return to news
  1. Flexi Cap Funds: 7 महीने में ₹49,915 करोड़ का निवेश, म्यूचुअल फंड की इस कैटेगरी पर क्यों बढ़ा भरोसा?

पर्सनल फाइनेंस

Flexi Cap Funds: 7 महीने में ₹49,915 करोड़ का निवेश, म्यूचुअल फंड की इस कैटेगरी पर क्यों बढ़ा भरोसा?

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 02, 2026, 15:45 IST

सारांश

'एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया' (एम्फी) के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में फ्लेक्सी-कैप फंड में निवेशक खातों की संख्या बढ़कर 2.44 करोड़ हो गई, जो जुलाई, 2025 में 1.94 करोड़ थी।

म्यूचुअल फंड

फ्लेक्सी-कैप फंड योजनाओं में जनवरी-जुलाई के दौरान 49,915 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश (Photo: Shutterstock)

फ्लेक्सी-कैप म्यूचुअल फंड योजनाओं में इस साल के पहले सात महीने (जनवरी-जुलाई, 2026) के दौरान 49,915 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले करीब 27% अधिक है। यह दर्शाता है कि निवेशक ऐसी इक्विटी रणनीतियों को अधिक पसंद कर रहे हैं, जिनमें बाजार पूंजीकरण के अलग-अलग वर्गों में निवेश का विकल्प होता है। फ्लेक्सी-कैप फंड में फंड मैनेजरों को बड़ी, मझोली और छोटी कंपनियों में परिस्थितियों के हिसाब से निवेश करने की फ्रीडम होती है। ग्लोबल ब्याज दरों में बदलाव, जियो-पॉलिटिकल घटनाक्रम, कंपनियों के मुनाफे में अंतर और ऊंचे मूल्यांकन के बीच यह लचीलापन महत्वपूर्ण है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

'एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया' (एम्फी) के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में फ्लेक्सी-कैप फंड में निवेशक खातों की संख्या बढ़कर 2.44 करोड़ हो गई, जो जुलाई, 2025 में 1.94 करोड़ थी। इस तरह एक साल में ही करीब 50 लाख निवेशक खाते बढ़ गए। इस कैटेगरी की प्रबंधन-अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) भी जुलाई, 2026 में बढ़कर करीब छह लाख करोड़ रुपये हो गईं, जो एक साल पहले 4.94 लाख करोड़ रुपये थीं।

हालांकि, जुलाई में मंथली बेसिस पर निवेश प्रवाह थोड़ा कम हुआ। फ्लेक्सी-कैप योजनाओं में जुलाई के दौरान 4,709 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ, जबकि जून में यह 5,231 करोड़ रुपये था। क्वांटम एएमसी के मुख्य निवेश अधिकारी (सीआईओ) चिराग मेहता ने कहा कि फ्लेक्सी-कैप कैटेगरी में निवेशक खातों और परिसंपत्तियों, दोनों में मजबूत वृद्धि हुई है। जुलाई में कुल शुद्ध इक्विटी निवेश में इस कैटेगरी की हिस्सेदारी 19 और पिछले 12 महीनों में 27% रही। मेहता ने कहा कि बढ़ता निवेश सिर्फ बेहतर रिटर्न की तलाश को नहीं दर्शाता है। इससे पता चलता है कि निवेशक अब किसी एक बाजार पूंजीकरण वर्ग तक सीमित रहने के बजाय कोष प्रबंधक द्वारा निवेश आवंटन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

जनवरी-जुलाई, 2025 में इस कैटेगरी में 39,187 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ था। वहीं, जनवरी-मार्च तिमाही में 24,651 करोड़ रुपये और अप्रैल-जून तिमाही में 20,555 करोड़ रुपये का निवेश आया। इस बीच, क्वांटम म्यूचुअल फंड ने क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड पेश किया है। इसका नया कोष प्रस्ताव (एनएफओ) 21 अगस्त को खुला और चार सितंबर को बंद होगा। योजना में 11 सितंबर से लगातार खरीद-बिक्री फिर शुरू होगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)
PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख