return to news
  1. किसानों के खातों में आएंगे ₹18,680 करोड़, 30 अक्टूबर को PM-KISAN की अगली किस्त जारी करेंगे पीएम

पर्सनल फाइनेंस

किसानों के खातों में आएंगे ₹18,680 करोड़, 30 अक्टूबर को PM-KISAN की अगली किस्त जारी करेंगे पीएम

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 29, 2026, 09:33 IST

सारांश

प्रधानमंत्री भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित करेंगे।

पीएम किसान 24वीं किस्त

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को पात्र किसानों को मिलेगी। (Photo: Shutterstock)

PM Kisan सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को 24वीं किस्त कल यानी कि 30 अक्टूबर को मिल जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल गुजरात के बनासकांठा जिले में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। राज्य के कृषि मंत्री जीतू वघानी ने यह जानकारी दी। मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वघानी ने कहा कि प्रधानमंत्री भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि गुजरात में 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता मिलेगी। वघानी ने यह जानकारी भिलड़ी में आयोजित होने वाले ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ की तैयारियों की समीक्षा के बाद दी। प्रधानमंत्री इस दौरान बनास डेयरी द्वारा थराद और राधनपुर में स्थापित किए जा रहे दो संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्रों की आधारशिला भी रखेंगे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

थराद संयंत्र में प्रतिदिन 75 टन गोबर का प्रसंस्करण किया जाएगा, जबकि राधनपुर संयंत्र की क्षमता प्रतिदिन 100 टन होगी। इन दोनों संयंत्रों के जुड़ने से बनास मॉडल के तहत बायो-सीएनजी संयंत्रों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। इनकी कुल गोबर प्रसंस्करण क्षमता 515 टन प्रतिदिन होगी। गोबर से उत्पादित बायो-सीएनजी रियायती दरों पर बेची जाती है। बनासकांठा डेयरी फिलहाल प्रतिदिन लगभग 6,100 किलोग्राम बायो-सीएनजी की आपूर्ति कर रही है। इन छह संयंत्रों से हर साल 33,400 से 34,600 टन कार्बन उत्सर्जन कम होने का अनुमान है।

वघानी ने बताया कि मोदी 30 अक्टूबर को 328.77 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) का उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री बनास डेयरी की आलू प्रसंस्करण क्षमता विस्तार परियोजना और उसके अति उच्च तापमान (यूएचटी) संयंत्र में स्वचालित भंडारण एवं पुनर्प्राप्ति प्रणाली (एएसआरएस) का भी उद्घाटन करेंगे। पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। वघानी ने बताया कि योजना की पिछली 23 किस्तों के माध्यम से देशभर में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, गुजरात के लाभार्थियों को 24,137 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories