return to news
  1. PM-KISAN: 9.44 करोड़ किसानों के खातों में जाएंगे ₹18,880 करोड़, पश्चिम बंगाल में शुरू होगी फसल बीमा योजना

पर्सनल फाइनेंस

PM-KISAN: 9.44 करोड़ किसानों के खातों में जाएंगे ₹18,880 करोड़, पश्चिम बंगाल में शुरू होगी फसल बीमा योजना

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड June 18, 2026, 18:11 IST

सारांश

PM-KISAN: 23वीं किस्त के तहत सरकार 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर करेगी। इनमें 2.18 करोड़ से अधिक महिला किसान भी शामिल हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।

PM Kisan

PM Kisan: देशभर के करोड़ों किसान कार्यक्रम से सीधे या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।

PM-KISAN: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम-किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देशभर के करोड़ों किसान कार्यक्रम से सीधे या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। 23वीं किस्त के तहत सरकार 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर करेगी। इनमें 2.18 करोड़ से अधिक महिला किसान भी शामिल हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

PM-KISAN योजना के तहत अब तक कितना पैसा मिला?

फरवरी 2019 में शुरू हुई पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। 23वीं किस्त जारी होने के बाद इस योजना के तहत किसानों को दी गई कुल राशि 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।

'PM-KISAN उत्सव दिवस' के रूप में मनाया जाएगा दिन

किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), ग्राम पंचायत, कृषि मंडियों और अन्य संस्थानों में कार्यक्रम होंगे और इस दिन को "PM-KISAN उत्सव दिवस" के रूप में मनाया जाएगा।

पश्चिम बंगाल में शुरू होगी फसल बीमा योजना

प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) और मौसम आधारित फसल बीमा योजना (RWBCIS) की शुरुआत भी करेंगे। इसका उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, मौसम की मार, कीटों और बीमारियों से होने वाले फसल नुकसान से सुरक्षा देना है।

सरकार का लक्ष्य 2026-27 में राज्य के करीब 1.10 करोड़ किसानों को बीमा कवरेज देना है। इसके तहत लगभग 30 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि और 28,140 करोड़ रुपये मूल्य की फसलों को सुरक्षा मिलेगी।

इस बार पश्चिम बंगाल के 45.35 लाख से अधिक किसानों को 907 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिलेगी। योजना शुरू होने के बाद से राज्य के किसानों को कुल 15,055 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।

कृषि क्षेत्र में बढ़ेगा डिजिटल इस्तेमाल

प्रधानमंत्री डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत पश्चिम बंगाल में एग्रीस्टैक (AgriStack) भी लॉन्च करेंगे। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जिसके जरिए किसानों को खाद वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से जुड़ी सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (NMNF) की भी शुरुआत की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना और पारंपरिक, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। वर्ष 2026-27 में पश्चिम बंगाल में 346 प्राकृतिक खेती क्लस्टर बनाए जाएंगे, जो 17,300 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करेंगे। इससे करीब 43,250 किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

चार जिलों में लागू होगी धन-धान्य कृषि योजना

प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) की शुरुआत भी करेंगे। यह योजना उन जिलों में कृषि उत्पादन बढ़ाने पर केंद्रित है जहां खेती की उत्पादकता अपेक्षाकृत कम है। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और झारग्राम जिलों को इस योजना में शामिल किया गया है। इसके तहत सिंचाई, फसल विविधीकरण, कृषि ढांचे और किसानों की वित्तीय पहुंच को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

अगला लेख