस्ट हुई जियो आईपीओ के बाद एक बार फिर अंबानी परिवार के कारोबार पर पूरे देश की नजर टिक गई है। इस कारोबारी परिवार के साथ अच्छी बात ये है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज में अगली पीढ़ी की कमान पूरी तरह तय हो चुकी है। मुकेश अंबानी के तीनों बच्चे आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी अलग-अलग कारोबारी क्षेत्रों का नेतृत्व कर रहे हैं। आकाश के पास जियो और डिजिटल सर्विसेज की कमान है। ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल का कारोबार देख रही हैं, जबकि छोटे बेटे अनंत न्यू एनर्जी और ग्रीन एनर्जी बिजनेस की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसलिए चलिए ये समझते हैं कि वैल्यूएशन, रेवेन्यू और ग्रोथ के पैमाने पर किसका बिजनेस सबसे आगे है।
आकाश अंबानी रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन हैं। एक्सचेंज आंकड़ों के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स का वैल्यूएशन करीब 12.5 लाख करोड़ रुपये (लगभग 145 बिलियन डॉलर) आंका गया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 1.47 लाख करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 30,049 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का EBITDA भी 76,255 करोड़ रुपये रहा। जियो के पास 53 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं और देश के डेटा ट्रैफिक का 60% हिस्सा इसी नेटवर्क से आता है। आकाश की जिम्मेदारी 5G, जियोएयरफाइबर, क्लाउड और एआई प्लेटफॉर्म 'जियोब्रेन' के विस्तार की है। भविष्य में अपनी 5G तकनीक को विदेशी कंपनियों को बेचकर जियो एक ग्लोबल टेक कंपनी बनने की तैयारी कर रही है। हालांकि वह अपनी मां नीता अंबानी के साथ मुंबई की आईपीएल टीम की देखभाल भी करते हैं।
ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल वेंचर्स का नेतृत्व कर रही हैं। कंपनी रिपोर्ट और ब्रोकरेज अनुमान के अनुसार, रिलायंस रिटेल का वैल्यूएशन लगभग 100 से 111 बिलियन डॉलर (करीब 9 लाख करोड़ रुपये) माना गया है। वित्त वर्ष 2026 का रेवेन्यू 11.8% बढ़कर 3.7 लाख करोड़ रुपये हो गया। ईशा की देखरेख में ग्रोसरी, फैशन और जियोमार्ट का बड़ा विस्तार हुआ है। देश भर में इसके 18,000 से अधिक स्टोर्स चल रहे हैं। कंपनी ने मेट्रो कैश एंड कैरी और नेटमेड्स जैसे ब्रांड्स का अधिग्रहण भी किया है। भारत में रिटेल की बढ़ती मांग और विदेशी ब्रांड्स के साथ पार्टनरशिप से इस बिजनेस का भविष्य काफी शानदार माना जा रहा है।
अनंत अंबानी रिलायंस के न्यू एनर्जी और ग्रीन बिजनेस की कमान संभाल रहे हैं। कंपनी घोषणाओं के अनुसार, रिलायंस ने इस सेक्टर में 75,000 करोड़ रुपये (करीब 10 बिलियन डॉलर) का निवेश किया है। विश्लेषकों का मानना है कि जामनगर गीगा कॉम्प्लेक्स पूरा होने पर इस बिजनेस का वैल्यूएशन 35 से 50 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। अनंत की जिम्मेदारी सोलर पैनल्स, ग्रीन हाइड्रोजन और बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट्स को खड़ा करने की है। कार्बन मुक्त दुनिया की मांग को देखते हुए यह क्लीन एनर्जी बिजनेस आने वाले 10 से 20 सालों में रिलायंस का सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन बन सकता है। इसके साथ अनंत अंबानी के पास दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी में से एक जामनगर रिफाइनरी की कमान भी है, जो वह अपने पिता के साथ संभाल रहे हैं। अनंत अंबानी इसमें एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रोल में हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख