return to news
  1. बिहार में मिला रेयर अर्थ मिनिरल्स का भंडार, सोने की खान मिलने की भी उम्मीद, पूरी डीटेल यहां

बिजनेस न्यूज़

बिहार में मिला रेयर अर्थ मिनिरल्स का भंडार, सोने की खान मिलने की भी उम्मीद, पूरी डीटेल यहां

Upstox

2 min read | अपडेटेड May 19, 2026, 15:52 IST

सारांश

भागलपुर जिले के बटेश्वरस्थान क्षेत्र में दुर्लभ मृदा तत्वों (Rare Earth Elements, REE) के महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं। इसके अलावा जिले में क्रोमाइट के भंडार की भी संभावनाएं जताई गई हैं। गौरतलब है कि आरईई 17 प्राकृतिक धात्विक तत्वों का ग्रुप है।

दुर्लभ खनिज

बिहार में दुर्लभ खनिजों का भंडार मिला, 14 ब्लॉक की नीलामी जल्द (Photo: Shutterstock)

बिहार के खान एवं भू-तत्व मंत्री (Mines and Geology Minister) प्रमोद कुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में दुर्लभ खनिज तत्वों का भंडार मिला है और इनके व्यावसायिक खनन का प्रोसेस जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण दुर्लभ खनिजों के 14 ब्लॉक की पहचान की है जिनकी नीलामी जल्द शुरू होने की संभावना है। प्रमोद कुमार ने कहा कि इनमें पैलेडियम, टाइटेनियम, ग्लॉकोनाइट, कोबाल्ट और अन्य खनिज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बांका जिले में कोबाल्ट मिला है और इसकी भी जल्द नीलामी की जाएगी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

भागलपुर जिले के बटेश्वरस्थान क्षेत्र में दुर्लभ मृदा तत्वों (Rare Earth Elements, REE) के महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं। इसके अलावा जिले में क्रोमाइट के भंडार की भी संभावनाएं जताई गई हैं। गौरतलब है कि आरईई 17 प्राकृतिक धात्विक तत्वों का ग्रुप है। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से मिसाइल, रडार, लड़ाकू विमान, ड्रोन और सैन्य संचार उपकरणों, इलेक्ट्रिक वाहन, स्मार्टफोन, लैपटॉप, टीवी स्क्रीन, स्पीकर, कैमरा लेंस और हार्ड डिस्क में होता है। ये तत्व पृथ्वी की सतह पर पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं लेकिन इनके आर्थिक रूप से उपयोगी सघन भंडार अपेक्षाकृत कम मिलते हैं।

क्या-क्या शामिल है इन तत्वों में?

इन तत्वों में लैंथेनम, सेरियम, प्रसीओडाइमियम, नियोडाइमियम, प्रोमेथियम, समेरियम, यूरोपियम, गैडोलिनियम, टर्बियम, डिस्प्रोसियम, होल्मियम, एर्बियम, थुलियम, यिटरबियम, ल्यूटेशियम, स्कैंडियम और यिट्रियम शामिल हैं। केंद्र सरकार नवादा जिले में वैनाडियम युक्त मैग्नेटाइट और इल्मेनाइट के एक खनन ब्लॉक और रोहतास जिले में ग्लॉकोनाइट के तीन ब्लॉकों की नीलामी करने जा रही है। पब्लिक सेक्टर की यूनिट मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉरपोरेशन (एमएसटीसी) ने इनके लिए खनन बोलियां आमंत्रित की हैं और 20 मई के बाद नीलामी प्रोसेस शुरू होगा।

सोने के भंडार मिलने की भी उम्मीद

प्रमोद कुमार ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों, खासकर झारखंड से सटे दक्षिणी बिहार क्षेत्रों में व्यापक खनिज अन्वेषण गतिविधियां चल रही हैं। इसके तहत हवाई सर्वेक्षण (एरियल सर्वे), उपग्रह चित्रण (सैटेलाइट इमेज), पुराने आंकड़ों के विश्लेषण (हिस्टॉरिकल डेटा एनालिसिस) और जमीनी अध्ययन (ग्राउंड स्टडीज) किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘जमुई जिले के सोनो क्षेत्र में सोने के भंडार होने के संकेत मिले हैं। वहां सर्वेक्षण जारी है और रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।’ कुमार ने बताया कि बांका जिले के पिंडारक क्षेत्र में तांबे के भंडार मिले हैं और इसके खनन की व्यवहार्यता का आकलन किया जा रहा है।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख