पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड October 30, 2026, 13:15 IST
सारांश
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। इसका मकसद किसानों को खेती और उससे जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक मदद देना है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

PM Kisan: यह रकम एक साथ नहीं मिलती, बल्कि साल में तीन किस्तों में बांटी जाती है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के लाभार्थी किसानों के लिए बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी 30 अक्टूबर को योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी कस्बे में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने किसानों के खातों में किस्त की रकम ट्रांसफर की। इस किस्त के तहत सरकार ने 18,690 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इससे देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को फायदा मिला है। योजना के पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 2,000 रुपये भेजे गए हैं। यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए ट्रांसफर की जाती है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। इसका मकसद किसानों को खेती और उससे जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक मदद देना है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
यह रकम एक साथ नहीं मिलती, बल्कि साल में तीन किस्तों में बांटी जाती है। हर चार महीने में किसानों के खाते में 2,000 रुपये भेजे जाते हैं। यानी एक साल में तीन बार 2,000-2,000 रुपये सीधे बैंक खाते में आते हैं। यह देश की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजनाओं में से एक है।
अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं और जानना चाहते हैं कि आपके खाते में 2,000 रुपये आए हैं या नहीं, तो घर बैठे ऑनलाइन पेमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। वेबसाइट के होमपेज पर आपको 'Farmers Corner' का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करने के बाद 'Know Your Status' सेक्शन में जाएं।
अब अपना पीएम किसान रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिखाया गया सिक्योरिटी कैप्चा कोड दर्ज करें। इसके बाद 'Get Data' पर क्लिक करें। यहां आपको अपनी किस्त और पेमेंट से जुड़ी जानकारी दिखाई दे जाएगी। ध्यान रखें कि पेमेंट जारी होने के बाद भी बैंक खाते में रकम दिखने में थोड़ा समय लग सकता है। अगर वेबसाइट पर जानकारी नहीं मिल रही है, तो किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 (टोल फ्री) या 011-24300606 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसान ई-मित्र चैटबॉट से भी जानकारी ले सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं। इनमें सबसे जरूरी e-KYC पूरी करना है। सरकार ने सभी रजिस्टर्ड किसानों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी है। इसके अलावा किसान का सक्रिय बैंक खाता आधार से लिंक यानी आधार सीडेड होना चाहिए। अगर किसी किसान ने ई-केवाईसी नहीं कराई है या उसका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो उसकी किस्त अटक सकती है। ऐसे किसान लाभार्थियों की सक्रिय सूची से भी बाहर हो सकते हैं।
किसान घर बैठे पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर ओटीपी के जरिए ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा पीएम किसान मोबाइल ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन यानी चेहरे की पहचान के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। जिन किसानों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होती है, वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं।
इस योजना का लाभ उन किसान परिवारों को मिलता है जिनके नाम खेती योग्य जमीन के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। सरकार के मुताबिक, जमीन के आकार की परवाह किए बिना पात्र किसान परिवार इस योजना के दायरे में आते हैं।
यहां किसान परिवार का मतलब पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों से है, जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन है। लाभार्थियों की पहचान संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के जमीन के रिकॉर्ड के आधार पर की जाती है। इसलिए किसानों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके जमीन के रिकॉर्ड, आधार और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सही हो।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख