return to news
  1. दिवाली-छठ पर ट्रेन में चाहिए कन्फर्म सीट? IRCTC की इन स्मार्ट ट्रिक्स से मिनटों में बुक होगा टिकट

ट्रेंडिंग न्यूज़

दिवाली-छठ पर ट्रेन में चाहिए कन्फर्म सीट? IRCTC की इन स्मार्ट ट्रिक्स से मिनटों में बुक होगा टिकट

Upstox

4 min read | अपडेटेड September 18, 2026, 17:30 IST

सारांश

दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ की वजह से कन्फर्म टिकट पाना काफी मुश्किल हो जाता है। हालांकि आईआरसीटीसी के कुछ खास फीचर्स और सही प्लानिंग की मदद से आप वेटिंग लिस्ट की झंझट से बच सकते हैं।

how-to-get-confirm-train-ticket-

दिवाली और छठ पूजा के मौके पर ट्रेन में कन्फर्म सीट पाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स।

दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के आते ही देश भर से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। इस दौरान यात्रा की तारीख से दो महीने पहले एडवांस रिजर्वेशन बुकिंग खुलते ही कुछ ही सेकंड्स में सीटें फुल हो जाती हैं और लंबी वेटिंग लिस्ट लग जाती है। जो यात्री एडवांस बुकिंग में सीट पाने से चूक जाते हैं, उनके लिए त्योहार पर घर जाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। हालांकि अगर आप IRCTC के कुछ खास टूल्स और फीचर्स का सही तरीके से इस्तेमाल करें, तो आपको कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना कई गुना बढ़ सकती है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

मास्टर लिस्ट फीचर से बचाएं कीमती समय

बुकिंग के दौरान सबसे ज्यादा समय यात्रियों का नाम, उम्र और बाकी जानकारी भरने में खराब होता है। तत्काल बुकिंग हो या फिर जनरल एडवांस बुकिंग, कुछ ही सेकंड की देरी से टिकट वेटिंग में चला जाता है। इससे बचने के लिए IRCTC ऐप या वेबसाइट पर उपलब्ध मास्टर लिस्ट फीचर का इस्तेमाल करना चाहिए। टिकट बुकिंग शुरू होने से पहले ही अपने परिवार और दोस्तों की जानकारी मास्टर लिस्ट में सेव कर लें। ऐसा करने से बुकिंग के वक्त आपको दोबारा जानकारी टाइप नहीं करनी पड़ेगी और आप केवल एक क्लिक में पैसेंजर चुनकर आगे बढ़ सकेंगे, जिससे समय की भारी बचत होगी।

विकल्प स्कीम का करें सही इस्तेमाल

अगर आपकी टिकट बुक करते समय वेटिंग लिस्ट में चली जाती है, तो IRCTC की विकल्प स्कीम आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकती है। टिकट बुक करते वक्त विकल्प ऑप्शन को चुनना न भूलें। इस स्कीम के तहत आप अपने रूट की 7 दूसरी अल्टरनेटिव ट्रेनों को चुन सकते हैं। अगर आपकी मूल ट्रेन में सीट कन्फर्म नहीं होती है और चुनी गई दूसरी ट्रेन में सीट खाली रहती है, तो रेलवे आपको बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के उस ट्रेन में कन्फर्म सीट दे देता है। कई बार स्लीपर क्लास के यात्री को एसी क्लास में भी सीट मिल जाती है।

तत्काल और प्रीमियम तत्काल का टाइमिंग और तरीका

एडवांस बुकिंग में सीट न मिलने पर तत्काल और प्रीमियम तत्काल का विकल्प बचता है। एसी क्लास के लिए तत्काल बुकिंग सुबह 10 बजे और नॉन एसी या स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11 बजे शुरू होती है। तत्काल बुकिंग शुरू होने से करीब 5 मिनट पहले ही अपने IRCTC अकाउंट में लॉगिन कर लें। पेमेंट के लिए डेबिट या क्रेडिट कार्ड के बजाय IRCTC ई-वॉलेट या यूपीआई का इस्तेमाल करें, क्योंकि इससे पेमेंट बहुत फास्ट हो जाता है और ओटीपी का इंतजार नहीं करना पड़ता है। अगर तत्काल में भी सीटें फुल हो जाएं, तो आप प्रीमियम तत्काल का विकल्प देख सकते हैं, हालांकि इसमें किराया थोड़ा अधिक होता है।

स्पेशल ट्रेनें और रेलवे चार्ट बनने के बाद का मौका

दिवाली और छठ के दौरान भारतीय रेलवे सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चलाती है। इन स्पेशल ट्रेनों की घोषणा अक्सर त्योहार के कुछ दिन पहले होती है, इसलिए रेलवे के नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें। इसके अलावा ट्रेन छूटने से 4 घंटे पहले जब पहला चार्ट बनता है, तो कई बार कैंसिल हुई सीटों की वजह से करेंट बुकिंग में सीटें खाली हो जाती हैं। आप ट्रेन छूटने के कुछ घंटे पहले भी IRCTC पर करेंट बुकिंग ऑप्शन चेक करके कन्फर्म सीट हासिल कर सकते हैं। सही तैयारी और इन आसान तरीकों को अपनाकर आप त्योहार में बिना किसी टेंशन के कन्फर्म सीट के साथ सफर कर सकते हैं।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख