return to news
  1. IRDAI: हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम में पारदर्शिता बढ़ाने की तैयारी, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम बनाने पर भी जोर

पर्सनल फाइनेंस

IRDAI: हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम में पारदर्शिता बढ़ाने की तैयारी, रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम बनाने पर भी जोर

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड November 25, 2026, 12:56 IST

सारांश

IRDAI ने हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी अपनी IAC सब-कमेटी के तहत दो स्टडी ग्रुप बनाए हैं। इन ग्रुप्स का काम हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम और शिकायतों से जुड़े आंकड़ों के लिए एक समान नियम और सिस्टम तैयार करने की सिफारिश करना है।

Health insurance

पहला स्टडी ग्रुप यह तय करेगा कि बीमा कंपनियों के क्लेम से जुड़े किन आंकड़ों को सामने लाना चाहिए।

हेल्थ इंश्योरेंस लेने वाले लोगों को अक्सर क्लेम के दौरान कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी बीमा कंपनी क्लेम का पूरा पैसा नहीं देती, कभी कुछ रकम काट ली जाती है, तो कभी क्लेम रिजेक्ट कर दिया जाता है। कई बार पॉलिसीधारक को यह भी साफ पता नहीं होता कि उसका क्लेम किस स्टेज पर है, देरी क्यों हो रही है या अब किसे अगला कदम उठाना है। इन समस्याओं को दूर करने और हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए IRDAI ने नई पहल की है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्लेम और शिकायतों से जुड़े आंकड़ों को एक जैसा बनाने की तैयारी

इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) ने हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी अपनी IAC सब-कमेटी के तहत दो स्टडी ग्रुप बनाए हैं। इन ग्रुप्स का काम हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम और शिकायतों से जुड़े आंकड़ों के लिए एक समान नियम और सिस्टम तैयार करने की सिफारिश करना है। इससे अलग-अलग बीमा कंपनियों के क्लेम रिकॉर्ड को आसानी से समझा और उनकी तुलना की जा सकेगी।

पहला स्टडी ग्रुप यह तय करेगा कि बीमा कंपनियों के क्लेम से जुड़े किन आंकड़ों को सामने लाना चाहिए। इसमें कितने क्लेम के मुकाबले कितने क्लेम का भुगतान हुआ, कितने क्लेम सेटल हुए, कितने रिजेक्ट हुए, कितने क्लेम में कुछ रकम काटी गई और औसतन कितनी कटौती हुई, जैसे आंकड़े शामिल होंगे। इसके अलावा कैशलेस क्लेम का इस्तेमाल और क्लेम सेटल करने में लगने वाला औसत समय भी देखा जाएगा।

क्लेम रिजेक्ट या रकम काटने की वजह बतानी होगी

इस ग्रुप का एक अहम काम क्लेम रिजेक्शन, क्लेम पूरी तरह खारिज करने, क्लेम में कटौती और आंशिक भुगतान के लिए एक समान कोड और कारण तय करना भी होगा। अभी अलग-अलग बीमा कंपनियां और टीपीए (थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर) अपने हिसाब से कारणों के कोड इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पॉलिसीधारक के लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि उसका क्लेम क्यों रिजेक्ट हुआ या भुगतान में कटौती क्यों की गई।

नई व्यवस्था में कोशिश होगी कि क्लेम रिजेक्ट करने या रकम काटने की वजह स्पष्ट हो और यह भी बताया जाए कि उस वजह से कितनी रकम प्रभावित हुई। इससे ग्राहकों को क्लेम के फैसले समझने में आसानी होगी।

क्लेम की हर स्टेज की जानकारी मिल सकेगी

दूसरा स्टडी ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने वाला सिस्टम तैयार करने की सिफारिश करेगा। इसमें अस्पताल में इलाज के लिए प्री-ऑथराइजेशन से लेकर क्लेम के अंतिम भुगतान तक हर स्टेज की जानकारी उपलब्ध कराने पर विचार होगा। इस सिस्टम में क्लेम का मौजूदा स्टेटस, कौन-सी जानकारी अभी बाकी है, पॉलिसीधारक को क्या करना है और अगला कदम किसकी जिम्मेदारी है, जैसी जानकारी मिल सकेगी। हर महत्वपूर्ण गतिविधि का समय भी रिकॉर्ड किया जाएगा, ताकि क्लेम में देरी होने पर उसकी वजह पता चल सके।

इसके लिए पहले कुछ बीमा कंपनियों, टीपीए और अस्पतालों के साथ पायलट प्रोजेक्ट चलाया जाएगा। उसके बाद इसे धीरे-धीरे पूरे इंडस्ट्री में लागू करने की योजना बनाई जा सकती है। दोनों स्टडी ग्रुप 26 दिसंबर 2026 तक IRDAI को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसमें सुझाव, निष्कर्ष और इन्हें लागू करने का तरीका बताया जाएगा।

अगला लेख

End of additional stories