return to news
  1. धनतेरस से पहले सोने-चांदी में अचानक जोरदार उछाल, क्यों बढ़ रहे दाम और आगे क्या होगा? जानें अपने शहर का भाव

बिजनेस न्यूज़

धनतेरस से पहले सोने-चांदी में अचानक जोरदार उछाल, क्यों बढ़ रहे दाम और आगे क्या होगा? जानें अपने शहर का भाव

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 05, 2026, 07:57 IST

सारांश

अमेरिकी डॉलर कमजोर होने से सोने और चांदी को फायदा मिलता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन दोनों धातुओं की कीमत डॉलर में तय होती है। जब डॉलर कमजोर होता है, तो दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना और चांदी खरीदना सस्ता हो जाता है। इससे इनकी मांग और कीमतों को सहारा मिलता है।

Gold Silver

भारत में सोने-चांदी में तेजी की एक वजह धनतेरस से पहले बाजार में बढ़ती खरीदारी भी है।

लंबे समय की गिरावट के बाद सोने और चांदी ने आज 05 नवंबर को जोरदार वापसी की है। bullion.co.in के अनुसार आज 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत बढ़कर 143,770 रुपये पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ आज चांदी की कीमत भी बढ़कर 188,210 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का कमजोर होना है। अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक अनिश्चितता कम हुई है। इससे दुनियाभर के वित्तीय बाजारों में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

COMEX बाजार में सोने का भाव 1.53 फीसदी बढ़कर 4135.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं, चांदी 1.76 फीसदी के उछाल के साथ 53.20 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी। भारत में MCX पर सोने की कीमत 143,293 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 187,580 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है।

आपके शहर में सोने की कीमत

यहां देश के 6 बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम दिए गए हैं।

  • दिल्ली: ₹143,270 प्रति 10 ग्राम
  • मुंबई: ₹143,510 प्रति 10 ग्राम
  • कोलकाता: ₹143,320 प्रति 10 ग्राम
  • चेन्नई: ₹143,930 प्रति 10 ग्राम
  • बेंगलुरु: ₹143,630 प्रति 10 ग्राम
  • हैदराबाद: ₹143,740 प्रति 10 ग्राम

अलग-अलग शहरों में चांदी की कीमत

प्रमुख मेट्रो शहरों में 999 फाइन सिल्वर की कीमतें यहां दी गई है।

  • दिल्ली: ₹187,540 प्रति किलोग्राम
  • मुंबई: ₹187,870 प्रति किलोग्राम
  • कोलकाता: ₹187,620 प्रति किलोग्राम
  • चेन्नई: ₹188,410 प्रति किलोग्राम
  • बेंगलुरु: ₹188,020 प्रति किलोग्राम
  • हैदराबाद: ₹188,160 प्रति किलोग्राम

अचानक क्यों आया सोने-चांदी में उछाल

अमेरिकी डॉलर कमजोर होने से सोने और चांदी को फायदा मिलता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन दोनों धातुओं की कीमत डॉलर में तय होती है। जब डॉलर कमजोर होता है, तो दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना और चांदी खरीदना सस्ता हो जाता है। इससे इनकी मांग और कीमतों को सहारा मिलता है।

दूसरी तरफ अमेरिकी चुनाव के नतीजों के बाद वहां सरकारी नीतियों को लेकर राजनीतिक खींचतान बढ़ने और सरकार के फैसलों में देरी की आशंका है। बाजार को लगता है कि इससे सरकारी खर्च और आर्थिक विकास पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड की ब्याज दरों में गिरावट आई है। इससे भी सोने और चांदी की कीमतों को समर्थन मिला है।

भारत में सोने-चांदी में तेजी की एक वजह धनतेरस से पहले बाजार में बढ़ती खरीदारी भी है। इस साल धनतेरस 6 नवंबर को है। हाल में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आने के बाद ग्राहकों को खरीदारी के बेहतर मौके मिले हैं। हालांकि, ज्वेलर्स का मानना है कि इस बार बिक्री पिछले साल के मुकाबले लगभग स्थिर रह सकती है।

आगे इन फैक्टर्स पर रखें नजर

आने वाले दिनों में अमेरिकी डॉलर की चाल, अमेरिकी बॉन्ड की ब्याज दरें, रोजगार से जुड़े आंकड़े और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को लेकर फैसले अहम होंगे। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच संबंधों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोना और चांदी हाल की गिरावट के बाद फिर से संभल रहे हैं। तकनीकी भाषा में कहें तो दोनों धातुएं ओवरसोल्ड स्तर से रिकवरी कर रही हैं। इसका मतलब है कि लगातार गिरावट के बाद अब इनकी कीमतों में दोबारा सुधार देखने को मिल रहा है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories