return to news
  1. भारत और नेपाल के बीच मजबूत हुए रिश्ते, आयुर्वेद से लेकर अंतरिक्ष तक इन 8 बड़े सेक्टर्स में हुआ करार

बिजनेस न्यूज़

भारत और नेपाल के बीच मजबूत हुए रिश्ते, आयुर्वेद से लेकर अंतरिक्ष तक इन 8 बड़े सेक्टर्स में हुआ करार

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 23, 2026, 17:04 IST

सारांश

भारत और नेपाल ने आपसी संबंधों को मजबूत करते हुए आठ अहम समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें अंतरिक्ष, आयुर्वेद, शहरी विकास और सिविल सर्वेंट्स की ट्रेनिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

india-nepal-mous-signed-development

भारत और नेपाल के बीच सहयोग का नया अध्याय शुरू हुआ है।

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रिश्तों को अब विकास और तकनीक की नई उड़ान मिल रही है। दोनों पड़ोसी देशों ने आपसी सहयोग को और गहरा करने के लिए आठ महत्वपूर्ण समझौतों यानी मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। ये समझौते शिक्षा, पुलिस ट्रेनिंग, अंतरिक्ष विज्ञान, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे अहम सेक्टर्स से जुड़े हैं। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले कई बड़े प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत की गई है। इन कदमों से सीमा पर रहने वाले लोगों के साथ-साथ दोनों देशों के आम नागरिकों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अंतरिक्ष, आयुर्वेद और ट्रेनिंग से जुड़े अहम समझौते

दोनों देशों के बीच जो आठ प्रमुख समझौते हुए हैं, वे अलग-अलग क्षेत्रों में तकनीकी और शैक्षिक सहयोग को बढ़ावा देंगे। इनमें सबसे अहम करार भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच हुआ है। इसके तहत साउथ एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए नेपाल में सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा दोनों सरकारों ने आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के साथ-साथ स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए भी दो अलग-अलग एमओयू साइन किए हैं।

शिक्षा और ट्रेनिंग के मोर्चे पर भी बड़े समझौते हुए हैं। गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच रिसर्च के लिए करार हुआ है। इसी तरह भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल की नेशनल पुलिस अकैडमी भी अब मिलकर काम करेंगी। इसके साथ ही नेपाल के सिविल सर्वेंट्स की कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग के लिए भारत का नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल का एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज एक साथ आए हैं। बाकी दो समझौते सस्टेनेबल अर्बन डेवलपमेंट और पशुधन तथा मत्स्य विकास (लाइवस्टॉक एंड फिशरीज) को लेकर किए गए हैं।

कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू

समझौतों के अलावा दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी और व्यापार को आसान बनाने के लिए कई प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए गए हैं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या और जनकपुर के बीच नई सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत की गई है। सीमा पार आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए धारचूला (भारत) और दार्चुला (नेपाल) के बीच एक नए क्रॉस-बॉर्डर मोटरेबल ब्रिज का उद्घाटन किया गया है। इसके साथ ही बनबसा में एक नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) की आधारशिला रखी गई है, जबकि भैरहवा, सुनौली और दोधरा चांदनी में आईसीपी का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

एनर्जी सेक्टर में भी दोनों देशों ने बड़े कदम उठाए हैं। 669 मेगावाट वाले लोअर अरुण हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की नींव रखी गई है। इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन के लिए झापा में एक नए पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास भी किया गया है।

नेपाल को मिला 24 हजार करोड़ का डेवलपमेंट पैकेज

इस दौरे का एक और बड़ा आकर्षण पीएम मोदी द्वारा नेपाल के लिए की गई आर्थिक मदद की घोषणा रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और देश के लॉन्ग टर्म विकास को सपोर्ट करने के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज का ऐलान किया है। इस भारी-भरकम पैकेज से नेपाल को अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा खड़ा करने और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में काफी मदद मिलेगी।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories