return to news
  1. केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 30 नवंबर तक जमा करना होगा लाइफ सर्टिफिकेट, जानें जमा करने के 6 तरीके

पर्सनल फाइनेंस

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 30 नवंबर तक जमा करना होगा लाइफ सर्टिफिकेट, जानें जमा करने के 6 तरीके

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 24, 2026, 12:45 IST

सारांश

पेंशनर्स अपने बैंक की उस ब्रांच में जाकर लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं, जहां से उनकी पेंशन आती है। इसे पेंशन डिस्बर्सिंग अथॉरिटी (PDA) कहा जाता है। बैंक में सर्टिफिकेट जमा होने के बाद उसे रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया जाता है।

Life Certificate

पेंशनर्स घर बैठे जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) पोर्टल के जरिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।

केंद्र सरकार से पेंशन पाने वाले लोगों के लिए नवंबर का महीना काफी अहम है। अगर आप केंद्रीय सरकारी पेंशनर हैं, तो आपको हर साल 30 नवंबर तक अपना एनुअल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर आपकी पेंशन का भुगतान प्रभावित हो सकता है। दरअसल, लाइफ सर्टिफिकेट के जरिए सरकार और बैंक को यह जानकारी मिलती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और आगे भी पेंशन पाने का हकदार है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग ने 26 अक्टूबर को जारी एक ऑफिस मेमोरेंडम में लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के 6 तरीके बताए हैं। खास बात यह है कि अब पेंशनर्स को इसके लिए हर बार बैंक जाने की जरूरत नहीं है। वे ऑनलाइन, मोबाइल से फेस स्कैन या घर बैठे भी अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।

लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के 6 तरीके

बैंक जाकर जमा कर सकते हैं सर्टिफिकेट

पेंशनर्स अपने बैंक की उस ब्रांच में जाकर लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं, जहां से उनकी पेंशन आती है। इसे पेंशन डिस्बर्सिंग अथॉरिटी (PDA) कहा जाता है। बैंक में सर्टिफिकेट जमा होने के बाद उसे रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया जाता है।

अधिकृत अधिकारी से साइन करवाकर जमा करें

अगर कोई पेंशनर खुद बैंक नहीं जा सकता, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। वह अपने लाइफ सर्टिफिकेट फॉर्म पर किसी अधिकृत अधिकारी से हस्ताक्षर करवा सकता है। इसके बाद कोई दूसरा व्यक्ति भी उसकी तरफ से बैंक में यह फॉर्म जमा कर सकता है।

ऐसे अधिकृत अधिकारियों में मजिस्ट्रेट, रजिस्ट्रार, सरकारी राजपत्रित अधिकारी, सब-इंस्पेक्टर या उससे ऊंचे पद के पुलिस अधिकारी, पोस्टमास्टर, RBI और SBI के पात्र अधिकारी, तहसीलदार, सांसद, विधायक, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर और ट्रेजरी ऑफिसर शामिल हैं। ग्राम पंचायत के मुखिया और जस्टिस ऑफ पीस भी इसमें शामिल हैं।

जीवन प्रमाण पोर्टल से ऑनलाइन जमा करें

पेंशनर्स घर बैठे जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) पोर्टल के जरिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इसके लिए आधार नंबर, PPO नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी देनी होती है। इसके बाद UIDAI से मान्यता प्राप्त बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए फिंगरप्रिंट से पहचान की पुष्टि करनी होती है। सफल वेरिफिकेशन के बाद एक यूनिक नंबर मिलता है, जिसे प्रमाण आईडी (Pramaan ID) कहते हैं। सर्टिफिकेट डिजिटल रूप में सेव हो जाता है और बैंक इसे ऑनलाइन देख सकता है।

स्मार्टफोन से फेस स्कैन करके जमा करें

अगर आपके पास बायोमेट्रिक डिवाइस नहीं है, तो स्मार्टफोन से भी लाइफ सर्टिफिकेट जमा किया जा सकता है। इसके लिए आधार फेस RD ऐप और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। ये ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध हैं।

ऐप में आधार और पेंशन से जुड़ी जानकारी भरने के बाद OTP से पहचान सत्यापित करनी होगी। फिर फेस स्कैन का विकल्प चुनना होगा। मोबाइल कैमरे से आपकी लाइव फोटो ली जाएगी और आधार के जरिए पहचान की पुष्टि होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट ऑनलाइन जमा हो जाएगा।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से घर बैठे सुविधा

पेंशनर्स इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की मदद से घर बैठे लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकते हैं। इसके लिए पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक (GDS) को घर बुलाया जा सकता है। वे घर आकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

IPPB के पास 1.41 लाख से ज्यादा एक्सेस पॉइंट और 1.80 लाख से ज्यादा पोस्टमैन व ग्रामीण डाक सेवकों का नेटवर्क है। इस सुविधा की जानकारी के लिए contact@ippbonline.in पर ईमेल कर सकते हैं।

PSB Alliance की डोरस्टेप बैंकिंग सुविधा

पेंशनर्स पब्लिक सेक्टर बैंकों के नेटवर्क PSB Alliance की डोरस्टेप बैंकिंग सेवा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके तहत बैंक का एजेंट घर आकर लाइफ सर्टिफिकेट लेने की प्रक्रिया पूरी कर सकता है। इसके लिए Doorstep Banking मोबाइल ऐप, PSB Alliance की वेबसाइट या टोल फ्री नंबर 9152220220 के जरिए सेवा बुक की जा सकती है। इस तरह पेंशनर्स के पास लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के कई विकल्प हैं।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories