return to news
  1. म्यूचुअल फंड में लगाते हैं पैसा? हर महीने फैक्टशीट पढ़ना क्यों है जरूरी, जानिए इसके बड़े फायदे

पर्सनल फाइनेंस

म्यूचुअल फंड में लगाते हैं पैसा? हर महीने फैक्टशीट पढ़ना क्यों है जरूरी, जानिए इसके बड़े फायदे

विकास तिवारी

5 min read | अपडेटेड June 23, 2026, 15:53 IST

सारांश

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोगों के लिए फैक्टशीट को समझना बहुत जरूरी है। यह किसी फंड के रिपोर्ट कार्ड की तरह होती है, जो हर महीने एसेट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा जारी की जाती है। इसमें फंड की स्ट्रेटेजी, रिस्क प्रोफाइल और फंड मैनेजर के बारे में पूरी जानकारी मिलती है।

mutual-fund-factsheet-investment-guide

म्यूचुअल फंड में निवेश करने से पहले उसकी फैक्टशीट को अच्छे से पढ़ना और समझना जरूरी है। | Image: Shutterstock.

म्यूचुअल फंड में निवेश करना आज के समय में बहुत लोकप्रिय हो गया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस फंड में आप अपना पैसा लगा रहे हैं, उसकी पूरी हकीकत आप कैसे जान सकते हैं। इसके लिए सबसे बेहतरीन जरिया है म्यूचुअल फंड फैक्टशीट। इसे आप किसी म्यूचुअल फंड का रिपोर्ट कार्ड भी कह सकते हैं। यह फैक्टशीट एसेट मैनेजमेंट कंपनी यानी एएमसी द्वारा हर महीने जारी की जाती है। यह निवेशकों को एक नजर में यह समझने में मदद करती है कि कोई स्कीम कैसे काम कर रही है, उसका निवेश करने का तरीका क्या है और वह आपके फिनांशियल गोल्स के हिसाब से सही है या नहीं। आइए जानते हैं कि एक फैक्टशीट में कौन सी अहम जानकारियां होती हैं जिन्हें आपको देखना चाहिए।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

स्कीम की पूरी डिटेल जानना है जरूरी

फैक्टशीट के सबसे पहले हिस्से में स्कीम से जुड़ी बेसिक जानकारियां दी जाती हैं। इसमें सबसे पहले फंड का इन्वेस्टमेंट ऑब्जेक्टिव होता है, जो यह बताता है कि फंड का मुख्य लक्ष्य क्या है, जैसे लंबे समय में वेल्थ क्रिएशन या रेगुलर इनकम। इसके अलावा इसमें बेंचमार्क इंडेक्स होता है, जिससे तुलना करके आप देख सकते हैं कि फंड ने बाजार के मुकाबले कैसा परफॉर्मेंस दिया है। लॉन्च की तारीख से यह पता चलता है कि फंड कितना पुराना है, जिससे अलग अलग मार्केट साइकिल में उसके प्रदर्शन को आंका जा सके। साथ ही, इसमें एसेट्स अंडर मैनेजमेंट यानी एयूएम भी होता है, जो फंड के कुल साइज और उसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। नेट एसेट वैल्यू यानी एनएवी, मिनिमम एसआईपी इन्वेस्टमेंट और एक्सपेंस रेशियो जैसी जरूरी बातें भी इसी सेक्शन में मिलती हैं। एक्सपेंस रेशियो वह सालाना फीस होती है जो कंपनी फंड को मैनेज करने के लिए वसूलती है। कम एक्सपेंस रेशियो से निवेशकों को ज्यादा रिटर्न मिलता है। इसके अलावा इसमें एग्जिट लोड की जानकारी भी होती है, जो समय से पहले पैसे निकालने पर लगने वाली फीस है।

रिस्कमीटर और पोर्टफोलियो का कंपोजीशन

फैक्टशीट में एक रिस्कमीटर होता है जो यह दिखाता है कि उस स्कीम और उसके बेंचमार्क में रिस्क का लेवल कितना है। यह रिस्क लो, लो टू मॉडरेट, मॉडरेट, मॉडरेटली हाई, हाई और वेरी हाई जैसी 6 कैटेगरी में बटा होता है। इसके साथ ही इन्वेस्टर सूटेबिलिटी स्टेटमेंट यह साफ करता है कि यह फंड किस तरह के निवेशकों के लिए सही है।

इसके बाद सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा आता है पोर्टफोलियो कंपोजीशन का। इससे आपको पता चलता है कि फंड मैनेजर ने आपका पैसा किन कंपनियों और सेक्टर्स में इन्वेस्ट किया है। इसमें टॉप होल्डिंग्स, सेक्टर वाइज और मार्केट कैप एलोकेशन की डिटेल होती है। उदाहरण के लिए, इक्विटी फंड्स में अगर किसी फंड का 35 से 40 पर्सेंट पैसा सिर्फ बैंकिंग सेक्टर्स में लगा है, तो उसका परफॉर्मेंस पूरी तरह से बैंकिंग सेक्टर की चाल पर निर्भर करेगा। वहीं डेट फंड्स के मामले में क्रेडिट क्वालिटी और बांड एलोकेशन को देखना चाहिए। ज्यादातर एएए रेटेड बांड्स वाले फंड्स में क्रेडिट रिस्क कम होता है।

परफॉर्मेंस की समरी और क्वांटिटेटिव इंडिकेटर्स

फैक्टशीट में फंड के पिछले 1 साल, 3 साल, 5 साल और लॉन्च के समय से अब तक के परफॉर्मेंस की पूरी समरी होती है। इसके साथ ही एसआईपी रिटर्न की जानकारी भी मिलती है। केवल पिछले 1 साल का रिटर्न देखकर फैसला नहीं करना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि किसी फंड ने पिछले साल 20 पर्सेंट रिटर्न दिया हो लेकिन 5 साल में उसका सालाना रिटर्न सिर्फ 8 पर्सेंट ही रहा हो। लंबे समय के रिटर्न से फंड की निरंतरता का पता चलता है।

फंड के रिस्क और रिटर्न को बारीकी से समझने के लिए कुछ टेक्निकल इंडिकेटर्स भी दिए होते हैं। इनमें स्टैंडर्ड डेविएशन होता है जो रिटर्न के उतार चढ़ाव को मापता है। बीटा यह बताता है कि बाजार के मुकाबले फंड कितना संवेदनशील है। शार्प रेशियो से पता चलता है कि रिस्क के मुकाबले फंड ने कितना बेहतर रिटर्न दिया है। इसके अलावा पोर्टफोलियो टर्नओवर रेशियो से यह जानकारी मिलती है कि फंड मैनेजर कितनी बार पोर्टफोलियो में सिक्योरिटीज को खरीद और बेच रहा है। इंडेक्स फंड्स के लिए ट्रैकिंग एरर दिया होता है, जबकि डेट फंड्स के लिए मॉडिफाइड ड्यूरेशन, एवरेज मैच्योरिटी और यील्ड टू मैच्योरिटी जैसे इंडिकेटर्स होते हैं।

फंड मैनेजर का अनुभव और फैक्टशीट पढ़ने के फायदे

किसी भी म्यूचुअल फंड की कामयाबी काफी हद तक उसके फंड मैनेजर के इन्वेस्टमेंट फैसलों पर टिकी होती है। फैक्टशीट में फंड मैनेजर का अनुभव, उनका इस स्कीम के साथ कार्यकाल और उनके द्वारा मैनेज किए जाने वाले दूसरे फंड्स के रिटर्न की जानकारी भी होती है। बाजार के उतार चढ़ाव को देख चुके अनुभवी मैनेजर पर निवेशक ज्यादा भरोसा कर सकते हैं। हर महीने कुछ मिनट निकालकर फैक्टशीट को ध्यान से पढ़ने से आप अपने पोर्टफोलियो में होने वाले बदलावों को ट्रैक कर सकते हैं, रिस्क लेवल को समझ सकते हैं और यह आसानी से तय कर सकते हैं कि कोई स्कीम आपके फ्यूचर गोल्स के लिए सही बनी हुई है या नहीं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख